सरस में बढ़ी आयुर्वेदिक उत्पादों की डिमांड

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुरुग्राम, 13 फरवरी 2026 – ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित “सरस आजीविका मेला 2026” मेले में लखपति दीदियों द्वारा वेलेंटाइन डे को ध्यान में रखते हुए विशेष रूप से आयुर्वेदिक गिफ्ट्स तैयार किए गए हैं, जिन्हें लोगों की ओर से उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिल रही है।

हिमाचल पवेलियन में दुकान नंबर 184 की लखपति दीदी मुमताज बताती हैं कि आयुर्वेदिक गिफ्ट्स के अंतर्गत अमर बेल, लैवेंडर, नेटल और वॉलनट से बने आयुर्वेदिक साबुन, सी-बकथॉर्न ऑयल एवं क्रीम, आयुर्वेदिक शैंपू, हेयर ऑयल, लैवेंडर बाथ सॉल्ट और फेसवॉश जैसे उत्पाद विशेष रूप से उपलब्ध हैं। ये सभी उत्पाद प्राकृतिक तत्वों से निर्मित हैं और स्वास्थ्यवर्धक जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तैयार किए गए हैं।

इसके अतिरिक्त नागालैंड की लखपति दीदी पी. रायना बताती हैं कि उनके करोसिया (क्रोशिया) से बने फूल, सूखे फूलों के गुलदस्ते (बुके), सजावटी कैंडल, रोज़ और टेडी थीम डेकोर, सनफ्लावर स्टैंड कैंडल, कैंडल बुके, हैंडमेड टेडी व फूल, खादी व कॉटन फैब्रिक उत्पाद तथा हैंड एम्ब्रॉयडरी बैग तैयार किए हैं। एक असली फूल तोड़ने के बाद मुरझाने लगता है लेकिन ऊन से बने ये फूल जितनी बार धोएंगे उतनी बार नए निकलकर आयेंगे।

सरस मेला इस बार केवल उपहारों का बाजार नहीं, बल्कि आयुर्वेद और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने का एक प्रभावी मंच बनकर उभरा है, जहां लोग प्राकृतिक और स्वास्थ्यवर्धक विकल्पों को प्राथमिकता दे रहे हैं।

यह मेला ग्रामीण भारत की समृद्ध परंपराओं, हस्तशिल्प कला का एक जीता जागता उदाहरण है जहां हर एक दुकान की अपनी एक अलग कहानी है। वो दीदियां हैं जो खुद तो लखपति बनी ही, और लाखों महिलाओं को भी प्रभावित कर रही हैं।

“सरस आजीविका मेला” ग्रामीण हुनर, संस्कृति और महिला उद्यमिता का जीवंत उत्सव है, जो समाज के प्रत्येक वर्ग को प्रेरित करेगा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें