मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार से मिलकर बंधाया ढांढस, कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह भी रहे साथ
गुरुग्राम, 13 फरवरी। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को गुरुग्राम के गांव गैरतपुर बास में पहुंचकर गावड़ कंस्ट्रक्शन समूह से जुड़े राजेंद्र गावड़िया के पिता मास्टर छबीलदास श्योराण के निधन पर शोक व्यक्त किया और परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह भी उनके साथ उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि पिता का जीवन में अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान होता है। वे परिवार की नींव, मार्गदर्शक और संस्कारों के स्रोत होते हैं। उनके साये में ही संतान जीवन के मूल्यों, अनुशासन और जिम्मेदारियों को सीखती है। ऐसे में पिता के जाने के बाद जो खालीपन आता है, उसे किसी भी रूप में भरा नहीं जा सकता। इस अवसर पर राव नरबीर सिंह ने भी परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
उल्लेखनीय है कि मास्टर छबीलदास श्योराण का 5 फरवरी की सांय निधन हो गया था। वे 86 वर्ष के थे। उनका अंतिम संस्कार श्री गोरखनाथ गौशाला पंडाला में किया गया। उनके परिवार में तीन सुपुत्र—राजेंद्र गावड़िया, राकेश गावड़िया, रविंदर श्योराण—तथा एक सुपुत्री सुनीता हैं। वे मूल रूप से हिसार जिले के गांव चिड़ोद के निवासी थे।








