गुरुग्राम पुलिस की सूदखोरों पर बड़ी कार्रवाई

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जबरन वसूली व तोड़फोड़ के मामले में 2 आरोपी गिरफ्तार, थार कार बरामद

गुरुग्राम | 25 दिसंबर 2025 – गुरुग्राम पुलिस ने सूदखोरी और जबरन अवैध वसूली के एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिक ब्याज दर पर पैसे देकर पीड़ित से अवैध वसूली कर रहे थे और रकम न देने पर जान से मारने की धमकी, घर पर धावा और कार्यालय में तोड़फोड़ कर दबाव बना रहे थे।

पुलिस के अनुसार, थाना न्यू कॉलोनी गुरुग्राम में 25 दिसंबर 2025 को एक व्यक्ति ने लिखित शिकायत दी। शिकायतकर्ता ने बताया कि 3 सितंबर 2024 को उसने रणबीर नामक व्यक्ति से 10 लाख रुपये 10 प्रतिशत मासिक ब्याज दर पर उधार लिए थे। इसके बाद उसने मूलधन 10 लाख रुपये वापस कर दिया, लेकिन आरोपियों ने ब्याज के नाम पर 18 लाख रुपये की अवैध मांग बना दी। लगातार फोन कॉल कर पैसे की मांग की जा रही थी।

शिकायत में बताया गया कि 24 दिसंबर 2025 की रात आरोपियों ने धमकी भरा फोन किया और करीब रात 2 बजे 13 लोग गाड़ियों में सवार होकर शिकायतकर्ता के घर पहुंचे। आरोपियों ने डंडों से घर का दरवाजा पीटा। जब शिकायतकर्ता बाहर नहीं आया तो वे उसके कार्यालय पहुंचे और वहां शीशे तोड़कर जमकर तोड़फोड़ की। फोन पर गालियां देकर पैसे देने का दबाव बनाया गया।

प्राप्त शिकायत पर थाना न्यू कॉलोनी, गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया गया। मामले की जांच करते हुए पुलिस टीम ने जबरन वसूली में शामिल दो आरोपियों—

  1. रणबीर (उम्र 41 वर्ष)
  2. विकाश (उम्र 22 वर्ष)
    दोनों निवासी गांव मकडाना, जिला चरखी दादरी (हरियाणा) को 25 दिसंबर 2025 को गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे वर्ष 2023-24 से ब्याज पर पैसे देने का अवैध कारोबार कर रहे थे और इसी के तहत उन्होंने यह वारदात अंजाम दी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक थार कार भी बरामद की है।

फिलहाल मामले का अनुसंधान जारी है और पुलिस अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें