अटल जी का विचार प्रत्येक देशवासी के मन में जीवंत है : पंडित मोहन लाल बड़ौली

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने भाजपा जिला कार्यालय सोनीपत में अटल जी की मूर्ति का अनावरण किया

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने विभिन्न प्रकोष्ठों एवं विभागों में नियुक्त 161 कार्यकर्ताओं को नियुक्ति पत्र सौंपे

चंडीगढ़, 25 दिसंबर। भाजपा जिला कार्यालय सोनीपत में अटल बिहारी वाजपेई जी की 101वीं जयंती स्मृति दिवस के रूप में मनाई गई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया। उन्होंने सुशासन के आदर्श प्रतिमान पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी को नमन किया। श्री बड़ौली ने कहा कि अटल जी का विचार प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता के मन में जीवंत है। उन्होंने कहा कि अटल जी ने विजन के साथ देश के विकास की दिशा तय की। इस मौके पर उनके साथ जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज, खरखौदा विधायक पवन खरखौदा, सोनीपत जिला प्रभारी सतीश नांदल, सोनीपत नगर निगम के मेयर राजीव जैन विशेष रूप से उपस्थित रहे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि स्वयं में एक संस्था थे। वे संघर्षशील, परिश्रमी और अद्वितीय राजनीतिक सूझबूझ के धनी नेता थे। पूर्व प्रधानमंत्री अटल जी ने देश को नई दिशा देने का कार्य किया। अटल जी एक उच्च कोटि के वक्ता होने के साथ-साथ महान कवि भी थे, जिनकी कविताएं आज भी देशवासियों को प्रेरणा देती हैं।

श्री बड़ौली ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी ऐसे एकमात्र नेता थे, जिन्होंने विपक्ष में रहते हुए भी वर्ष 1977 में संयुक्त राष्ट्र महासभा में भारत का प्रतिनिधित्व किया। उनके योगदान और संघर्षों से प्रेरित होकर देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अटल जी की जयंती को सुशासन दिवस के रूप में पूरे देश में मनाने का निर्णय लिया, ताकि प्रत्येक भारतीय उनकी जीवनशैली और विचारधारा से परिचित हो सके। यह दिवस आज ब्लॉक, मंडल, जिला, प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर मनाया जा रहा है।

अटल जी की मूर्ति अनावरण के बाद हुई बैठक में श्री बड़ौली ने सोनीपत जिले के विभिन्न प्रकोष्ठों एवं विभागों में नियुक्त किए गए 161 कार्यकर्ताओं को नियुक्ति पत्र भी सौंपे। इस दौरान श्री बड़ौली ने नायब सैनी सरकार की नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में “बिना पर्ची-बिना खर्ची”, “सबका साथ, सबका विकास” के मूल मंत्र पर सरकार कार्य कर रही है, जिससे समाज के हर वर्ग में पार्टी के प्रति विश्वास और सम्मान बढ़ा है।

बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा भी प्रस्तुत की गई। साथ ही बताया गया कि प्रदेश स्तर पर घोषित कार्यक्रमों में सोनीपत जिला लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा है। हाल ही में पंचकूला में आयोजित अटल बिहारी वाजपेई स्मृति रक्तदान शिविर में भी सोनीपत जिले ने सर्वाधिक रक्तदान कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से देवेंद्र कौशिक, सुमित्रा चौहान, जिला महामंत्री तरुण देवीदास, नीरज कुमार, जिला मीडिया प्रभारी दिनेश अत्री भी मौजूद रहे।

*पंडित मोहन लाल बड़ौली ने गांव मुकीमपुर में विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन व शिलान्यास किया*

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने सोनीपत के गाँव मुकीमपुर में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जी की 100वीं जयंती के अवसर पर विभिन्न विकास कार्यों के उद्घाटन व शिलान्यास किया। ग्रामवासियों ने श्री बड़ौली का हृदय से स्वागत किया और फूल-माला व अभिनंदन से सम्मानित किया। इस अवसर पर गाँव के लोग और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की विरासत को ध्यान में रखते हुए नायब सैनी सरकार विकास कार्यों को तेज गति से करा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में नायाब सरकार ग्रामीण विकास और नागरिक सुविधा के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें