विधायक आदित्य सुरजेवाला ने विधानसभा में उठाया हरियाणा के मनरेगा मजदूर और सफाई कर्मचारियों का मुद्दा!
कहा: भाजपा सरकार मेहनतकश, गरीब, शोषित, किसान, मजदूरों से इतनी नफरत क्यों करती है?

चंडीगढ़:22 दिसंबर 2025 – कैथल से कांग्रेस विधायक आदित्य सुरजेवाला ने विधानसभा में कहा कि मेहनतकश और गरीब के अधिकार छिनना ही भाजपा सरकार का असली मकसद है। आदित्य सुरजेवाला सोमवार को विधानसभा सदन में शून्य काल के दौरान मनरेगा पर चर्चा कर रहे थे। विधायक आदित्य सुरजेवाला ने कहा कि जिस मनरेगा कानून को यूपीए सरकार ने गरीबों के लिए बनाया था,उसकी दिन-दिहाड़े हत्या हो रही है। SC, ST, OBC और समाज के अन्य वर्गों के गरीब मेहनतकशों को सामाजिक न्याय से वंचित किया जा रहा है। भाजपा सरकार द्वारा साल 2015 से ही मनरेगा को खत्म करने की साजिश हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 फरवरी 2015 को ही कहा था कि मनरेगा कांग्रेस की नाकामियों का जीता जागता स्मारक है।
विधायक आदित्य सुरजेवाला ने कहा कि लोकसभा में विकसित भारत- रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) (VB – GRAMG) दिल को “राम राज्य” लाने वाला बिल बताया गया जबकि यह वास्तव में गरीबों के अधिकार छिनने वाला बिल है!
सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा सरकार राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के विचारों का दमन कर रही है। महात्मा गांधी जी श्रम को ही पूजा मानते थे और श्रमिक को भगवान का दर्जा देते थे। इसलिए भाजपा सरकार ने करोड़ों लोगों का रोजगार काम छिनने से पहले महात्मा गांधी जी का नाम हटाया। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ग्राम स्वराज में विश्वास रखते थे और ग्राम पंचायत, ग्राम सभा के अधिकारों की मजबूती के पक्षधर थे। भाजपा सरकार द्वारा ले गए नए बिल ने पंचायती राज के हितों पर कुठाराघात कर केंद्र सरकार को सारी शक्तियां दे दी।
विधायक आदित्य सुरजेवाला ने हरियाणा का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में 8 लाख मजदूर मनरेगा के तहत रजिस्टर्ड है परंतु केवल 2000 लोगों को ही 100 दिन का काम मिला। यह आधे प्रतिशत से भी कम दर है। उन्होंने भाजपा सरकार के 125 दिन के काम देने के वादे को भी झूठा करार देते हुए कहा कि जब केंद्र सरकार मनरेगा में 100% फंडिंग कर रही थी तब केवल आधे प्रतिशत को काम मिला,अब 40% राज्यों की हिस्सेदारी होने पर गरीबों को काम मिलने का वादा मिथ्या है। उन्होंने कहा कि हरियाणा प्रदेश पर 3 लाख करोड़ से ज्यादा का कर्ज है,ऐसी परिस्थिति में गरीबों को काम देने की बात करना केवल भ्रामिक प्रचार है।
विधायक आदित्य सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा सरकार केवल गरीबों के हितों पर ही प्रहार नहीं कर रही, हरियाणा के शोषण, अनुसूचित, वंचित वर्ग की रोजी-रोटी पर भी हमला कर रही है। अकेले कैथल के सफाई कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर 2 महीने से धरने पर है। हरियाणा सरकार ने पिछले 11 सालों से नए स्थाई सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति नहीं की है। ठेकेदारी प्रथा को खत्म करने के वादे के साथ सत्ता में आई हरियाणा भाजपा सरकार ठेकेदारों के माध्यम से ही गरीबों के पेट पर लात मार रही है और उनका शोषण कर रही है। उन्होंने भाजपा सरकार से ठेकेदारी प्रथा को तुरंत बंद करने की मांग की और कहा कि सरकार हटाए गए 160 सफाई कर्मियों को वापिस बहाल कर सफाई कर्मचारियों की नई स्थाई भर्ती करें।
उन्होंने भाजपा सरकार को चेताते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने जो गांधी के राम और करोड़ों मजदूर रूपी भगवानों को जो घाव दिए हैं, समय आने पर देश का करोड़ों गरीब, मेहनतकश,शोषित वर्ग भाजपा सरकार को सबक जरूर सिखाएगा।







