वीर बाल दिवस पर “सफ़र-ए-शहादत” लाइट एंड साउंड शो

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

24 दिसंबर को एसजीटी यूनिवर्सिटी में होगा आयोजन : सीटीएम सपना यादव

गुरुग्राम, 22 दिसंबर। श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के साहिबज़ादों के अतुलनीय बलिदान को नमन करते हुए हरियाणा सरकार द्वारा वीर बाल दिवस के अवसर पर एक विशेष लाइट एंड साउंड मंच प्रस्तुति “सफ़र-ए-शहादत” का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम बुधवार, 24 दिसंबर को प्रातः 11 बजे एसजीटी यूनिवर्सिटी के ऑडिटोरियम में आयोजित होगा।

कार्यक्रम की जानकारी देते हुए सीटीएम सपना यादव ने बताया कि “सफ़र-ए-शहादत” सिख इतिहास के शौर्य, त्याग और आस्था से भरे स्वर्णिम अध्यायों को भावनात्मक और प्रेरणादायी स्वरूप में प्रस्तुत करता है। यह प्रस्तुति श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के सर्वोच्च बलिदान से आरंभ होकर चमकौर दी गढ़ी की ऐतिहासिक घटनाओं के माध्यम से आगे बढ़ती है और अंत में साहिबज़ादा बाबा जोरावर सिंह जी एवं साहिबज़ादा बाबा फतेह सिंह जी की शहादत पर केंद्रित होती है।

उन्होंने बताया कि एलईडी विज़ुअल्स, प्रभावशाली ध्वनि व प्रकाश संयोजन, एनीमेशन और वीएफएक्स तकनीक के माध्यम से इन ऐतिहासिक घटनाओं को मंच पर जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। लगभग एक घंटे की यह प्रस्तुति प्रामाणिक ऐतिहासिक कथानक और आधुनिक मंच तकनीक का उत्कृष्ट समन्वय है, जो दर्शकों को एक सिनेमाई अनुभव प्रदान करेगी।

सीटीएम सपना यादव ने कहा कि इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य युवा पीढ़ी को साहिबज़ादों के अदम्य साहस, दृढ़ आस्था और सर्वोच्च बलिदान के मूल्यों से परिचित कराना है, ताकि वे इन आदर्शों से प्रेरणा ले सकें। प्रस्तुति की पटकथा प्रामाणिक सिख ऐतिहासिक स्रोतों के अनुरूप तैयार की गई है, जिससे इसकी गरिमा और ऐतिहासिक शुद्धता बनी रहे।

इस लाइट एंड साउंड शो का निर्देशन प्रख्यात रंगमंच कलाकार तलविंदर सिंह भुल्लर कर रहे हैं, जिन्होंने पूर्व में भी देशभर में सिख इतिहास पर आधारित अनेक चर्चित और सराहनीय मंच प्रस्तुतियों का सफल निर्देशन किया है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!