रिटायर्ड कर्मचारी संघ हरियाणा का धरना, पेंशन विधेयक व आठवें वेतन आयोग को लेकर रोष

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुरुग्राम | 17 दिसंबर 2025 – अखिल भारतीय राज्य सरकार रिटायर्ड कर्मचारी फेडरेशन के आह्वान पर आज रिटायर्ड कर्मचारी संघ हरियाणा, जिला गुरुग्राम (रजि. नं. 0196) के बैनर तले उपायुक्त कार्यालय के समक्ष रिटायर्ड कर्मचारियों ने धरना प्रदर्शन किया। धरने की अध्यक्षता जिला प्रधान कंवर लाल यादव ने की।

धरने को संबोधित करते हुए राज्य ऑडिटर धर्मपाल यादव ने कहा कि यह धरना पूरे देश में आयोजित किया जा रहा है, क्योंकि वर्तमान भारत सरकार ने संसद में वित्त विधेयक पारित कर पुराने पेंशनर्स को आठवें वेतन आयोग के लाभ से वंचित कर दिया है। इससे रिटायर्ड कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है।

जिला उपप्रधान जय सिंह पूनिया ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा पत्र जारी किए जाने के बावजूद रिटायर्ड कर्मचारियों को अब तक कैशलेस इलाज की सुविधा नहीं दी जा रही है, जो गंभीर चिंता का विषय है।

सीटू के जिला प्रधान सुरेश नोहरा ने कहा कि वर्तमान केंद्र सरकार घोर मजदूर विरोधी नीतियाँ अपना रही है। सभी श्रम कानूनों को समाप्त कर चार श्रम संहिताएं लागू करना मजदूरों को गुलाम बनाने की साजिश है।

धरने के पश्चात रिटायर्ड कर्मचारियों की मांगों को लेकर एक ज्ञापन उपायुक्त द्वारा भेजे गए नायब तहसीलदार को सौंपा गया।

मुख्य मांगें इस प्रकार हैं:
  1. पेंशन विधेयक 2025 को तुरंत वापस लिया जाए।
  2. रिटायर्ड कर्मचारियों को आठवें वेतन आयोग के सभी लाभ पूर्व की भांति दिए जाएं।
  3. कम्यूट की गई राशि की कटौती सभी राज्यों में अधिकतम 11 वर्ष तक ही की जाए।
  4. कोरोना काल में रोके गए 18 माह के महंगाई भत्ते (डीए) का एरियर ब्याज सहित दिया जाए।
  5. 65 वर्ष की आयु में 10% तथा 75 वर्ष की आयु में 20% मूल पेंशन में वृद्धि की जाए।
  6. रिटायर्ड कर्मचारियों को सभी सरकारी व पैनल अस्पतालों में मुफ्त इलाज दिया जाए तथा मेडिकल भत्ता ₹3000 प्रतिमाह किया जाए।
  7. रेलवे एवं हवाई यात्रा में पहले की तरह किराए में छूट बहाल की जाए।
  8. न्यायालयों के सभी लाभकारी निर्णय सभी योग्य रिटायर्ड कर्मचारियों व पेंशनर्स पर लागू किए जाएं।
  9. मजदूर विरोधी चारों श्रम संहिताओं को समाप्त किया जाए।
  10. सभी विभागों में रिक्त पदों पर स्थायी नियुक्तियां की जाएं।
  11. निजीकरण की नीति पर तत्काल रोक लगाई जाए।
  12. पुरानी पेंशन योजना (OPS) लागू की जाए।

धरने को गुरुग्राम ब्लॉक प्रधान विक्रम सिंह यादव, फर्रुखनगर प्रधान भीम सिंह, सोहना से हिम्मत खान, रविंद्र शर्मा, पटौदी सचिव ताराचंद, सर्व कर्मचारी संघ जिला प्रधान बसंत कुमार, सुशील शर्मा, सूबे सिंह, बैंक कर्मचारी सुभाष चंद्र, इंद्र सिंह मेहरा तथा शिव दयाल सैनी ने भी संबोधित किया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें