27 से 29 दिसंबर तक ताऊ देवीलाल स्टेडियम में होगा सांसद खेल महोत्सव 2025 का भव्य आयोजन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

आज से शुरू हुई पंजीकरण प्रक्रिया 22 दिसंबर तक रहेगी जारी : उपनिदेशक गिरिराज सिंह

ग्रामीण–शहरी युवाओं की प्रतिभा को मंच देने और ‘फिट इंडिया’ को सशक्त बनाने पर रहेगा विशेष फोकस

गुरुग्राम, 15 दिसंबर। सांसद खेल महोत्सव 2025 के सफल आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। खेल विभाग के उपनिदेशक गिरिराज सिंह ने बताया कि सांसद खेल महोत्सव का आयोजन 27 से 29 दिसंबर 2025 तक किया जाएगा, जिसका शुभारंभ केंद्रीय मंत्री एवं स्थानीय सांसद राव इंद्रजीत सिंह द्वारा किया जाएगा। इस महोत्सव में गुरुग्राम संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गुरुग्राम, रेवाड़ी एवं नूंह जिलों के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ी भाग लेंगे।

गिरिराज सिंह ने बताया कि खिलाड़ियों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया 15 दिसंबर से 22 दिसंबर तक जारी रहेगी, जिसके लिए इच्छुक प्रतिभागी निम्न लिंक पर पंजीकरण कर सकते हैं—
https://hudle.in/pages/sansad-khel-mahotsav-2025 उन्होंने बताया कि खेल महोत्सव के दौरान एथलेटिक्स, कबड्डी (एनएस), फुटबॉल, वॉलीबॉल, हॉकी, कुश्ती, बॉक्सिंग, आर्चरी, जूडो एवं जिम्नास्टिक सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिससे खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

खेल स्थलों की जानकारी देते हुए उपनिदेशक ने बताया कि ताऊ देवीलाल खेल स्टेडियम गुरुग्राम में एथलेटिक्स एवं बॉक्सिंग, राव तुलाराम खेल स्टेडियम में कबड्डी (एनएस) एवं फुटबॉल, अहीर कॉलेज रेवाड़ी में फुटबॉल, नेहरू खेल स्टेडियम सिविल लाइन गुरुग्राम में वॉलीबॉल, जूडो, जिम्नास्टिक एवं हॉकी, जबकि डीएवी पुलिस लाइन नूंह में कुश्ती प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।

गिरिराज सिंह ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव ‘फिट इंडिया’ अभियान और ‘खेलो इंडिया’ की भावना को मजबूती प्रदान करेगा। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें आगे बढ़ाने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ताऊ देवीलाल स्टेडियम में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ महोत्सव का भव्य शुभारंभ होगा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!