देश के सभी खिलाडिय़ों, विशेषकर बेटियों के लिए सच्ची प्रेरणा स्त्रोत है मीनाक्षी हुड्डा : बोरिस वेंडर बोरस्ट
विश्व मुक्केबाजी कप की गोल्डन गर्ल मीनाक्षी हुड्डा का सम्मान

चंडीगढ़ (जतिन/राजा) : देश में हाल ही में संपन्न हुए विश्व मुक्केबाजी कप में भारत का परचम लहराने वाली स्वर्ण पदक विजेता मीनाक्षी हुड्डा की उपलब्धि का जश्न अब भी जारी है। बॉक्सिंग जगत की कई नामचीन हस्तियां और पदाधिकारी मीनाक्षी को उनकी ऐतिहासिक जीत पर बधाई देने उनके रोहतक स्थित निवास पर पहुंचे व शहीद बतून सिँह स्टेडियम देखने भी गए। इस दौरान न केवल मीनाक्षी को सम्मानित किया गया, बल्कि उन्हें भविष्य में हर संभव मदद का भरोसा भी दिलाया गया।

मीनाक्षी हुड्डा के रोहतक आवास पर पहुुंचने वाले प्रतिनिधिमंडल में अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर के कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे। इनमें मुख्य रूप से शामिल थे। जिनमें वर्ल्ड बॉक्सिंग के पूर्व अध्यक्ष बोरिस वेंडर बोरस्ट, नो गर्ल्स -नो ग्लोरी फाउंडेश की निदेशिका इंगबोर्ग, बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के कार्यकारी निदेशक अरूण मलिक व सभी अतिथियों ने मीनाक्षी से मुलाकात कर उनकी मेहनत और लगन की सराहना की। सम्मान स्वरूप अतिथियों ने मीनाक्षी को एक उच्च गुणवत्ता वाली बॉक्सिंग किट भी भेंट की।
बता दे कि मीनाक्षी हुड्डा ने विश्व मुक्केबाजी कप-2025 में 48 किलोग्राम भार वर्ग में अपने शानदार प्रदर्शन से सभी को चौंका दिया था। फाइनल मुकाबले में उनका सामना उज्बेकिस्तान की मजबूत मुक्केबाज फोजिलोवा फरजोना से हुआ था। मीनाक्षी ने यह मुकाबला एकतरफा अंदाज में 5-0 से जीतकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया था। उनकी यह जीत देश के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।


मुलाकात के दौरान वर्ल्ड बॉक्सिंग के पूर्व अध्यक्ष बोरिस वेंडर बोरस्ट और अन्य पदाधिकारियों ने कहा कि मीनाक्षी हुड्डा भारतीय मुक्केबाजों, विशेषकर युवा लड़कियों के लिए एक सच्ची प्रेरणा हैं। उन्होंने कहा कि जब मीनाक्षी जैसी बेटियां अपने हुनर को पहचानकर आगे बढ़ती है तथा उपलब्धि हासिल करती है तो मात्र वे ही उपलब्धि हासिल नहीं करती, बल्कि बहुत सी अन्य बेटियों को भी अपने सपनों की उड़ान भरने के लिए प्रेरित करती है। नो गर्ल्स-नो ग्लोरी फाउंडेशन की निदेशिका इंगबोर्ग ने मीनाक्षी के जज्बे को सलाम करते हुए कहा कि उनकी सफलता यह साबित करती है कि सही मंच और मेहनत से कुछ भी हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आज बेटियां ना केवल शिक्षा, बल्कि खेलों में भी उपलब्धि हासिल कर रही है, जो कि उनके उनकी प्रतिभा, जज्ब व मेहनत का प्रमाण है। सभी पदाधिकारियों ने मीनाक्षी को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और विश्वास दिलाया कि वे उन्हें आगे बढऩे के लिए हमेशा प्रोत्साहित करते रहेंगे और हर कदम पर उनका सहयोग करेंगे।
बता दें कि दो दिन पहले है मीनाक्षी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में सम्मानित भी किया था। इस सफलता मे जितनी मेहनत उसकी स्वयं की है, उतनी ही मेहनत मीनाक्षी के कोच विजय हुड्डा की भी है। कोच विजय हुड्डा के नेतृत्व में ही मीनाक्षी अपनी खेल प्रतिभा को बेहतरीन ढ़ंग से निखार पाई है तथा आज राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय पटल पर देश व परिजनों को गौरवांवित कर रही है।







