स्वदेशी अपनाने से ही आत्मनिर्भर बनेगा भारत : पंडित मोहन लाल बड़ौली

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय जींद में हर घर स्वदेशी अभियान को लेकर भाजयुमो की मॉक पार्लियामेंट का आयोजन

चंडीगढ़, 10 दिसंबर। भाजपा सरकार स्वदेशी अपनाने को लेकर देशव्यापी मुहिम चला रही है। स्वदेशी अभियान को जनजागरण बनाने के उद्देश्य से भारतीय जनता युवा मोर्चा नें जींद विश्वविद्यालय में मॉक पार्लियामेंट का आयोजन किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने युवा मोर्चा द्वारा आयोजित मॉक पार्लियामेंट में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने युवा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि देशहित में चल रहे देशव्यापी स्वदेशी अभियान में हमें महत्वपूर्ण भूमिका निभानी है। हमें खुद भी स्वदेशी अपनाना है और लोगों को भी स्वदेशी उत्पाद खरीदने के लिये जागरुक करना है, इससे ही हमारा प्रदेश, हमारा भारत समृद्ध होगा। उन्होंने कहा कि सिर्फ हर दिन की खरीददारी में ही नहीं, बल्कि तकनीक से लेकर हर क्षेत्र में स्वदेशी को बढ़ावा देना है।

श्री बड़ौली ने कहा कि भाजपा युवा मोर्चा का आत्मनिर्भर भारत विषय पर आयोजित “स्वदेशी बनाम विदेशी” मॉक पार्लियामेंट का आयोजन उत्साह, जोश और राष्ट्रभावना से परिपूर्ण रहा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने कहा कि युवाओं ने स्वदेशी उत्पादों के महत्व, आत्मनिर्भर भारत की ओर बढ़ते देश के सशक्त कदमों तथा राष्ट्रहित में सजग और जागरूक उपभोक्ता बनने जैसे महत्वपूर्ण संदेशों को अत्यंत प्रभावशाली, तर्कपूर्ण और रचनात्मक रूप में प्रस्तुत किया है जोकि सराहनीय है।

भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा और संयोजक कैप्टन योगेश बैरागी के निर्देशन में आयोजित ’मॉक पार्लियामेंट’ में जींद के आसपास के 14 जिलों के युवा कार्यकर्ताओं नें पक्ष और विपक्ष की भूमिका निभाकर स्वदेशी अपनाने को लेकर गंभीर चर्चा करने के बाद यह संकल्प लिया कि समाज में स्वदेशी को लेकर जनजागरुकता अभियान चलायेंगे। कुछ कार्यकर्ताओं नें जहां हर घर स्वदेशी अभियान के पक्ष में मजबूती से अपनी बात रखी, वहीं विपक्ष की सांकेतिक भूमिका भी इस विषय पर सकारात्मक रही।

भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा नें बड़ी संख्या में आये युवाओं से आह्वान किया कि केंद्रीय और प्रादेशिक नेतृत्व द्वारा शुरू किये गये इस अभियान को युवा ही गति प्रदान कर सकते हैं, यह काम देशहित में हमें समाज में जाकर बखूबी करना है।

कार्यक्रम के संयोजक भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष कैप्टन योगेश बैरागी नें मुख्य अतिथि प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली, भाजयुमो अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा समेत सभी अतिथियों का स्वागत करते हुये कहा कि आत्मनिर्भर भारत ही भविष्य के सशक्त भारत का पहला कदम है। इसीलिये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सैनी इस अभियान को प्रमुखता दे रहे हैं। ऐसे में हम सभी युवाओं की इस अभियान को जनअभियान बनाने की ज़िम्मेदारी है। कार्यक्रम में आये अन्य वक्ताओं नें भी स्वदेशी अपनाने की पैरवी की।
आत्मनिर्भर भारत को लेकर हुई इस महत्वपूर्ण ’मॉक पार्लियामेंट’ में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष के अलावा भाजयुमो प्रदेश महामंत्री योगेश जठेड़ी, विश्वविद्यालय के कुलपति रामपाल सैनी, बीजेपी जिलाध्यक्ष तेजिंदर ढुल समेत 14 जिलों के भाजयुमो पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें