भारत के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत 6 दिसंबर को भौंडसी कारागार में आईटीआई का करेंगे शुभारंभ

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

आयोजन की तैयारियों को लेकर डीसी अजय कुमार ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक

विभागीय समन्वय से कार्यक्रम को सफल बनाना हमारी प्राथमिकता है : डीसी

गुरुग्राम, 3 दिसंबर। भौंडसी कारागार में स्थापित नव-निर्मित आईटीआई के आगामी 6 दिसंबर को होने वाले शुभारंभ कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को डीसी अजय कुमार ने लघु सचिवालय में प्रशासनिक, पुलिस व जिला कारागार अधिकारियों के साथ बैठक कर सभी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डीसी अजय कुमार ने स्पष्ट कहा कि भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत के इस महत्वपूर्ण दौरे को देखते हुए सभी विभाग अपने-अपने दायित्व समयबद्ध तरीके से पूर्ण करें। उन्होंने कारागार परिसर में आईटीआई, स्किल डेवलपमेंट सेंटर, निर्माण सदन और अन्य स्थलों पर किए जा रहे प्रबंधों की प्रगति रिपोर्ट ली और अधिकारियों को कहा कि किसी भी स्तर पर कोताही ना बरते।

उन्होंने कार्यक्रम से जुड़े सुरक्षा प्रबंध, वाहनों की आवाजाही, मुख्य अतिथि के रूट प्लान, प्रवेश व्यवस्था, स्वागत प्रोटोकॉल, मीडिया प्रबंधन और कार्यक्रम स्थल की सज्जा जैसे सभी बिंदुओं पर संबंधित विभागों को स्पष्ट जिम्मेदारी सौंपी।

कारागार अधीक्षक विवेक चौधरी ने बैठक में बताया कि मुख्य न्यायाधीश जिला कारागार में आईटीआई व स्किल डेवलपमेंट सेंटर का अवलोकन करने के बाद आरटीसी, भोंडसी में आयोजित सेमिनार को संबोधित करेंगे। सभी स्थानों पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

डीसी अजय कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यक्रम के दिन सभी व्यवस्थाएं समन्वित रूप से संचालित हों और मुख्य अतिथि सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों के आगमन, आवागमन, सुरक्षा, बैठक व्यवस्था तथा स्वागत प्रोटोकॉल में किसी प्रकार की कमी न रहे। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय बनाए रखते हुए अपने-अपने दायित्व समय पर पूरा करें तथा कार्यक्रम के दौरान सभी व्यवस्थाएं सहज, व्यवस्थित और मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं।

बैठक में डीसीपी हेडक्वार्टर डॉ अर्पित जैन, डीसीपी ट्रैफिक राजेश मोहन, एडीसी वत्सल वशिष्ठ, कारागार अधीक्षक विवेक चौधरी, बादशाहपुर के एसडीएम संजीव सिंगला, गुरुग्राम के एसडीएम परमजीत चहल, डीसीपी हितेश यादव, नगर निगम गुरुग्राम के संयुक्त आयुक्त विशाल एवं रविंद्र मलिक, जीएमसीबील के संयुक्त सीईओ रविंद्र कुमार, मानेसर के एसडीएम दर्शन यादव, सोहना के एसडीएम अखिलेश, सीटीएम सपना यादव, डीआईपीआरओ बिजेंद्र कुमार, डीएचबीवीएन से एसई मनोज यादव, पीडब्ल्यूडी के कार्यकारी अभियंता चरणदीप राणा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें