आत्मनिर्भर भारत के विजन पर भाजपा ने बुलाई बैठक, कैथल में मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश प्रभारी सहित तमाम बड़े नेता रहेंगे मौजूद
स्वदेशी के मूलमंत्र को हर व्यक्ति तक पहुंचाना है : पंडित मोहन लाल बड़ौली


चंडीगढ़, 3 दिसंबर। भारतीय जनता पार्टी आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत स्वदेशी जागरण अभियान को जन-जन का अभियान बनाने में जुटी है। भाजपा की 7 दिसंबर को कैथल में बड़ी बैठक होने जा रही है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और प्रदेश के प्रभारी डा. सतीश पूनिया, संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा भी मुख्य रूप से शामिल होंगे। बैठक में संगठनात्मक विषयों के साथ-साथ आत्मनिर्भर भारत अभियान को और तेज गति देने पर मंथन होगा। इसी दिन कैथल से स्वदेशी अभियान को जन-जन का संकल्प बनाने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आत्मनिर्भर भारत संकल्प रथ यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत विजन को साकार करने में जुटा है। 7 दिसंबर को कैथल में होने वाली बैठक में आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान को और तेज गति देने पर चर्चा की जाएगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान रथ यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे। इस अवसर पर प्रदेश के प्रभारी डा. सतीश पूनिया भी मौजूद रहेंगे।
उन्होंने कहा कि हमें आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान को जन-जन की आवाज बनाना है। स्वदेशी के मूलमंत्र को हमें हर भारतीय तक पहुंचाना है। श्री बड़ौली ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य हर व्यक्ति में स्वदेशी की भावना का संचार करना, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना और स्वावलंबन की भावना को सशक्त करना है।
श्री बड़ौली ने कहा कि इस बैठक में सरकारी योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचाने के विषय पर भी चर्चा होगी। सरकार की जनकल्याण की योजनाओं से कोई पात्र व्यक्ति ना छूटे इसकी योजना रचना पर भी चर्चा की जाएगी। श्री बड़ौली ने कहा कि पीएम मोदी के आह्वान पर देश में आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी अपनाने का अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान को हरियाणा में घर-घर तक पहुंचाना और लोगों को प्रेरित करने के उद्देश्य से भाजपा का अभियान लगातार जारी है।
मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि स्वदेशी अभियान एक राष्ट्र व्यापी अभियान है। स्वदेशी को जन आंदोलन बनाना है और नागरिक के जीवन से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि स्वदेशी वस्तुओं की मांग बढ़ने से देश के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम और हमारे कारीगर सशक्त होंगे। मेक इन इंडिया पहल को बढ़ावा मिलेगा। युवाओं के रोजगार के नए-नए अवसर खुलेंगे।
भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी अरविंद सैनी ने कहा कैथल में 7 दिसंबर को होने वाली बैठक काफी महत्वपूर्ण होने वाली है। इस बैठक मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली के अलावा संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, सभी जिलों के जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, मोर्चो व प्रकोष्ठों के अध्यक्ष, प्रदेश पदाधिकारी, सभी मंडलों के अध्यक्ष और आत्मनिर्भर भारत अभियान के संयोजक शामिल होंगे।
अरविंद सैनी ने कहा कि बैठक में वर्तमान में चल रहे अभियानों की समीक्षा होगी और कार्यकर्ताओं को आगामी कार्यक्रमों को लेकर जरूरी संगठनात्मक दिशा निर्देश भी दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान कैसे जन-जन का अभियान बने इस पर विस्तार पूर्वक चर्चा होगी। चल रहे अभियानों को लेकर जिन-जिन पदाधिकारियों को जो जिम्मेदारियां मिली हुई हैं उनसे वन-टू-वन चर्चा होगी और कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा भी की जाएगी। अरविंद सैनी ने कहा कि इस बैठक में मुख्य फोकस स्वदेशी अभियान को घर-घर तक पहुंचाने पर रहेगा।









