सैनी समाज धर्मशाला पहुंचे, भोजन की गुणवत्ता का किया निरीक्षण
अप्रिय घटना में दो विद्वानजन घायल, पूर्व राज्यमंत्री ने उठाया संपूर्ण चिकित्सा खर्च

कुरुक्षेत्र, 22 मार्च: हरियाणा के पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि शनिवार सुबह केशव पार्क में 1008 कुंडीय जनकल्याण शिव शक्ति महायज्ञ में शामिल होने पहुंचे श्रद्धालुओं और सुरक्षा कर्मियों के बीच अचानक हुई अप्रिय घटना में दो विद्वानजन गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने घोषणा की कि घायलों के संपूर्ण उपचार का खर्च वे स्वयं वहन करेंगे और उनकी हरसंभव सहायता सुनिश्चित की जाएगी।
अस्पताल पहुंचे, घायलों से की मुलाकात
पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा घायलों का कुशलक्षेम पूछने के लिए अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने गोली लगने से घायल विद्वानजन आशीष तिवारी और चोटिल विद्वानजन प्रिंस शुक्ला से मुलाकात की। उन्होंने घायलों को ढांढस बंधाते हुए आश्वासन दिया कि चिकित्सा सुविधा में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी और उन्हें सर्वोत्तम उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और चिकित्सकों को निर्देश दिया कि घायलों को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं दी जाएं, ताकि वे जल्द स्वस्थ हो सकें। साथ ही, उन्होंने प्रशासन से भी इस घटना की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
भोजन की गुणवत्ता का किया निरीक्षण
अस्पताल से लौटने के बाद पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने सैनी समाज धर्मशाला में श्रद्धालुओं के लिए बनाए जा रहे भोजन की गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने स्वयं भोजन चखकर उसकी गुणवत्ता की जांच की और संतोष जताया। हालांकि, उन्होंने भोजन तैयार करने वाले संचालकों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ, पौष्टिक और उत्तम गुणवत्ता वाला भोजन उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।
महायज्ञ पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेगा
पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने स्पष्ट किया कि केशव पार्क में चल रहा 1008 कुंडीय जनकल्याण शिव शक्ति महायज्ञ अपने निर्धारित शेड्यूल के अनुसार जारी रहेगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से बड़े पैमाने पर इस धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होने और विश्व कल्याण के लिए हवन यज्ञ में आहुति देने की अपील की।
“श्रद्धालुओं की सेवा और सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। महायज्ञ में शामिल होने वाले हर व्यक्ति की सुविधा और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाएगा।” – सुभाष सुधा