कांग्रेस के पार्षद प्रत्याशियों को संगठन में दिया जाएगा स्थान: जितेंद्र बघेल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

-ऐप के माध्यम से जन-जन तक पहुंचेंगे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े व राहुल गांधी के संदेश

-कांग्रेस ने अहम बैठक करके निगम चुनावों को लेकर लिया फीडबैक

गुरुग्राम। नगर निगम चुनाव की फीडबैक को लेकर सोमवार को यहां कमान सराय स्थित कांग्रेस भवन में अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं हरियाणा कांग्रेस कमेटी के सहप्रभारी जितेंद्र बघेल ने की।

इस दौरान जिला प्रभारी करण सिंह दलाल, सहप्रभारी अशोक बुवानीवाला, ठाकुर राजाराम, शहरी संयोजक पंकज डावर, ग्रामीण संयोजक विरेंद्र यादव, मेयर प्रत्याशी सीमा पाहुजा, मानेसर मेयर प्रत्याशी नीरज यादव,मोहित ग्रोवर,पर्ल चौधरी, सुधीर चौधरी,सोहना से जवाहर लाल, अधिवक्ता सूबे सिंह यादव, पीसीसी डेलिगेट पंकज भारद्वाज, रोहताश बेदी,मनीष खटाना समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में हरियाणा कांग्रेस कमेटी के सहप्रभारी जितेंद्र बघेल व अन्य पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं, प्रत्याशियों से निगम चुनाव पर फीडबैक लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन अनुशासित संगठन है। यहां हर कार्यकर्ता को खुलकर अपनी बात रखने का अधिकार है। ऐसे अधिकार अन्य किसी संगठन में नहीं देखे जा सकते। उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनाव में सभी ने पूरी शिद्दत से काम किया। सभी कार्यकर्ता दिन-रात लगे रहे। उन्होंने इस बैठक में घोषणा की कि जितने भी पार्षद प्रत्याशी कांग्रेस की ओर से चुनाव मैदान में उतारे गए, उन्हें संगठन में अहम स्थान दिया जाएगा। संगठन के लिए सभी ने मजबूती से काम किया है। साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की ओर से पीसीसी ऐप लांच की जा रही है। इस ऐप पर राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े व राहुल गांधी के संदेश जन-जन तक पहुंचाए जाएंगे। संगठन की मजबूती के लिए और आमजन के बीच संदेश प्रचारित किये जाएंगे।

जिला प्रभारी करण सिंह दलाल ने बैठक में कहा कि कांग्रेस संगठन की मजबूती के लिए हम सबको मिलकर काम करना है। निकट भविष्य में और भी कई कार्य शुरू किए जाएंगे। कार्यकर्ताओं को फील्ड में संगठन के लिए काम करने को प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता का भारतीय जनता पार्टी से मोहभंग है। सभी को पता है कि भाजपा ने सत्ता किस तरह से हासिल की है। हमें जनता के बीच जाकर भाजपा की कारगुजारियों को उजागर करना है।

सहप्रभारी अशोक बुवानीवाला ने कहा कि कांग्रेस ने नगर निगम चुनाव भी पूरी मजबूती से लड़ा है। चुनाव को पूरी योजना से लड़ा गया। अलग-अलग टीमें बनाकर फील्ड में उतारी गई। उन्होंने कहा कि भाजपा की मेयर प्रत्याशी और कांग्रेस की मेयर प्रत्याशी में तुलना करके देखें तो कांग्रेस ने शिक्षित और अनुभवी प्रत्याशी मैदान में उतारी। भाजपा की प्रत्याशी एक गृहिणी हैं। उन्हें प्रशासनिक व्यवस्था की कोई जानकारी नहीं है। फिर भी गुडग़ांव पर उन्हें थोंपने का काम भाजपा ने किया है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!