हरियाणा पर इस समय क़र्ज़ ₹3,17,982 करोड़, हर साल मूल +ब्याज ₹60,000 करोड़ देना पड़ रहा!

चंडीगढ़, 05 मार्च 2025 – हरियाणा का बजट सत्र 7 मार्च से शुरू हो रहा है लेकिन हरियाणा प्रदेश में “वित्तीय आपातकाल” के हालत हैं। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस महासचिव व सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने बजट शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री नायब सैनी व भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि क्या मुख्यमंत्री नायब सैनी और भाजपा सरकार के पास कोई सोच, दृष्टि, रास्ता या हल है, या फिर सिर्फ मसखरी में वित्तीय आपातकाल जैसी इस गंभीर समस्या को उड़ा दिया जाएगा?
सुरजेवाला ने वित्तीय समस्या का जिक्र करते हुए भाजपा सरकार से सवाल पूछते हुए कहा कि भाजपा की नीति है क़र्ज़ लो और घी पियो। हरियाणा प्रदेश का सालाना बजट ₹1,89,876 करोड़ है। हरियाणा पर इस समय क़र्ज़ है ₹3,17,982 करोड़। हर साल मूल +ब्याज ₹60,000 करोड़ देना पड़ रहा है। यानि बजट का 1/3 हिस्सा तो मूल +ब्याज में जाना है और इस साल कितने हज़ार करोड़ क़र्ज़ और लेंगे, क्योंकि पिछले बजटों को देखें तो हर साल होने वाले कामों का 35% तो क़र्ज़ उठा कर किया जाता है।
उन्होंने कहा कि इसीलिए ख़ुद मोदी सरकार के “नीति आयोग” ने “फिस्कल हेल्थ इंडेक्स 2025” जारी कर वित्तीय प्रबंधन व आर्थिक कुशलता में 18 राज्यों में हरियाणा की नायब सैनी सरकार को 14 वें नंबर पर फिसड्डी माना है। हरियाणा अब बिहार और यू.पी से भी पिछे है।
किसी भी राज्य में तरक्की के काम “पूंजीगत खर्च”, यानि “कैपिटल एक्सपेंडिचर” से ही किये जा सकते हैं। मोदी सरकार के नीति आयोग ने दो बातें और बताई है। पहली, हरियाणा में “कैपिटल एक्सपेंडिचर” जीएसडीपी (GSDP) का मात्र 1.4% है। दूसरी, हरियाणा सरकार बजट में तो दावा करती है कि वो बजट का 30% “कैपिटल एक्सपेंडिचर” पर खर्च करेगी पर असलियत में ये केवल 9% है। तो कहाँ से तरक्की होगी और कौन तरक्की करेगा, बस चुटकले सुना कर ही मुख्यमंत्री नायब सैनी सरकार चला रहे हैं ।
उन्होंने कहा कि इसीलिए तो हरियाणवियों की आय बढ़ाने, रोज़गार देने, फैक्ट्री व उद्योग लगाने की बजाय हरियाणा के 2.80 करोड़ लोगों में से 2 करोड़ लोग गरीबी रेखा से नीचे हैं और बीपीएल की श्रेणी में हैं। भाजपा का नारा है:- न रोज़गार, न काम,न तरक्की, न उद्योग-धंधों का लो नाम, बस 5 किलो अनाज लो और विकास को “विश्राम”।
सुरजेवाला ने कहा कि ये कुछ पहलू हैं, जल्द और चुनौतियों और सवालों के साथ लौटेंगे। हरियाणा और हरियाणवियों के हित में नायब सैनी सरकार और भाजपा की जबाबदेही माँगते रहेंगे।