केंद्रीय मंत्री व भाजपा के वरिष्ठ नेता मनोहर लाल जी का निकाय चुनाव में दूसरे दिन भी प्रचार अभियान जारी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मेयर के लिए नेक इंसान व सही पार्टी को चुने: मनोहर लाल

भाजपा सरकार ने भाई-भतीजावाद, भ्रष्टाचार को समाप्त किया, मैरिट पर युवाओं को नौकरी दी : मनोहर लाल

मानेसर/गुरुग्राम, 27 फरवरी। मानेसर नगर निगम के भाजपा मेयर प्रत्याशी सुंदर लाल यादव के समर्थन में जनसभा करने पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि नेक इंसान को चुने, लेकिन बदमाश को ना चुने। उन्होंने कहा कि नगर निगम में शुद्ध और सात्विक लोगों को ही चुनकर भेजना है। मनोहर लाल ने कहा कि मानेसर नगर निगम का यह पहला चुनाव है, इसलिए भाजपा के सभी प्रत्याशियों को विजय दिलवाकर ट्रिपल इंजन की सरकार बनाएं। मनोहर लाल ने भाजपा सरकार के 10 सालों की उपलब्धियां भी गिनवाई और कांग्रेस पार्टी पर निशाना भी साधा। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह, विधायक बिमला चौधरी, भाजपा जिला अध्यक्ष कमल यादव, पूर्व विधायक सत्य प्रकाश जरावता आदि उपस्थित रहे।

मनोहर लाल ने कहा कि मानेसर नगर निगम को सभी की सहमति से बनाया गया था। उन्होंने कहा कि जनता ने लगातार तीन बार हरियाणा में भाजपा की ही सरकार बनाई। जनता को भाजपा में कोई ना कोई अच्छी बात तो लगती है, इसलिए भाजपा बार-बार चुनाव जीत रही है। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले प्रदेश में भाई भतीजावाद चरम पर था। कानून व्यवस्था बिगड़ी हुई थी। मेरा घर, मेरा परिवार, लूटो और खसूटों का वातावरण बना हुआ था। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार और भाई भतीजावाद से छुटकारा दिलाया और प्रदेश में कानून का शासन स्थापित किया।

विपक्ष के नेताओं पर निशाना साधते हुए मनोहर लाल ने कहा कि दूसरी पार्टी के नेता गुरुग्राम को पैसों की “खान” समझते थे। सप्ताह में चक्कर लगाते रहते थे। कांग्रेस के समय नौकरियां बिकती थी। हमारी सरकार ने सुशासन व्यवस्था लागू की। युवाओं को बिना पर्ची – बिना खर्ची के नौकरी दी। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भाजपा ही ऐसी पार्टी है जिसने हरियाणा में तीसरी सरकार बनाई है। मनोहर लाल ने कहा कि अब कांग्रेस की हालत खराब है। उन्होंने मानेसर के लोगों से अपील करते हुए कहा कि इस नवगठित निगम में ट्रिपल इंजन की सरकार बनाकर विकास को गति देनी है।

मानेसर के विकास के लिए ट्रिपल इंजन की सरकार जरूरी : राव नरबीर सिंह

कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने भी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि नगर निगम को किस दिशा में लेकर जाना है यह फैसला आप लोगों ने करना है। 10 वर्षों से केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार है। आप लोगों ने जिस इच्छा और उम्मीद से भाजपा की सरकार बनाई है उसी हिसाब से काम हो रहे हैं। उन्होंने लोगों को सतर्क करते हुए कहा कि आप लोगों ने अगर दूसरा मेयर बना दिया तो आपका विकास रूक जाएगा। मानेसर के विकास के लिए ट्रिपल इंजन की सरकार जरूरी है। राव नरबीर ने कहा कि यह शरीफ लोगों का इलाका है। कोई गुंडा मेयर बन जाएगा उसे हम बर्दाश्त नहीं करेंगे। अपने बच्चों के भविष्य के बारे में सोचना और भाजपा मेयर प्रत्याशी सुंदर लाल को वोट देकर ट्रिपल इंजन की सरकार बनाना है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!