गुरुग्राम में भाजपा की मेयर प्रत्याशी का सोसाइटियों में विरोध करके आइना दिखा रहे मतदाता: करण दलाल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

-बोले, 10 साल में गुरुग्राम की बर्बादी के लिए जनता में है रोष

-सोसाइटी के लोगों पर कार्रवाई की बात कहकर प्रशासन बीजेपी की मदद कर रहा है

-डीसी के खिलाफ चुनाव आयोग में कांग्रेस करेगी शिकायत

गुरुग्राम। कांग्रेस के गुरुग्राम जिला प्रभारी करण सिंह दलाल ने कहा कि नगर निगम चुनाव में प्रचार के दौरान भाजपा की मेयर प्रत्याशी को सोसाइटियों में घुसने नहीं दिया जा रहा। लोग खुलकर उनका विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 10 साल से भाजपा के कुशासन से त्रस्त जनता भाजपा को आइना दिखाने का काम कर रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि जिला उपायुक्त आरडब्यूए के खिलाफ कार्रवाई की बात कहकर एक तरह से भाजपा की मदद कर रहे हैं। कांग्रेस की ओर से हरियाणा चुनाव आयोग को शिकायत भेजी जा रही है।

करण दलाल ने कहा कि भाजपा अपने गिरेबान में झांककर देखे कि गुरुग्राम समेत पूरे हरियाणा में सिर्फ झूठे दावों के अलावा क्या किया गया है। अपने चुनावी घोषणा पत्र में भी कांग्रेस के घोषणा पत्र को शामिल करके भाजपा खुद ही यह स्वीकार कर रही है कि 10 साल में कुछ काम नहीं किए गए। काम करने के ढकोसले भाजपा करती रही। ना शहरों में सफाई हो पाई। कोई शहर गंदगी से मुक्त नहीं हो पाया। कूड़ा उठाने के लिए लगाई गई कंपनी के साथ मिलकर भाजपा ने भ्रष्टाचार किया। गुरुग्राम को गंदगी के ढेर पर लाकर खड़ा कर दिया। प्रबंधन के नाम से सरकार कुछ भी काम नहीं कर पाई। करण दलाल ने कहा कि सरकार और नगर निगम की विफलता के कारण ही आज भाजपा की मेयर प्रत्याशी मतदाताओं के बीच नहीं जा पा रही हैं।

मेयर प्रत्याशी ऐसी हैं जिन्हें शहर की भौगोलिक परिस्थिति तक का ज्ञान नहीं है। एक तरह से गुरुग्राम पर ऐसी प्रत्याशी थोपने का काम भाजपा ने किया है। हालांकि जनता चुनाव में उन्हें हराकर अपनी दिक्कतों का बदला लेने जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की मेयर प्रत्याशी को सोसाइटियों में आरडब्ल्यूए प्रचार तक करने की अनुमति नहीं दे रहे। उन्हें सोसाइटी की दहलीज लांघने नहीं दी जा रही। यह अपने आप में बहुत बड़ा विरोध है। जनता में बगावत के सुर नजर आने लगे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा से त्रस्त जनता यह हकीकत एक दिन तो भाजपा के सामने लेकर ही आती। इसकी शुरुआत अभी से हो गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा की नैतिक हार तो यहां हो चुकी है। चुनाव में हार 2 मार्च को वोटिंग के बाद 12 मार्च को गिनती के साथ हो जाएगी। कांग्रेस की सीमा पाहुजा रिकॉर्ड मतों से विजय हासिल करेगी। जनता का सहयोग और समर्थन भरपूर मिल रहा है। 20 साल के राजनीतिक अनुभव के साथ सीमा पाहुजा मेयर बनकर गुरुग्राम को चार चांद लगाएंगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!