रेवाड़ी, गुरुग्राम, 21 फरवरी 2025 – स्वयंसेवी संस्था ‘ग्रामीण भारत’ के अध्यक्ष वेदप्रकाश विद्रोही ने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से आह्वान किया है कि वे आपसी मतभेद भुलाकर नगर निकाय चुनावों में एकजुटता से लड़ें और भाजपा को शिकस्त दें। उन्होंने कहा कि भाजपा का सत्ता अहंकार हरियाणा के शोषित, वंचित, पिछड़े, दलित और गरीब वर्गों के लिए घातक सिद्ध हो रहा है, जिसे हराने के लिए कांग्रेस को पूरी ताकत लगानी होगी।

विद्रोही ने कहा कि हरियाणा विधानसभा चुनावों में कांग्रेस पहले ही समन्वय की कमी के कारण जीती बाजी हार चुकी है। कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी और असंगठित रणनीति के चलते ही भाजपा एक बार फिर सत्ता पर काबिज हो गई है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि लगातार तीसरी बार सत्ता में आने के बाद भाजपा नेताओं का स्वेच्छाधारी और अहंकारी रवैया चरम पर पहुंच चुका है, जिससे आमजन को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।

भाजपा को कमजोर करने का सुनहरा अवसर

विद्रोही ने कहा कि भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए नगर निकाय चुनाव कांग्रेस के लिए एक बड़ा अवसर है। उन्होंने बताया कि हरियाणा में भाजपा की सबसे बड़ी ताकत शहरी क्षेत्र हैं, जहां वह मजबूत पकड़ रखती है। ऐसे में यदि कांग्रेसजन नगर निकाय चुनावों में भाजपा को पराजित करने में सफल होते हैं, तो हरियाणा की सत्ता से भाजपा की विदाई का रास्ता भी स्वतः तैयार हो जाएगा

ग्रामीण क्षेत्रों में भाजपा पहले से ही कमजोर है, और लगातार तीसरी बार सरकार बनने के बाद भी वहां पार्टी के खिलाफ आक्रोश बढ़ रहा है। ऐसे में कांग्रेस को शहरी क्षेत्रों में भाजपा को कड़ी टक्कर देकर उसे कमजोर करने का प्रयास करना चाहिए

जनहित को प्राथमिकता दें कांग्रेस नेता

विद्रोही ने कांग्रेस नेतृत्व से अपील करते हुए कहा कि व्यक्तिगत स्वार्थ और आंतरिक कलह को त्यागकर, जनहित को प्राथमिकता दें और भाजपा के खिलाफ मजबूती से संघर्ष करें। उन्होंने कहा कि कांग्रेसजन आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट संघर्ष करें, जिससे भाजपा को कमजोर किया जा सके और हरियाणा में लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की जा सके।

विद्रोही ने जोर देकर कहा कि नगर निकाय चुनावों में भाजपा को पराजित करना समय की मांग है, ताकि राज्य में बढ़ते सत्ता अहंकार को तोड़ा जा सके और आम जनता को राहत मिल सके।