विधान सभा का प्रबोधन कार्यक्रम संपन्न ………

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने जनप्रतिनिधियों से किया अपनी ताकत पहचानने का आह्वान

चंडीगढ़, 15 फरवरी – हरियाणा विधान सभा की ओर से आयोजित दो दिवसीय प्रबोधन कार्यक्रम शनिवार को संपन्न हो गया। अंतिम दिन राज्य सभा के उप-सभापति हरिवंश, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण, गुजरात विधान सभा अध्यक्ष शंकर भाई चौधरी, हिमाचल प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, हरियाणा सरकार में संसदीय कार्य मंत्री महिपाल ढांडा, पूर्व सांसद डॉ.सत्यपाल सिंह, राज्यसभा के संयुक्त सचिव डॉ. राघव प्रसाद दास, लोकसभा के पूर्व संयुक्त सचिव रविन्द्र गारिमेला, केंद्रीय संसदीय मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव डॉ. सत्यप्रकाश ने विभिन्न विषयों पर जानकारी दी।

समापन समारोह को संबोधित करते हुए विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि दो दिन में बहुत से संवाद हुए हैं। इस दौरान विशेषज्ञों ने बताया कि जनप्रतिनिधियों का आचरण कैसा होना चाहिए। उन्होंने उत्तर प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना द्वारा दिए उदाहरण का उल्लेख करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों का आचरण मर्यादा के अनुसार होना चाहिए।

कल्याण ने कहा कि जनप्रतिनिधि चुने जाने के बाद हमें बेहतर कानून बनाने का संकल्प लेना चाहिए। विधायी कामकाज ही हमारी ताकत है। इस सिलसिले में उन्होंने हाथी का उदाहरण देते हुए कहा कि इतने विशालकाय प्राणी को अपनी ताकत का अंदाजा नहीं होता। हम सभी को अपनी ताकत का अनुमान होना चाहिए। उन्होंने विधायकों से अध्ययन करने का भी आह्वान किया। पूरे प्रदेश का बजट पास करने से लेकर खर्चों पर निगरानी ऐसी बहुत सी शक्तियां हैं, जो संविधान ने जनप्रतिनिधियों को दी है।

उन्होंने कहा कि नियमों के हिसाब से अपनी बात रखनी चाहिए। कल्याण ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वन नेशन-वन लेजिस्लेशन का सपना देखा है। इससे देश के संसदीय तंत्र में गुणात्मक सुधार होगा। डिजिटल प्लेटफार्म विकसित होने से सभी प्रदेश एक दूसरे के विधायी कामकाज की जानकारी आपस में साझा कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि हरियाणा इस दिशा में काफी आगे बढ़ चुका है। इस दिशा में आप सभी के सहयोग की जरूरत है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!