-गुरुग्राम निगम चुनाव प्रबंधन के लिए कांग्रेस ने 36 वार्डों को चार जोन में बांटा

-हर जोन में नियुक्त किया गया है एक-एक इंचार्ज  

-चारों जोन इंचार्ज अपने स्तर पर वार्ड वाइज टीम बनाएंगे

-कांग्रेस के विधानसभा शहरी व ग्रामीण कॉर्डिनेटर चारों जोन में समन्वय करेेंगे

-शनिवार को जारी की जाएगी मेयर व पार्षद प्रत्याशियों की सूचीे

गुरुग्राम। नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी सक्रिय है। मजबूती से चुनाव लड़ते हुए चुनाव जीतने का लक्ष्य लेकर कांग्रेस काम कर रही है। शुक्रवार को निगम चुनाव में टिकटों को लेकर पार्टी की हाई पावर कमेटी की बैठक हुई। बैठक में टिकट आवंटन पर घंटों मंथन किया गया। साथ ही गुरुग्राम नगर निगम के 36 वार्डों को कांग्रेस ने चार जोन में बांटा है। हर जोन में 9 वार्ड शामिल किए हैं। चारों जोन में एक-एक इंचार्ज की नियुक्ति की गई है। शनिवार को मेयर व पार्षद प्रत्याशियों की सूची जारी की जाएगी। यह जानकारी कांग्रेस के जिला सह-प्रभारी अशोक बुवानीवाला ने दी।    

साथ ही उन्होंने कहा कि शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा, प्रदेश अध्यक्ष उदयभान, गुडग़ांव जिला प्रभारी करण सिंह दलाल, सहप्रभारी प्रफुल्ल पटेल, सहप्रभारी जितेंद्र बघेल, सहप्रभारी राजा राम, सहप्रभारी रोहताश बेदी, पूर्व मंत्री सुखबीर कटारिया, पंकज डावर, वर्धन यादव, पर्ल चौधरी, जयदीप धनखड़, विरेंद्र यादव, शमसुद्दीन के बीच बैठक में प्रत्याशियों के लिए आवेदन पर चर्चा की। शनिवार तक मेयर व पार्षद उम्मीदवारों की घोषणा कर दी जाएगी। अशोक बुवानीवाला ने कहा कि हर चुनाव की तरह नगर निगम का चुनाव भी कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण है। जमीनी स्तर पर तैयारियों को आगे बढ़ाते हुए नगर निगम गुरुग्राम को चार जोनों में बांटकर इंचार्ज नियुक्त कर दिए गए हैं। बुवानीवाला के मुताबिक 1 से 9 वार्ड तक जोन-1 में बादशाहपुर से विधानसभा चुनाव मे प्रत्याशी रहे वर्धन यादव को इंचार्ज बनाया गया है। वार्ड-10 से 18 तक के दूसरे जोन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रदीप जेलदार को इंचार्ज, वार्ड 19 से 27 तक तीसरे जोन में गुरुग्राम विधानसभा से प्रत्याशी रहे मोहित ग्रोवर को इंचार्ज और वार्ड-28 से 36 तक तीसरे जोन में पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री सुखबीर सिंह कटारिया को इंचार्ज बनाकर चुनावी तैयारियों की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा कांग्रेस के गुडग़ांव विधानसभा शहरी कॉर्डिनेटर पंकज डावर व ग्रामीण कॉर्डिनेटर विरेंद्र सिंह यादव (बिल्लू) चारों जोन में समन्वय स्थापित करने का काम करेंगे।  

अशोक बुवानीवाला ने कहा कि जोन इंचार्ज स्वयं ही वार्ड वाइज इंचार्ज बनाकर चुनावी प्रक्रिया को आगे बढ़ाएंगे। वे प्रत्याशियों के साथ सामंजस्य बिठाने के साथ-साथ जनता के बीच जाकर भी काम करेंगे। जनहित के मुद्दों पर जनता की राय लेंगे। जनता की तकलीफों को सुनेंगे। कांग्रेस पार्टी का एजेंडा जनता के बीच सांझा करेंगे। कांग्रेस के चुनावी घोषणा पत्र में जनता की समस्याओं के आधार पर ही बिंदुओं को शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार की विफलताओं को भी जनता के बीच सांझा किया जाएगा। सरकार द्वारा लगातार की जा रही महंगाई को लेकर भी बात की जाएगी। कांग्रेस का हर कार्यकर्ता लोगों को यह समझाने का काम करेगा कि भाजपा झूठे वायदे करके सत्ता हासिल करने काम करती है। सत्ता मिलने के बाद जनता से दूरी बना लेती है। इसलिए निगम चुनाव में भाजपा के खिलाफ मतदान करके कांग्रेस के पार्षद और मेयर का चुनाव किया जाए। अशोक बुवानीवाला ने यह भी कहा कि टिकटों पर भी मंथन किया जा रहा है। पार्षद और मेयर की टिकटों की जल्द ही घोषणा कर दी जाएगी। क्योंकि नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। जल्द ही टिकट घोषित करके नामांकन किए जाएंगे।  

error: Content is protected !!