नगर निकाय चुनाव में जीरो पर आउट होगी कांग्रेस : पंडित मोहन लाल बड़ौली

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

माहौल भाजपा के पक्ष में, ट्रिपल इंजन की सरकार बनाने का मन बना चुकी जनता : मोहन लाल बड़ौली

इंतजार की घड़िया खत्म, जल्द जारी होगी भाजपा प्रत्याशियों की सूची – बड़ौली

चंडीगढ़, 14 फरवरी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि नगर निकाय चुनाव में कांग्रेस दिल्ली की तरह जीरो पर ही आउट हो जाएगी। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी का हरियाणा में कोई वजूद नहीं है। भाजपा कार्यालय कर्ण कमल करनाल में पत्रकारों से बातचीत करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हरियाणा में भाजपा के पक्ष में माहौल है और जनता ट्रिपल इंजन की सरकार बनाने का मन बना चुकी है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि भाजपा नगर निकाय चुनाव के लिए तैयार है और शीघ्र ही उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सभी नगर निगमों के मेयर और पार्षदों के चुनाव सिंबल पर लड़ेगी। नगरपरिषद के वार्ड और चेयरमैन के चुनाव भी सिंबल पर लड़ा जाएगा। श्री बड़ौली ने कहा कि कुछ नगरपालिकाओं के चुनाव सिंबल पर लड़ा जाए या नहीं इसकी जिम्मेदारी हमने लोकल लीडरशिप को ही दी है, हालांकि कुछ नगरपालिकाओं के चेयरमैन के चुनाव पार्टी सिंबल पर लड़ेगी।

एक सवाल पर बोलते हुए श्री बड़ौली ने कहा कि चुनाव कोई भी हो भाजपा सदैव तैयार रहती है। भाजपा जमीन से जुड़ी हुई पार्टी है और सेवा भाव से देश और प्रदेश में काम करती है। सेवा ही संगठन के मूलमंत्र पर हमारे कार्यकर्ता लगातार जन सेवा के कार्यों में जुटे हैं। एक अन्य सवाल पर उन्होंने कहा कि चुनाव में कमल का फूल ही भाजपा का उम्मीदवार है और हमारे कार्यकर्ता कमल के फूल को जिताने के लिए ही कार्य करते हैं। श्री बड़ौली ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से ही लोगों को गुमराह करती आई है। चुनाव आयोग ने जो व्यवस्था की है उसी के हिसाब से जनता वोट करेगी।

एक अन्य सवाल पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 2014 में सरकार बनने के बाद भाजपा ने गायों के संरक्षण और सुरक्षा के लिए कानून में संशोधन किया है। भाजपा सरकार ने ही गौशालाओं का बजट बढ़ाने का काम किया। नंदीशालाएं भी प्रदेश में बनाई जा रही है। प्रधानमंत्री मोदी के अमेरिका दौरे पर पूछे गए सवाल पर श्री बड़ौली ने कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पीएम मोदी का अमेरिका में जोरदार स्वागत किया है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत के 140 करोड़ लोगों का मान और सम्मान पूरी दुनिया में बढ़ा है। हमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर गर्व है जिनके नेतृत्व में नए भारत का निर्माण हो रहा है और देश तेजी से तरक्की की राह पर आगे बढ़ रहा है।

इस मौके पर जिला कार्यकारी जिलाध्यक्ष बृज गुप्ता, जिला प्रभारी भारत भूषण जुआल, निवर्तमान मेयर रेणु बाला गुप्ता, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य कृष्ण गर्ग, हरियाणा के पूर्व उद्योग मंत्री शशि पाल मैहता, पूर्व विधायक रमेश कश्यप, जिला उपाध्यक्ष ईलम सिंह, जिला महामंत्री सुनील गोयल, जिला मीडिया प्रभारी डा अशोक कुमार, कर्ण मंडल अध्यक्ष नवीन बत्रा, शहरी मंडल अध्यक्ष मोहन लोधी, रामनगर मंडल अध्यक्ष मोहित सचदेवा, अर्बन मंडल अध्यक्ष गौरव खुराना सहित अन्य कई प्रमुख कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!