करोड़ों की कीमत का अवैध गाँजा मकान में छुपाकर रखने के मामले में फरार चल रहा 20 हजार रुपयों का ईनामी आरोपी गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

उड़ीसा से जुड़े है गिरफ्तार तस्कर के तार

गुरुग्राम पुलिस द्वारा अगस्त-2024 में एक बन्द मकान से किया गया था 762 किलो 150 ग्राम अवैध गांजा बरामद।

गुरुग्राम : 13 फरवरी 2025 – दिनांक 05.08.2024 को अपराध शाखा डीएलएफ फेज-4, गुरुग्राम की पुलिस टीम को अपने विश्वसनीय सूत्रों के माध्यम से एक सूचना गांव नानू खुर्द, पटौदी (गुरुग्राम) में एक मकान में अवैध नशीला पदार्थ होने के संबंध में प्राप्त हुई। सूचना पर कार्यवाही करते हुए अपराध शाखा डीएलएफ फेज-4, गुरुग्राम की पुलिस टीम बताए गए स्थान पर पहुंची, जहां पर बताए गए मकान में ताला लगा हुआ था। जिस पर पुलिस टीम द्वारा मकान मालिक राम सिंह से उसके घर गांव दौलताबाद कुनी, पटौदी में जाकर संपर्क किया गया, जिसने लिखित माध्यम से कहा कि पुलिस टीम मकान की खुद ही तलाशी ले ले। जिस पर पुलिस टीम द्वारा गांव के सरपंच, चौकीदार, ड्यूटी मजिस्ट्रेट के सामने मकान का ताला तोड़कर चेक किया गया तथा वीडियोग्राफी की गई। इस दौरान पुलिस टीम द्वारा उपरोक्त मकान से पॉलिथीन व बंडलों में 762 किलो 150 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया।

पुलिस टीम द्वारा अवैध गांजा बरामद करने उपरान्त पुलिस थाना पटौदी, गुरुग्राम में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अभियोग अंकित किया गया।

उप-निरीक्षक ललित कुमार, प्रभारी अपराध शाखा मानेसर, गुरुग्राम तथा अपराध शाखा सिकंदरपुर, गुरुग्राम की पुलिस टीमों ने संयुक्त कार्यवाही करते हुए उपरोक्त अभियोग में कार्यवाही करते हुए फरार चल रहे 20 हजार रुपए के इनामी आरोपी/बदमाश को दिनांक 12.02.2025 को मथुरा से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान देशराज निवासी गांव कुनी दौलताबाद, गुरुग्राम के रूप में हुई।

आरोपी से पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि पुलिस टीम द्वारा उपरोक्त अभियोग में बरामद किए गए गांजा को यह उड़ीसा से ट्रक में भरकर लेकर आया था तथा अपने बंद मकान में छुपाकर रखा था। पुलिस से बचने के लिए आरोपी अलग-अलग स्थानों पर छिपता फिर रहा था, लेकिन पुलिस द्वारा फिर भी इसको काबू करके गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस टीम द्वारा बरामद किए गए गांजे की अनुमानित कीमत 2 करोड़ रुपये ज्ञात हुई थी। आमतौर पर गाँजा का नशा करने वाले लोगों को गाँजा तस्करों/बेचने वालों द्वारा पुड़िया बनाकर बेचा जाता है, जिनके अनुसार बरामद किए उपरोक्त गाँजे की कीमत और अधिक हो जाती है। गुरुग्राम पुलिस द्वारा अवैध गाँजा की इतनी बड़ी खेप पकड़कर गाँजा की तस्करी करने वालों पर कड़ा प्रहार किया था। यह गाँजा विभिन्न स्थानों पर सप्लाई होने से पहले ही गुरुग्राम पुलिस द्वारा इस गाँजे को बरामद करके गाँजा तस्करों के विरुद्ध एक बड़ी कार्यवाही की थी।

आगामी पूछताछ के लिए आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश करके 08 दिन के पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया गया है। पुलिस हिरासत रिमांड के दौरान पुलिस टीम द्वारा बरामद गाँजा से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी एकत्रित की जाएगी। पुलिस टीम द्वारा की जा रही कार्यवाही में जो भी तथ्य समक्ष आएंगे उनके अनुसार अभियोग में नियमानुसार आगामी कार्यवाही की जाएगी। अभियोग का अनुसंधानाधीन जारी है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!