मुख्य सचिव विवेक जोशी ने गुरुग्राम के विकास से जुड़ी विभिन्न विभागीय परियोजनाओं की ली समीक्षा बैठक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

– *गुरुग्राम का विकास हरियाणा व केंद्र सरकार की प्राथमिकता, अधिकारी बेहतर समन्वय के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरी करवाएं विकास परियोजनाएं : मुख्य सचिव*

– *मुख्य सचिव ने कहा, गुरुग्राम प्रदेश की आर्थिक उन्नति का महत्वपूर्ण स्तम्भ, जिला के विकास से जुड़ी परियोजनाओं में भविष्य की जरूरतों का रखा जाए विशेष ध्यान*

*एसपीआर के अपग्रेडेशन पर भी हुई चर्चा, कंसल्टेंट की नियुक्ति के लिए आमंत्रित टेंडरों का किया जा रहा है तकनीकी मूल्याकंन*

*मई माह के अंत तक साफ हो जाएगा बंधवाड़ी साइट का लिगेसी वेस्ट*

गुरुग्राम, 01 फरवरी। गुरुग्राम में विभिन्न विभागों से जुड़ी विकास परियोजनाएं बेहतर समन्वय के साथ तय समय में पूरी हो व आगामी विकास परियोजनाओं में भविष्य की जरूरतों का भी ध्यान रखा जाए। इस संदर्भ में मुख्य सचिव श्री विवेक जोशी ने शनिवार को  आला अधिकारियों के साथ  बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। स्थानीय रेस्ट हाउस में आयोजित बैठक में पूर्व मुख्य सचिव व जीएमडीए के प्रिंसिपल एडवाइजर श्री डी एस ढेसी भी मौजूद रहे। गौरतलब है कि गुरुग्राम में विकास परियोजनाओं को गति देने के लिए मुख्य सचिव श्री विवेक जोशी इससे पूर्व नवंबर माह में गुरुग्राम व दिसंबर महीने में मुख्यालय स्तर पर दो महत्वपूर्ण बैठक कर चुके हैं। 

मुख्य सचिव श्री विवेक जोशी ने बैठक में कहा कि गुरुग्राम का समग्र विकास हरियाणा व केंद्र सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी जिला में क्रियान्वित विकास परियोजनाओं की निरन्तर मॉनिटरिंग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम की वैश्विक स्तर पर पहचान है साथ ही यह प्रदेश की आर्थिक उन्नति का महत्वपूर्ण स्तम्भ है। ऐसे में इस शहर को भविष्य की जरूरतों के हिसाब से विकसित करना हरियाणा सरकार की प्राथमिकता है। बैठक में मुख्य सचिव ने विभिन्न विभागों और जिलों से प्राप्त रिपोर्ट का अवलोकन कर लंबित कार्य तय गति से पूरा करने के निर्देश दिये।   उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकारी तंत्र से जुड़ा हुआ कोई ठेकेदार या प्राइवेट कंपनी विभाग के मानदंडों पर खरा नहीं उतरती है तो उसके खिलाफ  कारवाई की जाए। मुख्य सचिव ने कहा परियोजनाओं के क्रियान्वयन में भूमि अधिग्रहण से सम्बंधित विषयों पर मुख्यालय स्तर पर अलग से बैठक की जाएगी। 

बैठक में पूर्व मुख्य सचिव व जीएमडीए के प्रिंसिपल एडवाइजर श्री डी एस ढेसी ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर हीरो होंडा फ्लाईओवर के जीर्णोद्धार कार्य की प्रगति पर एनएचएआई के अधिकारियों से चर्चा कर उन्हें जल्द से जल्द इस कार्य को पूरा करने के निर्देश दिए। श्री ढेसी ने कहा कि एनएचएआई इस समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में आगे बढ़े।

बैठक में जीएमडीए के सीईओ श्यामल मिश्रा ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग 48 पर नरसिंहपुर में जलभराव की समस्या के निवारण के लिए जलभराव के न्यूनतम बिंदु से बादशाहपुर ड्रेन तक एक नई ड्रेन बनाने की प्रक्रिया जारी हैं। जिसमे परियोजना के लिए जमीन उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन के साथ आवश्यक चर्चा की जा रही है। इसी प्रकार सुभाष चौक से शिशपाल विहार (सर्विस रोड के नीचे) और सोहना रोड के नीचे क्रॉसिंग तक सीआईपीपी लाइनिंग के लिए 2 एजेंसियों ने बोलियां प्रस्तुत की हैं। जिनका अभी तकनीकी मूल्यांकन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मानेसर ड्रेन का रिपेयर व डिसिल्टिंग का कार्य एचएसआईआईडीसी द्वारा करवाया जाना है। इसमें पूरे कार्य का एस्टीमेट तैयार कर लिया गया है। मार्च माह में इसके टेंडर आमंत्रित किए जाएंगे व इसी वर्ष जुलाई अंत तक यह कार्य पूरा कर लिया जाएगा। 

सीईओ श्यामल मिश्रा ने बताया कि गुरुग्राम फर्रुखनगर रोड पर सुगम यातायात के लिए पीडब्ल्यूडी (बीएंडआर) द्वारा धनकोट बाईपास पर पुल का निर्माण किया जाएगा। जिसमें जीएडी मंजूरी देकर उसका एस्टीमेट तैयार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि भविष्य में गुरुग्राम में पानी की जरुरतों को ध्यान में रखते हुए आगामी 6 फरवरी को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में मुख्यालय स्तर पर एक बैठक भी प्रस्तावित है। इसी प्रकार सेक्टर 99 व 115 में दो नए बस डिपो तैयार किए जाने है। जिसके लिए नगर निगम द्वारा एक डिपो के लिए 7 एकड़ भूमि देने की सहमति बनी है। जल्दी यह भूमि जीएमडीए को ट्रांसफर कर दी जाएगी। 

*एसपीआर के अपग्रेडेशन पर भी हुई चर्चा, कंसल्टेंट की नियुक्ति के लिए आमंत्रित टेंडरों का किया जा रहा है तकनीकी मूल्याकंन*

मुख्य सचिव ने  इस दौरान एसपीआर के अपग्रेडेशन पर भी चर्चा की। सीईओ जीएमडीए ने बैठक में बताया कि वाटिका चौक से एनएच-48 तक एलिवेटेड कॉरिडोर, एनएच-248ए पर इंटरचेंज कार्य के कंसल्टेंट की नियुक्ति के लिए  टेंडर आमंत्रित किए गए थे। प्राप्त बिड्स का तकनीकी मूल्याकंन किया जा रहा है। 

*मई माह के अंत तक साफ हो जाएगा बंधवाड़ी साइट का लिगेसी वेस्ट*

बैठक में निगम आयुक्त अशोक गर्ग ने बताया कि बंधवाड़ी में लैंडफिल साइट को क्लियर करने के लिए दो एजेंसी को कार्य दिया गया है। मई माह के अंत तक उक्त साइट से लिगेसी वेस्ट पूर्णत प्रोसेस कर दिया जाएगा। इसी क्रम में सेक्टर 29 स्थित लेजर वैली ग्राउंड व सेक्टर 10 ऑटो मार्किट साइट से अगले दो महीने में सी एंड वेस्ट भी हटा दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि निगम की ओर से सी एंड डी वेस्ट के ट्रांसपोर्टेशन के लिए टेंडर लगाए जा चुके हैं। 

बैठक में डीसी अजय कुमार, एचएसआईआईडीसी के एमडी सुशील सारवान, मानेसर निगम आयुक्त रेणु सोगन, एचएसवीपी प्रशासक वैशाली सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!