*भाजपा का सदस्यता अभियान नगर निगम चुनाव को बनाएगा सरल, बीजेपी की जीत पक्की : धनखड़*

*धनखड़ ने कांग्रेस पर कसा तंज – कहा – अपनी हार पर कांग्रेस ईवीएम जैसी निर्जीव चीज का बहाना लेती है जो जवाब ही नहीं दे सकती* 

*कार्यशाला में राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़, संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, विधायक मुकेश शर्मा, बिमला चौधरी, तेजपाल तंवर भी रहे मौजूद*   

गुरुग्राम, 28 अक्टूबर। गुरुग्राम में भाजपा के सदस्यता अभियान को लेकर सोमवार को पार्टी कार्यालय गुरुकमल में कार्यशाला हुई। कार्यशाला में गुरुग्राम जिला में 4 लाख 50 हजार नए सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा। सदस्यता अभियान को कैसे आगे बढ़ाया जाए इसके बारे में राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ ने कार्यकर्ताओं को विस्तार से जानकारी दी। संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा ने बूथ और मंडल स्तर पर कार्यशाला करके नए सदस्य जोड़ने के बारे में बताया। जिला अध्यक्ष कमल यादव की अध्यक्षता में हुई कार्यशाला में विधायक बिमला चौधरी, तेजपाल तंवर, मुकेश शर्मा व महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष उषा प्रियदर्शी भी उपस्थित रहीं। कार्यशाला के बाद राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ ने पत्रकारों के सवालों के जवाब दिए और भाजपा के सदस्यता अभियान के बारे में बताया। धनखड़ ने देश व प्रदेश वासियों को दीपावली की अग्रिम बधाई एवं शुभकामनाएं भी दी। 

ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि हरियाणा में भाजपा ने 50 लाख नए सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है। हरियाणा में 20 हजार 629 बूथ हैं और हर बूथ पर 250 सदस्य बनाए जाने हैं। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम जिला में 4 लाख 50 हजार नए सदस्य बनाने का लक्ष्य कार्यकर्ताओं को दिया है। गुरुग्राम विधानसभा में 1 लाख 25 हजार, बादशाहपुर विधानसभा में भी 1 लाख 25 हजार व पटौदी तथा सोहना विधानसभा में 1-1 लाख नए सदस्य बनाए जाएंगे। कार्यकर्ताओं को उत्साहित करते हुए धनखड़ ने कहा कि यह सदस्यता अभियान नगर निगम चुनाव को भी सरल बना देगा और चुनाव में भाजपा का परचम लहराएगा।  

श्री धनखड़ ने कहा कि अभियान के तहत हमें स्वयं और नए सदस्य को भाजपा से जुड़ने की गौरवमयी अनुभूति होनी चाहिए। हमें महसूस होना चाहिए कि हम दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी भाजपा के सदस्य हैं। उन्होंने कहा कि हमारा यह अभियान साधारण नहीं, बल्कि असाधारण होना चाहिए। श्री धनखड़ ने कहा कि भाजपा अपने हर काम को उत्सव की तरह करती है। चुनाव हो या कोई अन्य कार्यक्रम भाजपा के कार्यकर्ता उसे उत्साहित होकर संपन्न करते हैं।

ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि हरियाणा की जनता ने तीसरी बार आशीर्वाद दिया और भाजपा की स्पष्ट बहुमत की सरकार बनी। कांग्रेस द्वारा हार को लेकर ईवीएम पर उठाए जा रहे सवालों का जवाब देते हुए धनखड़ ने कांग्रेस अपनी हार पर ईवीएम जैसी निर्जीव चीज का बहाना लेती है जो जवाब ही नहीं दे सकती। निगम चुनाव के बारे में बोलते हुए उन्होंनें कहा कि हरियाणा में यथा शीघ्र ही नगर निगम चुनाव होंगे।  वहीं एक अन्य सवाल पर उन्होंने कहा कि लोगों का मन बीजेपी को सत्ता में बनाए रखने का है, इसलिए छत्तीसगढ़ व महाराष्ट्र में भी भाजपा की सरकार बनेगी।  

*कार्यकर्ताओं की मेहनत से ही बनी भाजपा की तीसरी बार सरकार : फणीन्द्रनाथ शर्मा* 

संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा ने सभी कार्यकर्ताओं को भाजपा की जीत व तीसरी बार सरकार बनाने की बधाई दी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत से ही स्पष्ट बहुमत की सरकार बनी है। श्री शर्मा ने कहा कि प्रदेश स्तर पर पार्टी ने हर बूथ पर 250 नए सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि हमें अधिक मेहनत करनी होगी और लक्ष्य से ज्यादा नए सदस्य भाजपा के साथ जोड़ने हैं। संगठन मंत्री ने कहा कि 4, 5 और 6 नवम्बर को मंडल स्तर पर कार्यशालाओं का आयोजन कर सदस्यता अभियान को सफल बनाएं। एक महीने में हमें इस अभियान को पूरा करना है। उन्होंने कहा कि 50 नए सदस्य बनाने वाले कार्यकर्ता को सक्रिय कार्यकर्ता की जिम्मेदारी दी जाएगी।

*निगम चुनाव में भी भाजपा का परचम लहराएगा : कमल यादव* 

भाजपा जिला अध्यक्ष कमल यादव ने कार्यशाला में गुरुग्राम जिला की चारों विधानसभाओं में जीत का श्रेय कार्यकर्ताओं को दिया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है कि गुरुग्राम जिला में भाजपा कमल खिला और नगर निगम चुनाव में भी भाजपा का परचम लहराएगा । कमल यादव ने कहा कि जल्द ही नगर निगम चुनाव होने हैं, इसलिए कार्यकर्ता अधिक से अधिक मेहनत करें और नए लोगों को भाजपा के साथ जोड़ें। नगर निगम चुनाव के बारे में बोलते हुए उन्होंने कहा कि मेयर व पार्षद का टिकट किसी भी कार्यकर्ता को मिले, लेकिन हमारे लिए चुनाव में कमल का फूल ही कैंडीडेट रहेगा। कमल यादव ने शीर्ष नेताओं को विश्वास दिलाते हुए कहा कि गुरुग्राम जिला से साढ़े लाख नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने का काम किया जाएगा। कार्यालय पहुंचने पर जिला अध्यक्ष ने राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़, संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा और नवनिर्वाचित विधायकों का स्वागत किया।

कार्यशाला में महेश चौहान, बोधराज सीकरी, समय सिंह भाटी, महेश यादव, हरविंद्र कोहली, जिला महामंत्री रामबीर भाटी, सर्वप्रिय त्यागी, जिला मीडिया प्रमुख पवन यादव, सह प्रमुख राकेश राणा, नीरज यादव, प्रदेश और जिले के पदाधिकारी, प्रकोष्ठ, विभाग और मंडलों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *