पंजाबी और पूर्वांचली मतदाताओं पर राज बब्बर ने छोड़ी छाप 

यह गुरुग्राम की जनता की उम्मीदों का चुनाव : राज बब्बर

कांग्रेस प्रत्याशी मोहित ग्रोवर को बताया अपना लाडला, मिलकर करेंगे गुरुग्राम का पुनरुत्थान 

गुरुग्राम। कभी कांग्रेस की परंपरागत सीट रही गुरुग्राम विधानसभा में इस बार बहुत कुछ कांग्रेस की उम्मीद के मुताबिक हो सकता है। फिल्म अभिनेता से नेता बने राज बब्बर ने शनिवार को शहर में कांग्रेस प्रत्याशी मोहित मदनलाल ग्रोवर के पक्ष में प्रचार कर पंजाबी और पूर्वांचली मतदाताओं को अपने ही अंदाज में बड़ा संदेश दिया। इशारों-इशारों में ही राज बब्बर दोनों समुदायों को यह समझा गए कि  इस शहर के विकास में इन दोनों समुदायों ने जितना योगदान दिया है, उतना मान-सम्मान भाजपा ने इन्हें नहीं दिया। यह शहर उनके लिए बड़ी संभावनाओं से भरा है। इन संभावनाओं के बीच ही पंजाबी समुदाय को एक बार फिर कांग्रेस ने मौका दिया है। अगर समाज चूक गया तो शायद भविष्य में यह मौका दोबारा नहीं मिलेगा। इसलिए इस बार इस मौके गंवाना नहीं है बल्कि एकजुट होकर सहेजना है। बब्बर भाजपा पर मुखर रहे और लोगों को भाजपा के दस साल में हुई परेशानियों की लगातार याद दिलाई।

 बब्बर ने दोपहर बाद कांग्रेस प्रत्याशी मोहित ग्रोवर के लिए अपने चुनाव प्रचार की शुरुआत अशोक विहार से की। यह पूर्वांचली मतदाताओं का गढ़ है। यहां उन्होंने मतदाताओं से सीधा संवाद करते हुए कहा कि इस शहर को संवारने में योगदान देने वाले लोगों की उम्मीदें दस साल में टूट गई। लोग बड़े सपने और उम्मीदें लेकर इस शहर में आए थे, लेकिन भाजपा ने उम्मीदों और सपनों का बेड़ा गर्क कर दिया। उन्होंने कहा कि उम्मीदें और सपने तभी पूरे होंगे जब सब एकजुट होकर अपने लिए बेहतर प्रतिनिधि चुनेंगे, जनता की सरकार बनाएंगे। 

एकजुट होकर ही दिखा सकते हैं ताकत, मांग सकते हैं अपने हक 

बब्बर ने कई पंजाबी बाहुल्य इलाकों में पहुंचकर समाज को एकजुट होने का संदेश दिया। बब्बर ने कहा कि बंद मुट्ठी बनेंगे तभी ताकतवर रहेंगे। किसी भी समाज की एकजुटता उसे ताकत देती है और वह पूरे अधिकारी से अपना हक मांग सकते हैं। अपनी समस्याओं के लिए आवाज बुलंद कर सकते हैं। बिखराव को कोई नहीं पूछता। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने समाज को फिर गुरुग्राम की सेवा करने का मौका दिया है। शायद यह नियति का खेल है कि समस्याएं और मुसीबतें झेल रहे इस शहर और शहर के लोगों की सेवा के लिए मोहित ग्रोवर को चुना गया है।  गुरुग्राम को मिलेनियम सिटी, साइबर सिटी बनाने में कांग्रेस  योगदान रहा है और कांग्रेस ही इस शहर की उम्मीदों को पूरा करेगी।  जनसभा को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पंकज डावर, पूर्व चैयरमेन जीएल शर्मा, गजे सिंह कबलाना, नरेश सहरावत, अजीत भारद्वाज, शम्मी खान सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। लोगों ने दोनों हाथ उठाकर मोहित ग्रोवर को अपना पूर्ण समर्थन देने का ऐलान किया। इस मौके पर भीम आर्मी की ओर से भी मोहित को समर्थन दिया।

यह गुरुग्राम की जनता का चुनाव, जनता तय करेगी गुरुग्राम का भविष्य 

राज बब्बर ने अन्य स्थानों पर जनसभाओं में कहा कि यह चुनाव अकेले मोहित ग्रोवर का नहीं है। गुरुग्राम के एक-एक बाशिंदे का है। दस साल से समस्याएं झेल रहे हर उस नागरिक का है जो शहर के विकास के लिए अपना प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष योगदान देता है। विभिन्न प्रकार के टैक्स देने के बाद भी लोगों को दस साल में समस्याओं का अंबार मिला। गुरुग्राम की जनता को तय करना है कि वह अपनी लड़ाई जीतकर सामने खड़ी समस्याओं को उखाड़ना चाहती है या इन समस्याओं से ही घिरे रहना चाहती है। उन्होंने कहा कि वह अकसर कहते हैं हमारी लड़ाई किसी दल या व्यक्ति से नहीं बल्कि यहां की समस्याओं से है। यहां की समस्याओं के खिलाफ हम यह लड़ाई तभी जीत सकते हैं जब एकजुट होकर लोकराज स्थापित करेंगे।  अपनी खुद की सरकार बनाएंगे।

Post Comment

You May Have Missed

error: Content is protected !!