5 साल-बदलेंगे हाल, गुरुग्राम को बनाएंगे वर्ल्ड क्लास सिटी : मोहित ग्रोवर

— मोहित ने गुरुग्राम वासियों के सामने रखा अपने 5 साल का विजन

— भाजपा 10 साल झूठी घोषणाएं करती रही, हम करके दिखाएंगे

गुरुग्राम। कांग्रेस प्रत्याशी मोहित मदनलाल ग्रोवर ने अपने 5 साल का विजन जनता के सामने रखते हुए कहा की 5 साल दीजिए, गुरुग्राम के हालात बदल देंगे। मिलेनियम सिटी के नाम से मशहूर इस शहर को सच्चे अर्थों में मिलेनियम सिटी बनाएंगे। गुरुग्राम की जनता के साथ मिलकर इस शहर को वर्ल्ड क्लास सिटी बनाएंगे। शहर में तमाम वह सुविधा उपलब्ध कराई जाएंगी जिसके बल पर देश दुनिया में गुरुग्राम का नाम टॉप के शहरों में शुमार हो सके। भाजपा ने 10 साल में शहर की साख को बट्टा लगाने के सिवा कुछ नहीं किया। आज लोग गुरुग्राम में आने और बसने से डरने लगे हैं। 5 साल में हम लोगों को उनका भरोसा लौटाएंगे। मोहित रविवार को शहर के विभिन्न हिस्सों में प्रचार के दौरान लोगों से संवाद कर रहे थे। मोहित ने कहा की प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बन रही है। सरकार में अपने हिस्सेदारी रखने के लिए यह जरूरी है की गुरुग्राम के निवासी एक एक वोट कांग्रेस को देकर शहर के नवनिर्माण की नींव रखें।

मॉर्निंग वॉक के दौरान भी लोगों से कर रहे मुलाकात

मोहित ग्रोवर चुनाव प्रचार का रंग अनोखा है। वह केवल पैदल यात्रा या जनसभाओं के जरिए ही नहीं, मॉर्निंग वॉक के जरिए भी अपने प्रचार को धार दे रहे हैं। कल सुबह जब वह मॉर्निंग वॉक के लिए निकलते हैं तो सड़कों से लेकर पार्कों तक उनसे मिलने के लिए लोग एकत्रित हो जाते हैं। मोहित लोगों से सीधा संवाद कर शहर की समस्याओं पर चर्चा करते हैं साथ ही समस्याओं के स्थाई समाधान के लिए अपनी प्लानिंग भी शेयर करते हैं। मॉर्निंग वॉक के दौरान लोगों से बातचीत करते हुए मोहित ने कहा कि भाजपा 10 साल तक शहर में एक ग्लोबल सिटी बनाने का सपना ही दिखती रही। हम पूरे शहर को ही ग्लोबल सिटी बनाएंगे।

वर्ल्ड लेवल का पब्लिक ट्रांसपोर्ट करेंगे डेवलप

मॉर्निंग वॉक के दौरान मोहित से लोगों ने पब्लिक ट्रांसपोर्ट पर भी चर्चा की। लोगों ने कहा कि विश्व स्तरीय शहर की पहचान बन चुके गुरुग्राम में पब्लिक ट्रांसपोर्ट थर्ड क्लास है। 10 साल में भाजपा सरकार लोगों को सड़क, सीवर, पानी और सुचारू बिजली जैसे मूल सुविधाओं के साथ बेहतर पब्लिक ट्रांसपोर्ट भी मुहैया नहीं कर पाई। मोहित ने कहा कि यह शहर मिलेनियम सिटी है। यहां पब्लिक ट्रांसपोर्ट भी वर्ल्ड क्लास होना चाहिए। जनता ने उन्हें मौका दिया उन पर भरोसा जताया तो वह शहर के पब्लिक ट्रांसपोर्ट को वर्ल्ड लेवल का बनाएंगे। जहां जैसी जरूरत होगी वहां उसी तरह के संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।

भाजपा चुनाव में चलाती है मेट्रो

मोहित ने कहा कि कांग्रेस ने अपने शासन में हरियाणा के चार शहरों को मेट्रो की कनेक्टिविटी दी थी। कांग्रेस ने गुरुग्राम ओल्ड सिटी में मेट्रो विस्तार की भी योजना बनाई लेकिन दुर्भाग्य से 2014 में कांग्रेस की सरकार नहीं बन पाई। जिसका खामियाजा शहर अब तक भुगत रहा है। 10 साल में भाजपा मेट्रो का एक पिलर भी नहीं बना पाई। 10 साल से हर चुनाव में ओल्ड सिटी मेट्रो परियोजना को लेकर भाजपा नए-नए दावे करती है लेकिन धरातल पर कुछ नहीं हुआ। हरियाणा में कांग्रेस ही मेट्रो लेकर आई थी और अब कांग्रेस ही गुरुग्राम ओल्ड सिटी में मेट्रो का विस्तार करेगी। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि कांग्रेस को फिर से मौका दीजिए, हर नागरिक की उम्मीदें और सपने सच करेंगे।

Post Comment

You May Have Missed

error: Content is protected !!