गुरुग्राम के लोगों की गुनहगार है भाजपा, हर वर्ग को छला : मोहित ग्रोवर

— कांग्रेस प्रत्याशी ने वोट की चोट से सबक सिखाने का किया आह्वान

— असल मुद्दों से ध्यान भटका कर लोगों को गुमराह करती रही : मोहित

गुरुग्राम। गुरुग्राम विधानसभा से कांग्रेस के प्रत्याशी मोहित मदन लाल ग्रोवर ने कहा कि भाजपा गुरुग्राम के एक-एक नागरिक की गुनहगार है। पिछले 10 सालों में हर वर्ग पर जो अन्याय और अत्याचार हुए हैं इसका बदला लेने का यह सही समय है। जनता वोट की चोट से एक- एक गुनाह का हिसाब चुकता करेगी। मोहित मदन ग्रोवर मंगलवार को प्रताप नगर में गणेश विसर्जन उपरांत लोगों से संबोधित कर रहे थे।

मोहित ने कहा कि भाजपा ने गुरुग्राम के हर वर्ग को छलने का काम किया है। आम नागरिकों प्रॉपर्टी आईडी के नाम पर 5 साल लाइन में लगाए रखा। गरीबों की बीपीएल कार्ड काट दिए। परिवार पहचान पत्र के नाम पर लोगों के साथ खिलवाड़ किया गया। एससी समाज की नगर निगम में छह से तीन सीट कर दी। बुजुर्गों को पेंशन के लिए धक्के खाने पड़ रहे हैं। व्यापारी वर्ग का भी शोषण किया गया। सबका साथ सबका विकास का नारा देने वाली पार्टी ने सबका साथ तो लिया लेकिन गुरुग्राम में विकास की बजाय विनाश करने का प्रयास किया है। चुनावी बेला में विकास का दम भरने वाली भाजपा के पास लोगों के सवालों के जवाब तक नहीं है। शहर की टूटी सड़कें, जलभराव, उफ़नते सीवर, चारों ओर पसरी गंदगी में पिछले 10 साल का विकास साफ-साफ नजर आ रहा है। मोहित ने सेक्टर चार, राजेंद्र पार्क, सूरत नगर फेज एक, राजीव नगर, सिविल लाइन, साउथ सिटी-1 में भी सभाओं को संबोधित किया। इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पंकज डावर भी मोहित के साथ रहे और भाजपा की दस साल की नाकामियां गिनाई। पंकज ने लोगों को शहर की भलाई के लिए बदलाव का आह्वान किया।

नगर निगम में बढ़ाएंगे एससी समाज की सीटों की संख्या

मोहित ने कहा कि सत्ता के मद में चूर भाजपा ने गुमराह कर अनुसूचित जाति का वोट तो ले लिया, लेकिन सत्ता पर काबिज होने के बाद उनके हितों पर कुठाराघात किया। गुरुग्राम नगर निगम में ही जब कुल 35 वार्ड बने थे तब अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित सीटों की संख्या 6 थी। भाजपा ने नगर निगम में सीटों की संख्या तो 40 कर दी, लेकिन अनुसूचित जाति वर्ग की सीटों की संख्या घटाकर तीन कर दी गई। निश्चित ही प्रदेश में कांग्रेस सरकार का गठन हो रहा है। कांग्रेस की सरकार बनते ही नगर निगम चुनाव के लिए दोबारा वार्डबंदी करा कर अनुसूचित जाति वर्ग की आबादी के लिहाज से आरक्षित सीटों की संख्या बढ़ाने का काम करेंगे।

पोर्टल में उलझाया लोगों को

मोहित ने कहा कि भाजपा ने 5 साल लोगों को पोर्टल में उलझाए रखा। धरातल पर लोगों को मूल सुविधाएं तक नहीं मिल पाई। 10 साल से लगातार जनता समस्याओं से जूझती रही और भाजपा पोर्टल पोर्टल खेलती रही। कांग्रेस सरकार के गठन के तत्काल बाद प्रदेश में पोर्टल का खेल बंद किया जाएगा और हर वर्ग को उसके हिस्से का हक दिया जाएगा।

Post Comment

You May Have Missed