भ्रष्टाचार मिटाने की बात करने वाली भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया : वर्धन यादव

भाजपा को राहुल गांधी के भाषण से विदेशों में छवि खराब नजर आती है, लेकिन अपनी सरकार में जो छवि भाजपा खराब करवा रही है वह नजर नहीं आ रही : वर्धन यादव

स्वर्गीय राजीव गांधी देश में कम्प्यूटर क्रांति लेकर आए, लेकिन भाजपा अपनी नकारात्मक सोच कांग्रेस के कार्यों को बर्दाश्त नहीं कर पा रही : वर्धन यादव

गुरुग्राम। बादशाहपुर विधानसभा से कांग्रेस के प्रत्याशी वर्धन यादव ने भाजपा पर आक्रामक होते हुए कहा कि भ्रष्टाचार मिटाने की बात करने वाली भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया। जब उनकी ही पार्टी के एक विधायक ने भ्रष्टाचार की पोल खोलनी शुरू की तो उसे राजनीतिक रूप से खत्म करने का काम किया। यही भाजपा का असली चेहरा है।

विधानसभा क्षेत्र बादशाहपुर के गांव चन्दु, बुढ़ेड़ा, कालियावास, इकबालपुर, सुल्तानपुर, झांझरोला खेड़ा, मुबारिकपुर, मांकडोला, न्यू पालम विहार व एमार मारबेला सोसायटी में मंगलवार को वर्धन यादव लोगों के बीच पहुंचे। कांगे्रस सरकार बनने पर भविष्य की योजनाओं को उन्होंने लोगों के बीच सांझा किया। साथ ही भाजपा सरकार के 10 साल के शासन को कुशासन करार देते हुए वर्धन यादव ने कहा कि जिसे भाजपा विकास का नाम दे रही है, वह विकास हर बार की बरसात में डूबा नजर आता है। दुनिया में गुरुग्राम फॉच्र्यून कंपनियों का हब माना जाता है, इसी गुरुग्राम शहर की पहचान दुनिया में गंदगी, यातायात जाम से भी है। सरकार ने यहां पर कुछ काम नहीं किया। दावे बड़े-बड़े किये जाते हैं, मगर उनमें कहीं दम नहीं होता। वह दिन सभी को याद है जब 18 घंटे का यहां महाजाम लगा था तो विदेशों में हमारे गुरुग्राम की छवि खराब नहीं हुई थी ?

उन्होंने कहा कि भाजपा को राहुल गांधी के भाषण से विदेशों में छवि खराब नजर आती है, लेकिन अपनी सरकार में जो छवि भाजपा खराब करवा रही है वह नजर नहीं आ रही। यही भाजपा की दोहरी नीति है। वर्धन यादव ने जनता से आग्रह किया कि इस बार भाजपा को सबक सिखाकर सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाना ही है। इसके बाद भाजपा कभी सत्ता में वापसी नहीं कर पाएगी। कांग्रेस ने देश का विकास किया है। स्वर्गीय राजीव गांधी देश में कम्प्यूटर क्रांति लेकर आए, लेकिन भाजपा अपनी नकारात्मक सोच कांग्रेस के कार्यों को बर्दाश्त नहीं कर पा रही। उन्होंने कहा कि आज हरियाणा की नहीं, पूरे देश में भाजपा के खिलाफ लहर है। जब जहां भी चुनाव होंगे, भाजपा सत्ता से बाहर होती चली जाएगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा के चुनाव में भाजपा का सूपड़ा साफ होने जा रहा है। भाजपा ने अपने ही कद्दावर नेताओं के टिकट काटे और वे बागी हो गए। भाजपा आज खुद अंतर्कलह की शिकार हो चुकी है। इसका कोई इलाज नहीं है।

वर्धन यादव ने कहा कि आने वाली 5 तारीख को मतदान के बाद 8 को परिणाम आने हैं। 8 अक्टूबर की सुबह 11 बजे भाजपा इतिहास हो जाएगी। भाजपा ने सत्ता का दुरुपयोग किया। ईडी, सीबीआई को कठपुतली बनाकर रखा। पूरे देश ने देखा है कि भाजपा ने किस तरह से विपक्ष के पीछे ईडी, सीबीआई को छोड़ रखा है। भाजपा चाहती है देश में कोई उसके खिलाफ ना बोले। लेकिन अब देश का आम आदमी भी भाजपा की कारगुजारियों को जान चुका है। इसलिए देश सोशल मीडिया पर भाजपा की पोल खोलने से पीछे नहीं हट रहा। जिस तरह से लोकसभा के चुनाव में भाजपा का देशवासियों ने विजय रथ रोका, अब हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा सत्ता से बाहर कर दी जाएगी।

Post Comment

You May Have Missed

error: Content is protected !!