अवैध वसूली की शिकायत करने वाले स्ट्रीट वेंडर को सम्मानित किया

– आईएमटी सेक्टर-7 में नगर निगम से लाइसेंस लेकर कर रहा था व्यवसाय

– एक निजी कंपनी का मुंशी कई महीनों से कर रहा था अवैध वसूली

– लाइसेंस प्राप्त स्ट्रीट वेंडर्स 9310922877 पर कर सकते है शिकायत

11 सितंबर, मानेसर। अवैध वसूली की शिकायत करने वाले स्ट्रीट वेंडर को नगर निगम आयुक्त अशोक कुमार गर्ग ने सम्मानित किया। आईएमटी सेक्टर-7 में एक निजी कंपनी का मुंशी वेंडर से हर महीने कंपनी के बाहर खोखा लगाने की एवज में 5 हजार रुपये वसूल रहा था। शिकायत मिलते ही पुलिस की मदद से वेंडर के पैसे वापिस करवाए और वसूली करने पर कार्रवाई करने के भी आदेश दिए।

आईएमटी सेक्टर-7 में खोखा लगाकर आजीविका कमाने वाले राजीव मिश्रा ने बताया कि वह सालों से एक कंपनी के बाहर खोखा लगाकर अपना जीवन-यापन कर रहा है। कंपनी का मुंशी वहां खोखा लगाने की एवज में हर महीने 5 हजार रुपये लेता था। स्ट्रीट वेंडिंग पॉलिसी-2014 के तहत उसने नगर निगम मानेसर से लाइसेंस ले रखा है। लाइसेंस बावजूद वह लगातार पैसे की मांग करता रहा। पैसे न देने की सूरत में पिछले दो महीनों से वह ज्यादा तंग करने लगा। पैसे न मिलने पर उसने खोखे से गैस के सिलेंडर उठा लिए। खोखे पर जबरन ताला लगा दिया। अपने साथ हो रही ज्यादती से परेशान होकर उसने नगर निगम को शिकायत दी। नगर निगम स्ट्रीट वेंडर्स जोन का जिम्मा संभालने वाली एजेंसी को इस बारे सूचना दी। आयुक्त के आदेश पर एजेंसी संचालक जेपी यादव ने मौके पर पहुंचकर पुलिस की मदद से उसे न्याय दिलवाया।

आयुक्त ने खोखा संचालक राजीव मिश्रा को अपने कार्यालय बुलाकर उसे सम्मानित किया। इस दौरान आयुक्त ने कहा कि अपने साथ होने वाले अन्याय की आवाज उठाना हर नागरिक का कर्तव्य है। रेहड़ी-फड़ी लगाकर अपना जीवन यापन करने वाले लोगों से कुछ दबंग प्रवृति के लोग वसूली करते है। ज्यादातर रेहड़ी वालें दूसरे राज्यों से आकर यहां अपना पेट पाल रहे है। बाहरी होेने के कारण वे अन्याय को सहन करते रहते हंै। दबंग स्थानीय होेने के कारण उनका लगातार शोषण करते रहते हैं। आयुक्त ने अपील करते हुए कहा कि मानेसर नगर निगम क्षेत्र में रेहड़ी आदि लगाकर व्यापार करने वाले छोटे व्यापारी स्ट्रीट वेंडिंग पाॅलिसी के तहत नगर निगम से लाइसेंस लें। लाइसेंस लेने के बाद अवैध वसूली पर अंकुश लगेगा और उनके हितों की रक्षा होगी। लाइसेंस प्राप्त व्यापारी 9310922877 नंबर पर अपनी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। नगर निगम की ओर से शिकायतकर्ता की मदद की जाएगी।

Post Comment

You May Have Missed

error: Content is protected !!