कोपरेटिव बैंक के चेयरमैन राजेश गुर्जर व मिर्जापुर के सरपंच सुशील बल्ली ने समर्थकों सहित भाजपा छोड़ थामा कांग्रेस का दामन

पार्टी में शामिल होने पर पूर्व मंत्री अरोड़ा ने किया स्वागत।

कांग्रेस में हर कार्यकर्ता को दिया जाता है पूरा मान सम्मान।

वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक

कुरुक्षेत्र, 20 अगस्त : कांग्रेस को उस समय भारी सफलता मिली जब कुरुक्षेत्र केंद्रीय सहकारी बैंक के चेयरमैन एवं ज्योतिसर गांव के पूर्व सरपंच राजेश गुर्जर तथा मिर्जापुर गांव के मौजूदा सरपंच सुशील बल्ली ने अपने हजारों समर्थकों सहित भाजपा को अलविदा कहकर पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा के नेतृत्व में कांग्रेस का दामन थाम लिया। इसी के साथ साथ थानेसर नगर परिषद के वार्ड 27 से पार्षद का चुनाव लड़ चुके प्रवीण शर्मा शांतिनगर, दयालपुर गांव के पूर्व सरपंच राजेश, महेंद्र दयालपुर ने अपने समर्थकों दयालपुर निवासी जसविंद्र, कर्मसिंह, साहिल संजू शर्मा, गौरव शर्मा, सलिंद्र, विजय प्रधान, सुभाष संजीव कुमार, सुन्हेडी खालसा के सुरेंद्र कुमार तथा विकास नगर निवासी हवा सिंह ने भी कांग्रेस में आस्था जताते हुए भाजपा को अलविदा कह दिया। गांव ज्यातिसर में राजेश गुर्जर द्वारा कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने के अवसर पर आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में कार्यकर्ताओं को पूरा मान सम्मान दिया जाता है। अरोड़ा का कार्यक्रम में पहुंचने पर ढोल नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया गया। सैंकड़ों मोटरसाईकिल सवार युवा कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद के नारे लगाते हुए उन्हे सभा स्थल तक ले गए।

अरोड़ा ने राजेश गुज्जर और सुशील बल्ली द्वारा अपने समर्थकों सहित कांग्रेस में शामिल होने पर सभी का स्वागत करते हुए कहा कि पार्टी में उन्हेपूरा मान सम्मान दिया जाएगा। अरोड़ा ने कहा कि आज प्रदेश में बदलाव की लहर चल रही है। जनता ने भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों से दुखी होकर कांग्रेस का सत्ता सौंपने का मन बना लिया है। दूसरी पार्टी के नेताओं में कांग्रेस में शामिल होने की होड लगी हुई है। अब तक प्रदेश के 42 पूर्व विधायक व पूर्व सांसद कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं। कांग्रेस में शामिल होने वालों की लंबी लाईन लगी है।

पूर्व मंत्री अरोड़ा ने कहा कि भाजपा ने पंचों सरपचों, नंबरदारों, कर्मचारियों, गैस्ट टीचरों, आंगनवाडी वर्करों व सभी वर्गों के लोगों को लाठियों से पिटवाया है। पिछले 10 साल के भाजपा शासन काल में सरकार की कार्यप्रणाली से हर वर्ग दुखी है। बेरोजगारी चर्म सीमा पर है। भ्रष्टाचार ने सभी सीमाएं लांघ दी हैं। कानून व्यवस्था का दिवाला पिट चुका है। प्रदेश में व्यापारियों से फिरोती मांगी जा रही है। किसी की जान माल सुरक्षित नही है। महंगाई ने कमर तोड़ रखी है। चुनाव सिर पर आते देख मुख्यमंत्री नायब सैनी खोखली घोषणाएं करने में लगे हुए थे। जनता इस बार भाजपा के बहकावे में आने वाली नही है।

थानेसर हल्के का जिक्र करते हुए अरोड़ा ने कहा कि थानेसर के विधायक व राज्यमंत्री सुभाष सुधा थानेसर में विकास के नाम पर पांच हजार करोड़ रूपए खर्च होने का दावा कर रहे हैं लेकिन कुरुक्षेत्र में विकास के नाम पर एक ईंट भी नही लगी। सडक़ें टूटी पड़ी हैं, बेसहारा गौवंश से लोगों की जान जा रही हैं। दुर्घटनाएं होने से लोग चोटिल हो रहे हैं। जगह जगह गंदगी के ढेर पडे हैं। नालों की सफाई के नाम पर करोड़ों रूपए हडप लिए गए। थोडी सी बरसात में ही लोगों के घरों व दुकानों में पानी भर जाता है। उन्होने आरोप लगाया कि नगर परिषद में एनडीसी व प्रोपर्टी आईडी के नाम पर लोगों को लूटा जा रहा है। अरोड़ा ने दावा किया कि आज प्रदेश में कांग्रेस के पक्ष में लहर चल रही है जोकि शीघ्र ही तूफान का रूप धारण कर लेगी और कांग्रेस भरी बहुमत से प्रदेश में सरकार बनाएगी। इस अवसर पर इंम्पु्रवमेंट ट्रस्ट के पूर्व चेयरमैन जलेश शर्मा, प्रदेश कांग्रेस के संगठन सचिव सुभाष पाली, राकेश सैनी, पूर्व सरपंच प्रतिनिधि टेकचंद बारना, युवा नेता कुलदीप ढिल्लों, सुभाष पलवल, सुभाष मिर्जापुर ने भी कांग्रेस में शामिल होने वाले लोगों का स्वागत करते हुए कहा कि राजेश गुर्जर, सरपंच सुशील बल्ली व अन्य नेताओं के कांग्रेस में शामिल होने से पार्टी ओर अधिक मजबूत होगी।

You May Have Missed

error: Content is protected !!