भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की उपस्थिति में आम आदमी पार्टी के लोकसभा सचिव व अनेक लोगों ने थामा भाजपा का दामन

भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी, कार्यकर्ताओं को मिलता है पूरा मान और सम्मान : मोहन लाल कौशिक

घर-घर जाकर कांग्रेस के झूठ की पोल खोलें कार्यकर्ता : कौशिक

चंडीगढ़/  सोनीपत, 18 अगस्त। मोदी और नायब सरकार की नीतियों से प्रभावित होकर लगातार दूसरी पार्टियों के नेता भाजपा में शामिल हो रहे हैं। इसी कड़ी में रविवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल कौशिक की उपस्थिति में आम आदमी पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष, वर्तमान में लोकसभा सचिव बिजेंद्र दहिया मण्डोरा खरखौदा सहित अनेक लोगों ने भाजपा का दामन थामा। प्रदेश अध्यक्ष श्री कौशिक ने सभी नए साथियों को भाजपा का पटका पहनाकर पार्टी में शामिल कराया। मोहन लाल कौशिक ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है और सभी कार्यकर्ताओं को पूरा सम्मान मिलता है। श्री कौशिक ने सभी कार्यकर्ताओं से कहा कि तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने की तैयारियों में जुट जाएं। मेयर निखिल मदान ने बिजेंद्र दहिया व अनेक लोगों को भाजपा में शामिल कराया।

पंडित मोहन लाल कौशिक ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी हर वर्ग की उन्नति के लिए लगातार काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने जितनी भी घोषणाएं की हैं उनसे सभी वर्गों के लोग लाभान्वित हुए हैं। मुख्यमंत्री ने हरियाणा के किसानों की सभी फसलों को एमएसपी पर खरीदने की गारंटी देकर किसानों का दिल जीता है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में बिना पर्ची और बिना खर्ची के युवाओं को नौकरियां मिल रही है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव में झूठ बोलकर लोगों को भ्रमित किया है। विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस नए झूठ के साथ मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि आप सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि कांग्रेस की झूठ की पोल खोले और भाजपा की 10 साल की उपलब्धियों को घर-घर जाकर लोगों को बताएं। श्री कौशिक ने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के आशीर्वाद से तीसरी बार भाजपा की सरकार बननी तय है।

You May Have Missed

error: Content is protected !!