हरियाणा व हरियाणवी विरोधी मानसिकता से ग्रस्त है बीजेपी- चौ. उदयभान

हरियाणा से मिलने वाली 7% जीएसटी का सिर्फ 1% वापिस देती है केंद्र सरकार- चौ. उदयभान 

चंडीगढ़, 7 अगस्त। हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी उदयभान का कहना है कि बीजेपी हरियाणा व हरियाणवी विरोधी मानसिकता से ग्रस्त है। इसीलिए बीजेपी के प्रदेश व केंद्र सरकार हर मोर्च पर हरियाणा के साथ अन्याय कर रही है। केंद्रीय बजट में भी बीजेपी ने हरियाणा के साथ सौतेला बर्ताव किया। केंद्र सरकार हरियाणा से कुल 7.10 प्रतिशत जीएसटी इकट्ठा करती है, लेकिन बदले में केवल 1 प्रतिशत हिस्सा ही हरियाणा को वापिस दिया जाता है। यानी केंद्र सरकार हरियाणा से 7 रुपया लेकर उसे केवल 1 रुपया वापस दे रही है। केंद्र से किसी भी राज्य को मिलने वाली यह सबसे कम राशि है। यह बेहद शर्मनाक है कि हरियाणा में बीजेपी की सरकार होने के बावजूद प्रदेश से इस हद तक भेदभाव किया जा रहा है। 

चौधरी उदयभान ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में केंद्र सरकार से हरियाणा को कोई नयी परियोजना मिलना तो दूर, यूपीए सरकार के समय हरियाणा के लिये मंजूर बड़ी परियोजनाओं को एक-एक करके दूसरे प्रदेशों में भेज दिया गया। खेलों में हरियाणा के खिलाड़ी देश में सबसे अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। लेकिन बीजेपी ने फिर भी खेलो इंडिया के 3074 करोड़ रुपये के बजट में सिर्फ 96 करोड़ ही हरियाणा को दिया और गुजरात को 606 करोड़ रुपये दिए गए। जबकि ऑलंपिक से लेकर तमाम खेलों में भारत को मिले कुल पदकों में हरियाणा के खिलाड़ियों की हिस्सादारी लगभग आधी होती है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि देश की आबादी में हरियाणा की हिस्सेदारी सिर्फ 2.1 प्रतिशत है और देश के कुल क्षेत्रफल का सिर्फ 1.34 प्रतिशत हरियाणा है। फिर भी हरियाणा से केंद्र सरकार 7 प्रतिशत जीएसटी की हिस्सेदारी ले रही है। देश के अन्न भंडार में 33 प्रतिशत योगदान हरियाणा के किसानों का है। लेकिन फिर भी उन्हें एमएसपी नहीं मिलती। देश की आर्म्ड फोर्सेस में 11 प्रतिशत मैन पावर हरियाणा से आती है, लेकिन बीजेपी अग्निवीर जैसी योजनाओं के जरिए उसे खत्म करने में लगी है। लेकिन बीजेपी हरियाणा के साथ जो भेदभाव कर रही है, हरियाणवी जनता विधानसभा चुनाव में इसका बदला लेगी और बीजेपी को सत्ता से बेदखल करेगी।

You May Have Missed

error: Content is protected !!