कांग्रेस के समय लूटराज चलता था, भाजपा ने लूट पर फुल स्टॉप लगाया : धमेंद्र प्रधान

किसानों की जमीन कोड़ियों के भाव खरीदकर पूंजिपतियों को देने का हिसाब किसानों को दे कांग्रेस : धर्मेंद्र प्रधान

कितने दलितों के घर जलाए, कितनों को बेघर किया, इसका हिसाब दे कांग्रेसः धर्मेंद्र प्रधान

चंडीगढ़,   4 अगस्त। भारतीय जनता पार्टी ने कुरूक्षेत्र के थानेसर में ‘‘म्हारा हरियाणा, नॉन स्टॉप हरियाणा’’ चुनावी रैली से रविवार को विधानसभा चुनाव का आगाज कर दिया है।  रैली में केंद्रीय मंत्री एवं हरियाणा विधानसभा चुनाव प्रभारी धमेंद्र प्रधान ने कांग्रेस पर गरजते हुए कहा कि आज कांग्रेस हिसाब मांग रही है, लेकिन हमें कांग्रेस को हिसाब देने की कोई जरूरत नहीं है। हमें हरियाणा के लोगों को हिसाब देना है और मुख्यमंत्री नायब सैनी दे रहे हैं। श्री प्रधान ने कहा कि 2004 से 2014 का कांग्रेस और 2014 से 2024 तक का भाजपा द्वारा कराए गए कामों की तुलना होनी चाहिए। 2014 से पहले कांग्रेस ने हरियाणा को तबाह कर दिया था। प्रदेश में कांग्रेस के समय लूटराज चल रहा था, युवाओं के भविष्य पर कांग्रेस ने फुल स्टॉप लगाने का काम किया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने नॉन स्टॉप विकास किया और कांग्रेस के भ्रष्टाचार पर फुलस्टॉप लगाया।

धमेंद्र प्रधान ने कहा कि बेरोजगारी को लेकर कांग्रेस के नेता झूठ बोल रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने 1 लाख 41 हजार युवाओं को बिना पर्ची और बिना खर्ची के सरकारी नौकरी दी है। अगर कांग्रेस के पास हिसाब-किताब है तो वह नाम और आंकड़ों सहित लेकर आएं कि कांग्रेस ने अपने समय में कितने युवाओं को बिना पर्ची और बिना खर्ची के नौकरी दी थी। कांग्रेस को युवाओं के भविष्य से ईर्ष्या है, कांग्रेस नहीं चाहती कि हरियाणा के युवाओं को रोजगार मिले, इसलिए कांग्रेस बार-बार कोर्ट जाकर नौकरियों को रूकवाने का काम करती है।

पूर्व सीएम हुड्डा और उनके पुत्र दीपेंद्र हुड्डा को निशाने पर लेते हुए धमेंद्र प्रधान ने कहा कि पिता-पुत्र तय करें कि 2004 से 2014 तक कितने दलितों के घर जले, कितने दलित बेघर हुए और कितने दलितों पर अत्याचार हुए उसका हिसाब कौन देगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समय में तो किसानों की हजारों एकड़ जमीन को कौड़ियों के भाव बिल्डरों को देने का काम किया गया। उन्होंने कांग्रेस को महिला विरोधी बताते हुए कहा कि सबसे ज्यादा महिलाओं पर अत्याचार कांग्रेस शासन में हुए हैं। कुमारी सैलजा और रणदीप सुरजेवाला से सवाल करते हुए धमेंद्र प्रधान ने कहा कि क्या सैलजा और सूरजेवाला अपना नेता दीपेंद्र हुड्डा को मानते हैं इसका जवाब देना चाहिए?

धमेंद्र प्रधान ने कहा कि आज हम कुरूक्षेत्र में धर्म युद्ध के लिए एकत्रित हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट है कि हरियाणा के विकास से ही देश का विकास संभव है। प्रधानमंत्री मोदी का संकल्प 2047 तक देश को विकसित राष्ट्र बनाना है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में एक मजबूत सरकार की आवश्यकता है। एक ऐसी सरकार की आवश्यकता है जो भ्रष्टाचार पर लगाम लगा सके, महिलाओं को सम्मान दिला सके, किसानों को चिंता मुक्त कर सके और यह काम सिर्फ मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ही कर सकती है।

मुख्यमंत्री नायब सैनी की प्रशंसा करते हुए धमेंद्र प्रधान ने कहा कि सीएम सैनी ने किसानों की सभी फसलों को एमएसपी पर खरीदने की घोषणा करके यह प्रमाणित कर दिया है कि किसानों का हित सिर्फ और सिर्फ भाजपा सरकार में ही संभव है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि चुनाव में समय कम है, इसलिए सभी कार्यकर्ता हरेक घर जाएं और पार्टी की नीतियों का प्रचार करें। हरियाणा में नायब सैनी के नेतृत्व में भाजपा की तीसरी बार सरकार बनाकर देश की प्रगति में सहायक बनें। रैली में उमड़ी भीड़ पर बोलते हुए श्री प्रधान ने कहा कि आप लोगों ने तय कर दिया है कि थानेसर विधानसभा की सीट भाजपा की झोली में आनी तय है।

भाजपा हरियाणा को बिकने नहीं देगी, कांग्रेस को युवाओं का शिकार नहीं करने देगी : बिप्लब देब

हरियाणा को बर्बाद करना चाहती है कांग्रेस और आम आदमी पार्टी, भाजपा प्रदेश को बचाने की लड़ाई लड़ रही है : देब

कुरूक्षेत्र, 4 अगस्त। विधानसभा चुनाव का शंखनाद करने के लिए थानेसर में हुई भाजपा की ‘‘म्हारा हरियाणा, नॉन स्टॉप हरियाणा’’ रैली में हरियाणा विधानसभा चुनाव सह प्रभारी बिप्लब कुमार देब ने कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी हरियाणा को तबाह करना चाहती है, इसलिए भाजपा की लड़ाई अब इन लोगों से हरियाणा को बचाने की है। उन्होंने कहा कि 2024 का विधानसभा चुनाव आम चुनाव नहीं है, बल्कि यह चुनाव कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के षड़यंत्र को विफल करने का चुनाव है। बाप-बेटे के षड़यंत्र से हरियाणा को बचाना है।

बिप्लब कुमार देब ने कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी का सत्ता में काबिज होने का मतलब हरियाणा को नशे की गर्त में डालना है। कांग्रेस हरियाणा में सत्ता पर इसलिए भी काबिज होना चाहती है कि किसानों को बर्बाद किया जाए, किसानों की जमीन को बेच दिया जाए। बिप्लब देब ने कहा कि हम सभी की जिम्मेदारी है कि प्रदेश के युवाओं को कांग्रेस के दंश से बचाना है और तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाकर नायब सैनी को मुख्यमंत्री बनाना है।

बिप्लब देब ने कहा कि हरियाणा की रक्षा करना हमारी जिम्मेदारी है। हरियाणा का युवा देश की रक्षा के लिए पैदा होता है, ओलंपिक में मैडल लाने के लिए पैदा होता है, मोदी के नेतृत्व में देश और प्रदेश को विकसित बनाने के लिए पैदा होता है। कार्यकर्ताओं को चेताते हुए श्री देब ने कहा कि विधानसभा चुनाव को आसान नहीं समझना है, विपक्ष बहुत बड़ा षड़यंत्र करके बैठा हुआ है, इसलिए हम सभी को मिलकर विपक्ष के षड़यंत्र को विफल करना है।

बिप्लब देब ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने पंजाब को खत्म किया, कांग्रेस ने भ्रष्टाचार से देश को तबाह किया। विपक्ष का लक्ष्य पैसा कमाना है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी का लक्ष्य पैसा बनाना नहीं है, मोदी का परिवार 140 करोड़ लोगों का है। भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता मोदी का परिवार है। उन्होंने कहा कि हमें कांग्रेस और आम आदमी पार्टी को हरियाणा में घूसने नहीं देना है और अपने युवाओं को ड्रग से बचाना है।

रैली में बैठे कार्यकर्ता से सीधे संवाद करते हुए बिप्लब देब ने कहा कि आप लोगों के कहने पर हमने जजपा से गठबंधन तोड़ा। हमने अपना वादा निभाया है। अब विधानसभा चुनाव में आप कड़ी मेहनत करें और तीसरी बार नायब सैनी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनाएं। उन्होंने कहा कि पिता-पुत्र भाजपा को हिला नहीं सकते। भाजपा के पास मजबूत संगठन है और कल्याणकारी योजनाओं के कारण जनता का आशीर्वाद है, जबकि कांग्रेस के पास कुछ भी नहीं है।

बिप्लब देब ने कहा कि हमारे पास शक्ति केंद्र प्रमुख हैं, बूथ रचना है, त्रिदेव हैं, मंडल रचना है, जिला व प्रदेश रचना है, केंद्र की रचना है और सर्वोपरि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी है। कांग्रस के पास सिर्फ बाप-बेटा है, कुमारी सैलजा को भी अलग रखा हुआ है। कांग्रेस के अध्यक्ष का नाम भी किसी को मालूम नहीं है। बिप्लब देब ने कहा कि पिता-पुत्र के षड़यंत्र में हम हरियाणा को नहीं फंसने देंगे। कांग्रेस के समय में एक के बाद एक घोटाले हुए। घोटालो के पैसे कांग्रेस के दामाद के पास गए।

विधानसभा चुनाव सह प्रभारी ने कहा कि भाजपा किसानों को समृद्ध, युवाओं को ड्रग से मुक्त, महिलाओं को सम्मान और हरियाणा को नंबर-1 बनाने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है। श्री देब ने कहा कि धर्मक्षेत्र कुरूक्षेत्र की भूमि को पूरी दुनिया जानती है। भगवान श्री कृष्ण ने गीता का उपदेश इसी भूमि से दिया और अब 2024 के चुनाव का श्री गणेश भी इसी भूमि से हो रहा है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के आशीर्वाद से तीसरी बार भाजपा की जीत तय है।

कार्यकर्ता संकल्प के साथ तीसरी बार भाजपा की जीत तय करेंगे : मोहन लाल कौशिक

‘‘म्हारा हरियाणा, नॉन स्टॉप हरियाणा रैली’’ में बोलते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल कौशिक ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता नायब सैनी के नेतृत्व में भाजपा सरकार बनाने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि हमारा संगठन पन्ना प्रमुख तक है। कार्यकर्ता हरियाणा में स्पष्ट बहुमत की सरकार बनाने का संकल्प लेकर जाएंगे।

मोहन लाल कौशिक ने कहा कि केंद्र में तीसरी बार मोदी सरकार बनने से कार्यकर्ताओं में जोश और उत्साह है। आज भाजपा ने कुरूक्षेत्र की पावन धरा से विजय का शंखनाद किया है। हमारे कार्यकर्ता घर-घर जाकर भाजपा की जीत को सुनिश्चित करने का काम करेंगे। श्री कौशिक ने शीर्ष नेतृत्व को भरोसा दिलाते हुए कहा कि कार्यकर्ता मोदी और नायब सरकार की नीतियों और योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएंगे। श्री कौशिक ने रैली में आए सभी केंद्रीय नेताओं व शीर्ष नेतृत्व सहित कार्यकर्ताओं का आभार जताया।

भाजपा सरकार ने कुरूक्षेत्र में बहुत विकास किया : सुभाष सुधा

रैली के संयोजक सुभाष सुधा ने कहा कि कुरुक्षेत्र में 200 बैड का अस्पताल बनवाया, बेटियों के लिए कॉलेज बना। 1966 के बाद जो सड़कें नहीं बनी थी, वो भी हमने बनवाई। ज्योतिसर का जीर्णोंद्वार किया। सुभाष सुधा ने कहा कि पहली सरकारों में नौकरियां बिकती थी, मनोहर लाल ने बिना रुपये के बिना खर्चे के युवाओं को नौकरी दी। सुभाष सुधा ने कहा कि वैसे तो कुरुक्षेत्र में बहुत विकास हुआ। आज मंच से एक और मांग करना चाहूंगा कि यहां बाईपास और रिंग रोड जरूर बनवा दें।
रैली में मुख्य रूप से पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया, प्रदेश सह प्रभारी सुरेंद्र नागर, केंद्रीय संसदीय बोर्ड की सदस्य डा. सुधा यादव, केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़, विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, सांसद नवीन जिंदल, वरिष्ठ नेता रामबिलास शर्मा, राज्यसभा के सांसद कृष्ण लाल पंवार, राज्यसभा सांसद सुभाष बराला, सांसद कार्तिक शर्मा, मंत्री डा. कमल गुप्ता, मंत्री जेपी दलाल, मंत्री डा. बनवारी लाल, मंत्री सीमा त्रिखा, मंत्री बिशंबर वाल्मिकी, महिपाल ढांडा, विधानसभा डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा, महामंत्री सुरेंद्र पूनिया, महामंत्री कृष्ण बेदी, महामंत्री डा. अर्चना गुप्ता, विधायक लीलाराम गुर्जर, डा. पवन सैनी, किरण चौधरी, पूर्व सांसद संजय भाटिया, किरण चौधरी, कैप्टन अभिमन्यु, जिला अध्यक्ष सुशील राणा, विधायक लीलाराम गुर्जर, डा. पवन सैनी आदि उपस्थित रहे।

You May Have Missed