कुरुक्षेत्र से 4 अगस्त को भाजपा का विजय शंखनाद, म्हारा हरियाणा-नॉन स्टॉप हरियाणा’ रैली से चुनाव अभियान का आगाज

संजय भाटिया का कांग्रेस पर तंज, कहा- सच्चाई की जीत और कौरवों की हार होगी

हरियाणा में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी

जनसभा में केंद्रीय मंत्रियों सहित प्रदेश के सभी बड़े नेता आएंगे

दिल्ली,  03 अगस्त।    भारतीय जनता पार्टी रविवार को कुरुक्षेत्र के थानेदार में ’म्हारा हरियाणा-नॉन स्टॉप हरियाणा’ रैली कर विधानसभा चुनाव के लिए अपना अभियान शुरू करेगी और प्रदेश में तीसरी बार सरकार बनाने के लिए विजय का शंखनाद करेगी।

तैयारियों को लेकर पूर्व सांसद संजय भाटिया ने कुरुक्षेत्र में एक प्रेस कांफ्रेंस की और बताया कि सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। भाटिया ने कहा कि कुरुक्षेत्र धर्मक्षेत्र है और यहीं से 4 अगस्त को विधानसभा युद्ध का विजय शंखनाद होगा। जिस तरह कुरुक्षेत्र के युद्ध में धर्म और सच्चाई की विजय हुई थी, उसी तरह विधानसभा चुनाव में भी सच्चाई की जीत और कौरवों की हार होगी। कुरुक्षेत्र की धरती से हरियाणा फतह करने के लिए भारतीय जनता पार्टी “चुनावी कैंपेन“ की शुरुआत करने जा रही है। संजय भाटिया ने कुरुक्षेत्र के सर्किट हाउस में पत्रकारों से बात की और जनसभा को लेकर जानकारी दी। संजय भाटिया ने कहा कि भाजपा सभी 90 विधानसभाओं में जनसभाएं करेगी। कुरुक्षेत्र से इसका आगाज करने के लिए पार्टी के सभी नेता और कार्यकर्ता पहली जनसभा में आएंगे। संजय भाटिया ने बताया कि जनसभा में केंद्रीय मंत्री व भाजपा के हरियाणा चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान,केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल,सहप्रभारी विपल्ब देव, हरियाणा भाजपा प्रभारी डॉ सतीश पुनिया, सह प्रभारी सुरेंद्र नागर सहित राव इंद्रजीत सिंह, कृष्णपाल गुर्जर, कुलदीप बिश्नोई, चौधरी रणजीत चौटाला, किरण चौधरी शामिल होंगे। जनसभा को मुख्यमंत्री नायब सिँह सैनी, प्रदेशअध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली सहित सभी बड़े नेता संबोधित करेंगे। प्रेसवार्ता में भाजपा प्रदेश महामंत्री कृष्ण बेदी, मुख्यमंत्री के मीडिया कोऑर्डिनेटर अशोक छाबड़ा, जिलाध्यक्ष सुशील राणा,कुरुक्षेत्र जिला मीडिया प्रमुख शैलेश वत्स समेत पार्टी के प्रमुख नेता उपस्थित थे। पूर्व सांसद संजय भाटिया ने बताया कि कुरुक्षेत्र की धरती से किया गया आगाज पूरे हरियाणा में भाजपा का परचम लहराएगा। भाजपा ने सच्चे मन से बिना भेदभाव जनता की सेवा की है इसलिए जनताजनार्दन का आशीर्वाद मिलेगा और हरियाणा में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी। दूसरी पार्टियों के चेहरे और करतूत प्रदेश की जनता देख चुकी है। किस तरह पहली सरकारों में बदमाश जमीनों पर कब्जा कर लेते थे और जमीन का मलिक कुछ कर ही नहीं पाता था। जब से भाजपा सरकार बनी है, ऐसी गुंडागर्दी खत्म हो गई है।

कांग्रेस ने हमेशा क्षेत्रवाद, परिवारवाद और जातिवाद की राजनीति की
पूर्व सांसद संजय भाटिया ने कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर भी जोरदार निशाना साधा और कहा कि हरियाण में कांग्रेस सिर्फ नाम की है,कांग्रेस के नाम पर राजनीति तो एक परिवार के लिए हो रही है। भूपेंद्र सिंह हुड्डा अब चाहते हैं कि उनका बेटा दीपेंद्र हुड्डा मुख्यमंत्री बने। कांग्रेस और दूसरी पार्टियों ने हमेशा क्षेत्रवाद, परिवारवाद और जातिवाद की राजनीति की है। भाईचारा तोड़ने में कांग्रेस ने कोई कसर नहीं छोड़ी। हरियाणा को आग लगा दी गई थी, भाईचारा खत्म करने की साजिश थी,लेकिन भाजपा और पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बड़ी मुश्किल से इस भाईचारे को दोबारा कायम किया है। संजय भाटिया ने कहा कि विपक्ष को ऐसी घटिया राजनीति से बाहर आना चाहिए, जिससे भाईचारा टूटता हो। सत्ता के लालच में भाईचारा तोड़ना गलत है।

कांग्रेस हिसाब मांगने के लायक ही नहीं
पूर्व सांसद संजय भाटिया ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि कांग्रेस अभी तक अपने जिलाध्यक्ष तक नहीं बना पाई है। उधर से कुमारी सैलजा बयान जारी करती है तो वह कुछ और होता है और दूसरी तरफ से हुड्डा गुट बयान जारी करता है तो उसकी भाषा दूसरी होती है। कांग्रेस में गुटबाजी इस कदर है कि अपने ही नेता रणदीप सुरजेवाला को किस तरह साजिश रचकर हुड्डा गुट ने हरवाया। संजय भाटिया ने एक उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह किसी सामजिक कार्य में ऐसे व्यक्ति हिसाब मांगते हैं,जिन्होंने उस कार्य के लिए चंदा ही नहीं दिया हो,वही हालत अब कांग्रेस की हो गई है। जब सत्ता में थे तो हरियाणा को दोनों हाथों से लूटा, सीएलयू का धंधा इनके पास था और अब जनता को गुमराह करने के लिए हिसाब मांग रहे हैं। संजय भाटिया ने कहा कि कांग्रेस हिसाब मांगने के लायक ही नहीं है।

भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी
पूर्व सांसद संजय भाटिया ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है। नायब सैनी भाजपा से साधारण कार्यकर्ता के रूप में जुड़े थे। आज भाजपा ने उन्हें मुख्यमंत्री बना दिया है। ऐसे उदाहरण सिर्फ भाजपा में ही मिल सकते हैं। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने खुद इच्छा जताई और पार्टी नेतृत्व को कहा था कि हरियाणा में नई टीम  बनाई जाए। जबकि हरियाणा में अब तक रहे दूसरे मुख्यमंत्रियों ने हमेशा अपने परिवार को आगे बढ़ाने का काम किया है। पार्टी कार्यकर्ताओं से उनका कोई लेना देना नहीं।

24 घंटे खुले हैं नायब सैनी के दरवाजे
संजय भाटिया ने कहा कि नायब सैनी का कार्यालय जनता के लिए 24 घंटे खुला रहता है। वे खुद भी जनता के लिए 24 घंटे उपलब्ध रहते हैं। ऐसे मुख्यमंत्री हरियाणा में पहले नहीं हुए। पहली सरकारों में भ्रष्टाचार सीएम के घर से चलता था, लेकिन अब ऐसा नहीं है। भाजपा ने भ्रष्टाचार पर नकेल लगाई और भ्रष्टाचारी पकड़े भी जा रहे हैं। भाजपा ने आयुष्मान,चिरायु और बहुत तरह की जनकल्याणकारी नीतियों से जनता का भला किया है। संजय भाटिया ने कहा कि हरियाणा में तीसरी बार भारतीय जनता र्पाअी की सरकार बनने जा रही है।

मुख्यमंत्री 90 विधानसभाओं में तथा प्रदेशाध्यक्ष 22 जिलों में रखेंगे 10 सालों के विकास की गाथा
पूर्व सांसद संजय भाटिया ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह प्रदेश की 90 की 90 विधानसभाओं में चुनावी रैलियां करेंगे और विधानसभा क्षेत्र में भाजपा सरकार द्वारा 10 सालों में किए गए विकास कार्यों को जनता के सामने रखेंगे। इतना ही नहीं भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मोहन बडौली भी प्रदेश के 22 जिलों में पहुंचेंगे और भाजपा की नीतियों और सरकार की उपलब्धियों को आमजन के सामने रखेंगे।

10 सालों में भाजपा सरकार ने लिए ऐतिहासिक फैसले
पूर्व सांसद संजय भाटिया ने कहा कि पिछले 10 सालों में केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार ने आमजन के लिए ऐतिहासिक फैसले लेने का कार्य किया है। इस सरकार ने हरियाणा एक हरियाणवी एक और सबका साथ-सबका विकास योजना का जहन में रखकर प्रदेश का विकास की राह पर तेजी से आगे बढाने का काम किया है। आज प्रदेश की योजनाओं को देखकर अन्य प्रदेश भी दंग और हैरान रह गए है। इतना ही नहीं हरियाणा प्रदेश की जनकल्याणकारी नीतियों का अनुसरण कर रहे है।

You May Have Missed