कांग्रेस की दो महिलाएं आन्दोलन की राह पर …….

महिला कांग्रेस का आधी आबादी के हक के लिए 29 जुलाई से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान

शैलजा के पोस्टर से हरियाणा कांग्रेस में हलचल,  27 जुलाई काे अंबाला से शुरू हाेगी यात्रा

सुरजेवाला- बीरेंद्र सिंह को जगह प्रभारी- उदयभान- हुड्डा गायब, राहुल खड़गे की नसीहत बेकार

अशोक कुमार कौशिक 

कांग्रेस की दो महिलाएं आजकल सुर्खियों में है। चर्चा में कांग्रेस की महिला अध्यक्ष अलका लांबा व हरियाणा से सांसद कुमारी शैलजा है। अलका लांबा देश की महिलाओं के साथ राजधानी दिल्ली में आधी आबादी के लिए 29 जुलाई को प्रदर्शन करेगी, वही कुमारी शैलजा हरियाणा में संदेश यात्रा निकाल रही है।

हरियाणा में विधानसभा चुनावों को लेकर तैयारियां तेज होती दिख रही हैं। लेकिन, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे की नसीहत के बाद भी कांग्रेस में आपसी कलह कम होने का नाम नहीं ले रही है। एक तरफ जहां भूपेंद्र सिंह हुड्डा खेमा विधानसभा चुनाव से पहले हरियाणा मांगे हिसाब यात्रा के जरिए अपने पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश कर रहा है। वहीं दूसरी तरफ कुमारी शैलजा भी एक्टिव मोड में नजर आ रही हैं। वे फिर से कांग्रेस संदेश यात्रा के जरिए प्रदेश के इलाकों में पहुंचने वाली हैं। 

सिरसा की सांसद एवं कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव कुमारी सैलजा 27 जुलाई से हरियाणा में कांग्रेस संदेश यात्रा शुरू करने जा रही हैं। यात्रा की शुरुआत अंबाला से होगी। यात्रा से पहले गुरुवार को जारी हुए पोस्टर ने पार्टी की गुटबाजी को उजागर कर दिया है।

कांग्रेस संदेश यात्रा को लेकर शैलजा ने एक पोस्टर भी जारी किया है। इसमें हरियाणा प्रभारी, प्रदेशाध्यक्ष, पूर्व सीएम एवं नेता प्रतिपक्ष और सांसद कहीं नजर नहीं आ रहे हैं।

हरियाणा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में कांग्रेस के एक गुट द्वारा हिसाब मांगो कार्यक्रमों का आयोजन करके सरकार को घेरा जा रहा है। इसी बीच अब कुमारी शैलजा भी शनिवार से फील्ड में उतर रही हैं। शैलजा ने लोकसभा चुनाव से पहले भी हरियाणा के कुछ हिस्सों में यात्रा निकाली थी। कांग्रेस प्रभारी दीपक बाबरिया ने पहले शैलजा की यात्रा को उनकी निजी यात्रा करार दिया था लेकिन बाद में पत्र जारी करके उसे कांग्रेस का कार्यक्रम करार दिया था।

किरण चौधरी गई तो पोस्टर में दिखा नया चेहरा

इस बार यात्रा के माध्यम से शैलजा का पूरा फोकस शहरी मतदाताओं पर रहेगा, क्योंकि यह यात्रा हरियाणा के शहरी इलाकों से होकर गुजरेगी। कुमारी शैलजा द्वारा गुरुवार को जारी किए पोस्टर का स्वरूप बदल गया है। इस पोस्टर में कुमारी शैलजा ने अपने ईर्द-गिर्द रणदीप सुरजेवाला तथा चौधरी बीरेंद्र सिंह की फोटो लगाई है। इसके अलावा पोस्टर में राहुल गांधी तथा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को प्रमुख स्थान दिया गया है। पोस्टर पर महात्मा गांधी, बीआर अंबेडकर के अलावा सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी व केसी वेणुगोपाल का फोटो लगाया गया है।

इस पोस्टर से कांग्रेस के हरियाणा प्रभारी दीपक बाबरिया, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष उदयभान तथा नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा का फोटो गायब है। यह पोस्टर जारी होते ही सोशल मीडिया तथा हुड्डा कैंप में भी शैलजा की यात्रा तथा इस पर हुड्डा गुट की तरफ से होने वाले पलटवार को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कुल मिलाकर स्पष्ट है कि हरियाणा कांग्रेस में किरण चौधरी के जाने के बाद और राहुल गांधी में मल्लिकार्जुन खड़गे की नसीहत भी आपसी खींचतान कम नहीं करने में काम आ रही। अब देखना यह है कि क्या कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा के कार्यक्रमों को कांग्रेस का अधिकारिक कार्यक्रम बताते हैं या फिर वह इन कार्यक्रमों से दूरी बनाकर रखते हैं।

27 जुलाई से शुरू होगी कांग्रेस संदेश यात्रा

कुमारी शैलजा ने अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट कर लिखा है कि कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए कांग्रेस संदेश यात्रा एक बार फिर से शुरू हो रही है। लोकसभा चुनाव से पहले यहां यात्रा हुई थी, जिसके अभूतपूर्व परिणाम लोकसभा चुनाव में देखने को मिले, 27 जुलाई को यह यात्रा अंबाला से फिर से आरंभ होगी। वरिष्ठ कांग्रेस नेता चौधरी बीरेंद्र सिंह और कांग्रेस राज्यसभा सांसद रणदीप सुरजेवाला के साथ मिलकर, हम लोग इस यात्रा के माध्यम से बीजेपी की झूठी नीतियों से लोगों को जागरूक कर, कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व के संदेश को घर-घर तक पहुंचाने के प्रण को पूर्ण करेंगे।

यह यात्रा लोकसभा चुनाव की तरह ही हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत को सुनिश्चित करेगी, यह सिर्फ एक यात्रा नहीं है बल्कि एक जन आंदोलन है, जो हरियाणा में सत्य और न्याय की आवाज को बुलंद करेगा। हमारा लक्ष्य है कि हर व्यक्ति के दिल में बदलाव की अलख जगाई जाए और उन्हें इस बदलाव के लिए तैयार किया जाए। आइए, इस महत्वपूर्ण यात्रा का हिस्सा बनें और मिलकर एक हरित और हर्षित हरियाणा का निर्माण करें, जहां हर नागरिक को उसका हक मिले और सच्चाई की विजय हो।

महिला कांग्रेस का आधी आबादी के हक के लिए 29 जुलाई से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान

महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने कहा है कि पूरे भारत में महिला कांग्रेस का संगठन मजबूती के साथ खड़ा हो चुका है। अब हम इसे एक आंदोलन का रूप देने जा रहे हैं। उन्होंने कहा, 29 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलन शुरू किया जाएगा। इस आंदोलन में शामिल होने के लिए देशभर से महिलाएं पहुंच रही हैं। अलका लांबा ने कहा कि बेरोजगारी की वजह से महिलाएं घरेलू हिंसा का शिकार हो रही हैं। पीएम मोदी के तीसरे कार्यकाल में पेश हुए बजट में महंगाई से राहत दिलाने के लिए कुछ भी नहीं है।

कांग्रेस नेता ने सोशल मीडिया “एक्स” एकाउंट से कुछ फोटो शेयर की। अलका लांबा ने 29 जुलाई को होने वाले आंदोलन से पहले ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी में आंदोलन की रूपरेखा सामने रखी। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि आधी आबादी के हक और हिस्सेदारी के लिए महिला कांग्रेस 29 जुलाई से एक देशव्यापी आंदोलन की शुरुआत करने जा रही है। दिल्ली के जंतर मंतर से शुरू होकर ये आंदोलन देश के कोने-कोने तक पहुंचेगा।

अलका लांबा ने आंदोलन के पीछे रखी तीन मांगों के बारे में बताते हुए कहा कि हमारी पहली मांग यह है कि राजनीतिक न्याय के तहत 33 फीसदी महिला आरक्षण विधेयक को लागू किया जाए। हमारी दूसरी मांग यह है कि इस आरक्षण में हमारी एससी-एसटी और अति-पिछड़ी ओबीसी बहनों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए और कानून लागू किया जाए। हमारी तीसरी मांग है कि जिन राज्यों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं, वहां भी इस पर चर्चा कर इसे लागू किया जाए। जब तक ये मांगें पूरी नहीं होती, महिला कांग्रेस की हर एक कार्यकर्ता सड़क से लेकर संसद तक संघर्ष जारी रखेगी।

You May Have Missed

error: Content is protected !!