सांसद कुमारी सैलजा की पदयात्रा विधानसभा चुनाव के लिए प्रभावशाली साबित होगी : लाल बहादुर खोवाल

हिसार : सांसद व अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय महासचिव सीडब्ल्यूसी की सदस्य कुमारी सैलजा की पदयात्रा के प्रति हरियाणा कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट ने प्रसन्नता व्यक्त की है। हरियाणा कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट के प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल ने कहा कि 27 जुलाई को अंबाला से शुरू होने वाली कुमारी सैलजा की पदयात्रा से राज्य का माहौल बदल जाएगा। उन्होंने बताया कि 28 जुलाई को बरवाला विधानसभा में जनसभा को भी कुमारी सैलजा संबोधित करेंगी।

एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल ने बताया कि कांग्रेस कार्य समिति की सदस्य और हरियाणा कांग्रेस की पूर्व प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा की पदयात्रा हरियाणा में होने वाले विधानसभा चुनाव में प्रभावशाली साबित होगी। इस पदयात्रा के दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खडग़े व लोकसभा में विपक्ष के नेता पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। इसके साथ ही लोगों को कांग्रेस की जनकल्याणकारी नीतियों से भी अवगत करवाया जाएगा। खोवाल ने कहा कि बहन सैलजा ने इससे पूर्व जनवरी माह में भी प्रदेशभर में यात्रा निकाली थी। इस यात्रा के माध्यम से लोगों को कांग्रेस की विचारधारा को समझने का अवसर मिला और लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के पक्ष में माहौल बना। उन्होंने कहा कि इसी भांति कुमारी सैलजा की यह पदयात्रा व जनसभाएं मील का पत्थर साबित होंगी।

खोवाल ने बताया कि सांसद कुमारी सैलजा अपने पिता पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री चौ. दलबीर सिंह जी से मिली राजनीतिक विरासत को बखूबी संभाल रही हैं। अपने पिता के पदचिह्नों पर चलते हुए कुमारी सैलजा भी निष्पक्ष, बेदाग व जनहित की राजनीति कर रही हैं। बहन सैलजा की कार्यशैली, तत्परता, अनुशासन व रचनात्मक सोच सभी को प्रभावित करती है। तीन दशकों के राजनीतिक जीवन में सर्व समाज को साथ लेकर चलते हुए बहन सैलजा ने देश की राजनीति में सादगी, ईमानदारी व समर्पण की मिसाल कायम की है।

एडवोकेट खोवाल ने कहा कि इस पदयात्रा के दौरान भाजपा की जनविरोधी नीतियों का खुलासा भी किया जाएगा। पिछले दस वर्षों में लगातार बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी, विभिन्न विभागों में व्याप्त भ्रष्टाचार व भाई-भतीजावाद और लचर कानून व्यवस्था से जनता बुरी तरह परेशान है। उन्होंने कहा कि देश की व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए कांग्रेस ही एकमात्र विकल्प है। जनता इस बात को समझ चुकी है कि कांग्रेस की नीतियां वास्तव में कल्याणकारी हैं। खोवाल ने कहा कि पिछले दस वर्षों से भाजपा के शासनकाल में मजदूर, गरीब, किसान, पिछड़ा वर्ग, व्यापारी व नौकरीपेशा सहित हर वर्ग विभिन्न समस्याओं का सामना कर रहा है। भाजपा ने इन लोगों की सुध लेने की अपेक्षा हमेशा राजनीतिक रोटियां सेकने का काम किया है। जनता अब सच्चाई से वाकिफ हो चुकी है इसलिए आने वाले हरियाणा विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को नकारते हुए कांग्रेस में विश्वास जताएगी।

error: Content is protected !!