युवा मोर्चा विस्तृत कार्यकारिणी में गरजे प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया और प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडौली

भाजपा के कार्यकर्ता चुनाव में कांग्रेस को धूल चटाएंगेः डा. सतीश पूनिया

कांग्रेस शासन में पर्ची-खर्ची और भ्रष्टाचार के नाम से पहचाना जाता था हरियाणा : डा. सतीश पूनिया

वोट लेकर जनता को भूलना कांग्रेस की फितरत : मोहन लाल बड़ौली

चंडीगढ़, 19 जुलाई। शुक्रवार को सोनीपत में भारतीय जनता युवा मोर्चा की विस्तृत प्रदेश कार्यकारिणी में हरियाणा भाजपा प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया और प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडौली कांग्रेस पर जमकर बरसे। प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया ने कांग्रेस को आड़े हाथों लिया और साथ ही पार्टी के युवा कार्यकर्ताओं जीत का संवाहक बताया। डा. पूनिया ने कहा कि हमारे उर्जावान युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओ को जो चुनौतियां मिलती है उसे वे पूरी ताकत से पूरा करते हैं, इस बार भी युवा मोर्चा के कार्यकर्ता तीसरी बार सरकार बनाने में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा का कार्यकर्ता जब जनादेश यात्रा निकालता है तो देश की राजनीति में बदलाव आता है। श्री पूनिया ने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि भाजपा का कार्यकर्ता विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को धूल चटाने का काम करेगा।

सोनीपत के मुरथल स्थित दीन बंधु छोटूराम यूनिवर्सिटी में युवा मोर्चा की विस्तारित प्रदेश कार्यकारणी की बैठक को संबोधित करते हुए डा. पूनिया ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान हरियाणा पूरे देश में पर्ची और खर्ची तथा भ्रष्टाचार के नाम से पहचाना जाता था। युवा मोर्चा की कार्यकारिणी में पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने भी कार्यकर्ताओं से मोदी और नायब सरकार के कार्यों और योजनाओं को घर-घर पहुंचाने का आग्रह किया। उन्होंने कांग्रेस को धोखेबाज पार्टी बताया और कहा कि कांग्रेस के नेता झूठ बोलकर वोट लेते हैं और फिर जनता को भूल जाते हैं। कार्यकारिणी की बैठक में पहुंचे प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया और प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली का नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।

भाजपा प्रदेश प्रभारी श्री पूनिया ने कहा कि हमारे कार्यकर्ता की मेहनत और जनता के आशीर्वाद से हरियाणा में तीसरी बार भाजपा सरकार पूर्ण बहुमत से बनने जा रही है। श्री पूनिया ने कहा कि हरियाणा की जनता मोदी और नायब सरकार के कामों से खुश है। 10 वर्षों में डबल इंजन की सरकार ने प्रदेश के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया है। पूरे प्रदेश में सड़कों का जाल बिछा है। श्री पूनिया ने कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि कांग्रेस ने कभी भी किसानों की भलाई के लिए नहीं सोचा। कांग्रेस ने 10 सालों में किसानों को मुआवजा के तौर 1 हजार करोड़ रुपये दिए, जबकि भाजपा सरकार ने 12 हजार 500 करोड़ रुपये देकर किसानों की सहायता की है। उन्होंने कहा कि केंद्र में तीसरी बार सरकार बनते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहला काम प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का बटन दबाने का किया।

भाजपा प्रदेश प्रभारी ने कहा कि भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है, हमारे पास निष्ठावान कार्यकर्ताओं की पूरी फौज है। विधानसभा चुनाव में समय भी अब कम बचा है, इसलिए सभी कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ धरातल पर काम करें और मोदी तथा नायब सरकार की योजनाओं और जनहितैषी कामों को घर-घर जाकर लोगों को बताएं।

श्री पूनिया ने कहा कि आज के दौर में सोशल मीडिया का भी बड़ा महत्व है। सोशल मीडिया के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग भाजपा सरकार की नीतियों से प्रभावित है और पार्टी से जुड़ने के लिए भी तत्पर है। ऐसे में युवा मोर्चा के कार्यकर्ता अधिक से अधिक युवाओं को पार्टी से जोड़ें और हर बूथ को मजबूत करें।डा. सतीश पूनिया ने कहा कि भाजपा सरकार की योजनाओं से हरियाणा का हर वर्ग लाभान्वित हो रहा है। भाजपा सरकार ने दस वर्षों में देश और प्रदेश का बिना भेदभाव के विकास किया है। पद संभालने के तुरंत बाद से ही मुख्यमंत्री नायब सैनी बड़े-बड़े निर्णय लेकर हर वर्ग को लाभ पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह करते हुए कहा कि तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने के लिए अभी से जुट जाएं।

कांग्रेस भ्रष्टाचार की जननी : मोहन लाल बड़ौली

भाजपा की तीसरी बार सरकार बनते देख कांग्रेसी नेताओं की बौखलाहट बढ़ रही है : बड़ौली

युवा मोर्चा की विस्तारित कार्यकारिणी में बोलते हुए प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है। भाजपा में कार्यकर्ता ही अपनी मेहनत के दम पर आगे बढ़ते हैं, जबकि परिवारवाद के चलते कांग्रेस के पास कार्यकर्ता ही नहीं बचे। श्री बडौली ने कहा कि विधानसभा चुनाव में हमें स्पष्ट बहुमत हासिल करना है, इसके लिए कार्यकर्ता अभी से अपने काम में जुट जाएं। यहां कांग्रेस को घेरते हुए श्री बड़ौली ने कहा कि कांग्रेस ने देश को सिर्फ भ्रष्टाचार में आगे बढ़ाया है, जबकि भाजपा ने भ्रष्टाचार को मिटाया है।

मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि कांग्रेस के लोग झूठ बोलकर लोगों को बरगलाने का काम कर रहे हैं, ताकि वोट ले सकें, लेकिन हम सबको कांग्रेस के झूठ से बचना भी है और लोगों को बचाना भी है। श्री बड़ौली ने कहा कि कांग्रेस की हालत खराब है, जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं कांग्रेस के नेताओं की बौखलाहट बढ़ती जा रही है। भ्रष्टाचार और परिवारवादी कांग्रेस पार्टी के नेता अपने कुशासन को छिपाने के लिए हर रोज नई-नई झूठ बोल रहे हैं। कांग्रेस के पास कहने के लिए कुछ नहीं, लोग कांग्रेस और उनके कार्यों को समझ चुके हैं। इनके समय में जमकर भ्रष्टाचार होता था। लोगों तक योजनाओं का लाभ नहीं पहुंच पाता था।

श्री बडौली ने कहा कि 2014 में भाजपा की सरकार बनने के बाद हमारी सरकार ने बिना भेदभाव के विकास कार्य कराएं हैं। सिस्टम को पारदर्शी बनाया जिसके कारण लोगों के घर बैठे काम हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने गरीबों को पक्का घर, पानी, शौचालय और गैस कनेक्शन देकर उनकी समस्याओं को दूर किया है। श्री बड़ौली ने कहा कि भाजपा सरकार ने गरीबों के स्वास्थ्य की चिंता की है, इसलिए आष्युमान और चिरायु कार्ड योजना के तहत 5 लाख रुपये तक के ईलाज की गारंटी दी है। उन्होंने कहा कि किसानों का सबसे ज्यादा फायदा भाजपा सरकार में हुआ है। पूरे देश में हरियाणा ही ऐसा राज्य है जहां किसानों की 14 फसलों को एमएसपी पर खरीदा जा रहा है।

संगठमंत्री ने बूथ सशक्तिकरण पर दिया जोर

संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा ने बैठक में बूथ सशक्तिकरण पर जोर दिया और संगनात्मक प्रारूप को समझाया। उन्होंने कहा कि हमें अपने बूथों को और अधिक मजबूत करना है। बूथ जीता चुनाव जीता के मंत्र पर चलते हुए सभी कार्यकर्ता बूथों पर जाएं और लोगों से मिलें। उन्होंने कहा कि ज्यादा से ज्यादा लोगों को पार्टी से जोड़ें। श्री शर्मा ने कहा कि भाजपा की नीतियां जनहितैषी है और लोग पसंद भी करते हैं। उन्होंने कहा कि हमें जनता के बीच जाकर पार्टी की नीतियों का प्रचार करना है।

प्रधानमंत्री मोदी को युवाओं की शक्ति पर भरोसा : अभिनव प्रकाश

युवा मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अभिनव प्रकाश ने युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं में जोश भरा और कहा कि युवा मोर्चा पार्टी की ताकत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी युवाओं की शक्ति के भरोसे ही देश को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोर्चा के कार्यकर्ता युवाओं को पार्टी की नीतियों से अवगत कराएं और उन्हें भाजपा से जुड़ने के लिए प्रेरित करें। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने कहा कि युवा मोर्चा के कार्यकर्ता युवाओं को अग्निवीर योजना के बारे में भी बताएं और कहें कि यह योजना युवाओं और देश के हित में है।

अग्निवीर योजना पर विपक्ष के दुष्प्रचार का मुंहतोड़ जवाब दें कार्यकर्ता : भव्य बिश्नोई

युवा मोर्चा के प्रदेश प्रभारी भव्य बिश्नोई ने कहा कि युवाओं की ताकत और जनता के आशीर्वाद से तीसरी बार हरियाणा में भाजपा सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए मजबूती से काम कर रहे हैं। उन्होंने युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि आप सभी लोग पार्टी को स्पष्ट बहुमत से विजयी बनाने के लिए जुट जाएं। श्री बिश्नोई ने भी युवाओं से कहा कि अग्निवीर योजना के बारे में विपक्ष जो दुष्प्रचार फैला रहा है उसका मुंहतोड़ जवाब दें। कार्यशाला को प्रदेश महामंत्री अर्चना गुप्ता, युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महासचिव गौरव गौरम, प्रदेश अध्यक्ष योगेन्द्र शर्मा ने भी संबोधित किया। इस मौके पर पार्टी व युवा मोर्चा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Previous post

अगर भाजपा सरकार ने हिसाब नहीं दिया तो अक्टूबर में प्रदेश की जनता इनका हिसाब चुकता कर देगी – दीपेन्द्र हुड्डा

Next post

अग्निवीरों के कल्याण के लिए हरियाणा सरकार द्वारा चलाई योजना पर प्रधानमंत्री ने दिखाई विशेष रूचि

You May Have Missed

error: Content is protected !!