चंडीगढ़, 17 जुलाई- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह ने भाजपा सरकार के पिछले लगभग पौने 10 वर्षों के कार्यकाल में हुए अभूतपूर्व विकास कार्यों की पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के हुए कार्य से तुलना करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा से 11 सवाल पूछे। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा जनता को अपने कार्यकाल में हुए कार्यों का जवाब दें।

श्री नायब सिंह आधुनिक सेब, फल एवं सब्जी मंडी पिंजौर के उद्घाटन करने उपरांत उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने लोगों से सीधा संवाद करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी प्रदेश में लोगों को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकार में विकास कार्यों में भेदभाव किया जाता था। जबकि वर्तमान सरकार ने चाहे कालका विधानसभा हो या फिर राजस्थान से लगती नारनौल विधानसभा हो, सभी में समान रूप से विकास कार्य करवाएं हैं। किसी भी विधानसभा के साथ भेदभाव नहीं किया। जबकि कांग्रेस सरकार में विकास कार्य मुख्यमंत्री के अपने क्षेत्र तक ही सीमित रहते थे। उन्होंने भूपेंद्र सिंह हुड्डा से पूछा कि वो बताएं किस गांव में कितना विकास करवाया है।

श्री नायब सिंह ने कहा कि प्रदेशवासी ये भलीभांति जानते हैं कि पिछली सरकार में किस आधार पर नौकरी दी जाती थी। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में युवाओं को बिना खर्ची-पर्ची के मैरिट के आधार पर सरकारी नौकरियां दी जा रही हैं। आज गरीब से गरीब परिवारों के बच्चे मेहनत के बल पर उच्च पदों पर नौकरियां प्राप्त कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने अपने घोषणा पत्र में प्रदेश में 24 घंटे बिजली देने की बात कही थी, परंतु उन्होंने ये वादा भी पूरा नहीं किया। जबकि वर्तमान सरकार द्वारा प्रदेश के लगभग सभी गांवों में 24 घंटे बिजली आपूर्ति की जा रही है। जिससे लोगों का जीवन और सुगम हुआ है।

श्री नायब सिंह ने कहा कि पिछली सरकार में कर्मचारियों-अधिकारियों के तबादले में भ्रष्टाचार का बोलबाला था। वर्तमान सरकार ने आॅनलाइन ट्रांसफर नीति लागू करके तबादला प्रक्रिया को पारदर्शी करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार में लोगों को गैस सिलेण्डर की सप्लाई लेने के लिए तीन-तीन दिनों तक इंतजार करना पड़ता था। जबकि वर्तमान सरकार ने उज्ज्वला योजना के तहत 12 लाख महिलाओं को निशुल्क गैस सिलेण्डर उपलब्ध करवाएं हैं। जिससे उन्हें चूल्हा से निकलने वाले धुआं से निजात मिली है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए घर से दूर ना जाना पड़े इसके लिए वर्तमान सरकार ने 20 किलोमीटर की परिधि में काॅलेज स्थापित किये हैं। इसके अलावा जिस परिवार की आय एक लाख 80 हजार रूपये से कम हैं, ऐसे परिवारों की बेटियों को निशुल्क शिक्षा दी जा रही है। उन्होंने पूर्व की कांग्रेस सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा बताए कि उनकी सरकार ने बेटियों के कल्याण के लिए क्या किया।

श्री नायब सिंह ने कहा कि वर्तमान सरकार हर परिस्थिति में किसानों के साथ खड़ी है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों को प्राकृतिक आपदा से फसलों को हुए नुकसान का मुआवजा दिया जाता है। हमारी सरकार ने अब तक के कार्यकाल में किसानों के खातों में 12500 करोड़ रूपये की राशि भेजी है। जबकि कांग्रेस सरकार के 10 वर्षों के कार्यकाल में मात्र 1100 करोड़ रूपये की राशि दी गई थी। तब किसानों को दो रूपये और पांच रूपये के चैक भी दिए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने बुजुर्गों को वृद्धावस्था सम्मान भत्ता योजना पैंशन 500 रूपये से बढ़ाकर 1000 रूपये करने की घोषणा की थी। श्री नायब सिंह ने कहा कि पिछली सरकार ने केवल घोषणा ही की, परंतु यह वर्तमान सरकार ही है जिसने बुजुर्गों की पेंशन को पहले 1000 रूपये और अब 3000 रूपये प्रतिमाह किया। इतना ही नहीं अब लाभार्थी की आयु 60 वर्ष होते ही आॅनलाइन माध्यम से स्वयतः ही पैंशन बन जाती है। उन्हें कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ते। आज प्रदेश के लगभग 2.32 लाख लाभार्थी घर बैठे आॅनलाइन पैंशन का लाभ ले रहे हैं।

श्री नायब सिंह ने कहा कि वर्तमान सरकार द्वारा हर घर नल से जल योजना के तहत प्रदेश के हर घर में स्वच्छ पानी की आपूर्ति की जा रही है। जबकि पिछली सरकार में माताओं बहनों को एक-एक किलोमीटर चलकर पानी लाना पड़ता था। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने किसानों को फसलों का लाभकारी मूल्य दिलवाने और उन्हें जोखिम मुक्त बनाने के लिए भावान्तर भरपाई योजना लागू की है। इसके अलावा 14 फसलें एमएसपी पर खरीदी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि आज हरियाणा का किसान भूपेंद्र हुड्डा से पूछना चाहता है कि उन्होंने अपने कार्यकाल में कितनी फसलों को एमएसपी पर खरीदने का काम किया है।

error: Content is protected !!