भूपेंद्र चौहान एचएसएससी सदस्य नियुक्त ….

एचएसएससी सदस्य नियुक्त किए जाने पर मुख्यमंत्री नायब सैनी, पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल और प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडौली का जताया आभार

पार्टी ने दिया कार्यकर्ता को सम्मान, पूरी निष्ठा और लगन से काम करूंगाः भूपेंद्र चौहान

गुरुग्राम, 14 जुलाई। हरियाणा की नायब सरकार ने भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष भूपेंद्र चौहान को हरियाणा स्टाफ सलेक्शन कमिशन (एचएसएससी)  का सदस्य नियुक्त किया है। भूपेंद्र चौहान के एचएसएससी सदस्य नियुक्त होने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने खुशी जताई है। खासकर गुरुग्राम और उनके गांव वजीरपुर में खुशी का माहौल है। चौहान की नियुक्ति पर समर्थकों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।एचएसएससी सदस्य नियुक्त होने पर भूपेंद्र चौहान ने भी मुख्यमंत्री नायब सैनी, पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल और प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली समेत तमाम भाजपा शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया है।

भूपेंद्र चौहान की राजनीतिक यात्रा 2002 में भाजपा कार्यकर्ता के रूप में शुरू हुई थी। श्री चौहान 2003 में बूथ अध्यक्ष, 2004 से 2006 तक गुरुग्राम में युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष, वर्ष 2006 से 2009 तक युवा मार्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रहे। 2009 से 2010 तक श्री चौहान भाजपा ग्रामीण जिला महामंत्री, 2010 से 2013 तक गुरुग्राम के युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष, 2013 से 2016 तक भाजपा जिला महामंत्री रहे। इसके बाद श्री चौहान को 2016 में जिला अध्यक्ष का दायित्व पार्टी की तरफ से दिया गया। उन्होंने 2020 तक जिला अध्यक्ष का दायित्व संभाला। भूपेंद्र चौहान 2020 से अब तक भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी में विशेष आमंत्रित सदस्य हैं।

नायब सरकार ने भूपेंद्र चौहान को एचएसएससी सदस्य बनाकर उनको बड़ा तोहफा दिया है। एचएसएससी में अपनी नियुक्ति पर भूपेंद्र चौहान ने सरकार और पार्टी को विश्वास दिलाते हुए कहा कि वह पूरी निष्ठा से काम करेंगे।

You May Have Missed