हरियाणा पर दिल्ली की पहली नजर आज होगी बैठक, इसी साल होने हैं विधानसभा चुनाव

अशोक कुमार कौशिक 

लोकसभा चुनाव में मिले झटके के बाद बीजेपी अब आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर मिशन मोड में है। सोमवार को बीजेपी ने विधानसभा चुनाव वाले राज्यों के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। चार चुनावी राज्यों महाराष्ट्र, हरियाणा, झारखंड और जम्मू कश्मीर के लिए पार्टी ने प्रभारी और सह प्रभारियों की नियुक्ति कर दी है। 

हरियाणा में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं। इसको लेकर आज यानी सोमवार को दिल्ली में हरियाणा बीजेपी की अहम बैठक है। बीजेपी केंद्रीय नेतृत्व ने हरियाणा बीजेपी की बैठक बुलाई है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल बैठक में मौजूद रहेंगे। बीजेपी के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़, हरियाणा बीजेपी प्रभारी बिप्लव देव, प्रदेश संगठन मंत्री समेत कई वरिष्ठ नेता बैठक में मौजूद रहेंगे।

बैठक में लोकसभा चुनाव के खराब परिणाम की समीक्षा और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति समेत कई संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा होगी। पिछले लोकसभा के मुकाबले हरियाणा में इस बार बीजेपी को बहुत बड़ा झटका लगा। बीजेपी ने इस बार हरियाणा की 10 लोकसभा सीटों में से पांच पर जीत हासिल की जबकि पांच सीटें कांग्रेस के खाते में गईं।

2019 में बीजेपी ने जीती थीं हरियाणा की सभी 10 सीटें

2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने हरियाणा की सभी सीटों पर परचम लहराया था जबकि कांग्रेस का खाता भी नहीं खुला था। आज की बैठक में इसी की समीक्षा की जाएगी आखिर उन पांचों सीटों पर क्यों हार मिली? अगर वोट प्रतिशत की बात करें तो इस बार बीजेपी के करीब 12 प्रतिशत वोट घटे। वहीं, कांग्रेस का वोट बैंक 20 प्रतिशत से ज्यादा बढ़ा।

महाराष्ट्र में इस साल के आखिर में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव महाराष्ट्र को चुनाव प्रभारी और अश्वनी वैष्णव सह प्रभारी बनाया गया है। बता दें कि महाराष्ट्र में कुल 105 सीटें हैं और इस साल के अंत में इन सभी सीटों पर विधानसभा चुनावों का आयोजन किया जाएगा।

इसी तरह हरियाणा के चुनाव अभियान की कमान केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को सौंपी गई है। प्रदेश में बिप्लब कुमार देब को सह प्रभारी नियुक्त किया गया है। हरियाणा में अक्टूबर या फिर नवंबर में विधानसभा चुनावों का आयोजन कराया जा सकता है। यहां विधानसभा की 90 सीटों पर चुनाव होगा।

झारखंड के लिए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को प्रभारी बना गया गया है। असम के सीएम हिमंता बिस्व सरमा को सह प्रभारी नियुक्त किया गया है। झारखंड की 82 विधानसभा सीटों पर भी इस साल के अंत में चुनावों का आयोजन किया जाएगा।

इसके साथ ही केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी को जम्मू कश्मीर का प्रभारी नियुक्त किया गया है। बता दें कि जम्मू-कश्मीर में पहले 107 विधानसभा सीटें थीं, जो अब 114 हो गई हैं। यहां पहले विधानसभा में 2 नामित सदस्य हुआ करते थे, जो अब 5 हो गए हैं।

लोकसभा चुनाव में अपने शानदार प्रदर्शन से कांग्रेस गदगद

कांग्रेस हरियाणा में लोकसभा चुनाव में अपने शानदार प्रदर्शन से गदगद है। उसे पूरी उम्मीद है इस बार हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनेगी और बीजेपी का सूफड़ा साफ हो जाएगा। हाल ही में गोहाना से कांग्रेस विधायक जगबीर मलिक ने एक बड़ा बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि लोकसभा चुनाव में हरियाणा की जनता ने अपना रुख साफ कर दिया है। इस बार हरियाणा से बीजेपी का सूपड़ा साफ हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!