डॉ. भीम राव अंबेडकर का सबसे ज्यादा अपमान कांग्रेस ने किया, भाजपा ने बाबा साहेब को भारत रत्न दिलवाया

अब तक 100 से ज्यादा बार संविधान में संशोधन कांग्रेस ने किया

भाजपा ने किया सम्मान, अंबेडकर जयंती की छुट्टी प्रधानमंत्री ने ही घोषित करवाई

चंडीगढ़/ रोहतक 17, मई। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद कृष्ण लाल पंवार ने रोहतक में कांग्रेस को घेरे में लिया। पंवार ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर का सबसे ज्यादा अपमान आज तक किसी ने किया है तो वह कांग्रेस ने किया है। कांग्रेस ने बाबा साहेब के बनाए गए संविधान में अब तक 100 से भी अधिक बार संशोधन किया। अब कांग्रेस भ्रामक प्रचार कर रही है कि भाजपा आरक्षण समाप्त कर देगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बारे में कांग्रेस झूठा प्रचार करके आरक्षण और बाबा साहेब के नाम पर वोट हड़पना चाहती है।

यहां भाजपा मंगल कमल कार्यालय में पत्रकारों से बात करते हुए कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि सदन में प्रधानमंत्री ने जवाहर लाल नेहरू की लिखी वो चिट्ठी भी पढ़ी थी जिसमें नेहरू ने लिखा था कि देश तरक्की की राह पर है और आरक्षण खत्म कर देना चाहिए। अब कांग्रेस के नेता झूठा प्रचार कर रहे हैं कि भाजपा आरक्षण खत्म करना चाहती है। बाबा साहेब का अपमान करने वाली कांग्रेस को पता होना चाहिए कि भीमराव अंबेडकर का सबसे ज्यादा सम्मान ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया है।
 मोदी ने ही बाबा साहेब को भारत रत्न दिलवाया। अंबेडकर जयंती की छुट्टी भी प्रधानमंत्री ने ही घोषित करवाई। अंबेडकर के नाम पर म्यूजियम बनवाया। जबकि कांग्रेस ने दलित भाईयों का अपमान किया। पत्रकार वार्ता के दौरान पंवार के साथ भाजपा मीडिया प्रभारी अरविंद सैनी, प्रवक्ता नेहा धवन, घुमंतू जाति के चेयरमैन डॉ. बलवान, मीडिया सहप्रमुख नवीन राठी, अशोक खुराना, जिला मीडिया प्रभारी तरुण सन्नी शर्मा मौजूद रहे।

संतों की जयंती सरकारी स्तर पर भाजपा ने ही मनायी

राज्यसभा सांसद कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि भाजपा ऐसी पहली पार्टी है जिसने डॉ. भीमराव अंबेडकर, संत कबीर दास, गुरु रविदास, महर्षि वाल्मीकि जयंती को सरकारी तौर पर मनाए जाने का फैसला लिया और मनाई भी। कुरुक्षेत्र में गुरु रविदास के नाम से 5 एकड़ जमीन खरीदी जहां रविदास धाम और उनका स्टेच्यू बनेगा। भाजपा ने हमेशा एससी समाज का सम्मान किया है। जनता कांग्रेस के झूठे प्रचार के झांसे में आने वाली नहीं है।  

एससी समाज भाजपा के साथ

कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि एससी समाज भाजपा के साथ है, कांग्रेस वाले भ्रम में न रहे। एक सवाल के जवाब में पंवार ने कहा कि लोकसभा की सभी 10 सीट भाजपा जीत रही है। रोहतक हो या करनाल सभी में कमल खिलेगा। पिछली बार संजय भाटिया को साढ़े छह लाख वोट से करनाल ने विजयी बनाया था, इस बार मनोहर लाल खट्टर उससे भी ज्यादा वोट से जीतेंगे।

मैंने सपने में भी नहीं सोचा था की राज्यसभा में जाऊंगा

राज्यसभा सांसद कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि मैंने सपने में भी नहीं सोचा था कि मैं राज्यसभा जाऊंगा। उन्होंने बताया कि मैं घर बैठा हुआ था और अचानक ओमप्रकाश धनखड़ का फोन आया और मुझे बताया गया कि आप राज्यसभा में सांसद के रूप में जा रहे हैं। मुझे विश्वास नहीं हुआ। तभी धनखड़ ने फोन पर ही मेरी बात मुख्यमंत्री मनोहरलाल से करवाई और उन्होंने मुझे बधाई देते हुए कहा कि आप राज्यसभा सांसद बनेंगे। मेरे कहने का अभिप्राय ये है कि भाजपा ही ऐसी पार्टी है जहां आम कार्यकर्ता ऊंचे पद पर पहुंच सकता है। जबकि कांग्रेस में सिर्फ परिवारवाद हावी है।

error: Content is protected !!