देश के लोगों का दमन कर रही है भाजपा सरकार, लोगों का आदर-सत्कार करना भाजपा के डीएनए में नहीं

बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, महंगाई और किसानों के मुद्दों पर बोलने से कतरा रही है भाजपा

चंडीगढ़/सिरसा, 18 मई। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, पूर्व केंद्रीय मंत्री, हरियाणा कांग्रेस की पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं उत्तराखंड की प्रभारी एवं सिरसा लोकसभा सीट से कांग्रेस (इंडिया गठबंधन) की उम्मीदवार कुमारी सैलजा ने कहा कि दस साल की राजनीति में बहुत बदलाव आया है, आज देश में संविधान और लोकतंत्र बचाने की जंग जारी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर गरीब परिवार को प्रतिमाह 10 किलोग्राम राशन दिया जाएगा। मोदी सरकार बिना सिर पैर के मुद्दे उठाकर जनता को गुमराह कर रही है वह बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, महंगाई और किसानों के मुद्दों पर बोलने से कतरा रही है क्योंकि उसके पास कहने के लिए कुछ नहीं है, लोकतंत्र में मान सम्मान होता है पर लोगों का मान सम्मान करना तो भाजपा के डीएनए में नहीं है, ये सरकार लोगों का दमन कर रही है, इस तानाशाह सरकार से छुटकारे का समय आ गया है लोग बस मतदान वाले दिन की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

कुमारी सैलजा ने शनिवार को कालांवाली विधानसभा क्षेत्र के अनेक गांवों का दौरा कर जनसभाओं को संबोधित किया। जगह जगह पर उनका पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। बुजुर्गो ने उनके सिर पर हाथ रखकर जीत का आशीर्वाद दिया। उनके साथ पूर्व सांसद चरणजीत सिंह रोडी, पूर्व सांसद डा. सुशील इंदौरा, विधायक शीशपाल केहरवाला, ओमप्रकाश केहरवाला, निर्मल सिंह मलडी, कृष्ण कुमार चेयरमैन ब्लाक समिति, कर्मजीत कौर, आर सी लिंबा, सुरजीत सिंह भावदीन, मनदीप सिंह शेरगिल, राजेश चाड़ीवाल, रत्न गैदर, भूपेंद्र सिंह राठौड, पुष्पा मंहत, बलविंद्र सिंह नेहरा, विशाल वर्मा आदि मौजूद थे। गांव खैरेकां में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कुमारी सैलजा ने कहा कि इस समय देश में बदलाव की लहर जारी है, भाजपा का ग्राफ नीचे गिर कर रहा है। पिछले दस साल वाली स्थिति अब नहीं चलने वाली है। आज दमन की राजनीति हो रही है, लोगों को जीएसटी, ईडी और सीबीआई का दुरूपयोग कर दबाया और डराया जा रहा है। देश का मानसिक रूप से बंटवारा किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार आमजनता के हित में कोई काम करने के बजाए जनता और किसानों के साथ पोर्टल-पोर्टल खेल रही है, किसानों को बर्बाद हुई फसलों का मुआवजा तक नहीं दिया जाता और धनाड्यों के लाखों-करोडों के कर्जे माफ कर दिए जाते हैं। सबका साथ सबका विकास का नारा देने वाली सरकार ने जब सरपंचों के सारे अधिकार ही छीन लिये तो गांवों में कैसे विकास होगा, इस सरकार के कार्यकाल में बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, महंगाई तेजी से बढ़ रहे हैं। सरकार जनहित के मुद्दों पर ध्यान देने के बजाए जनता को मुद्दों से भटका कर देश की जनता के साथ विश्वासघात के सिवाय कुछ नहीं किया, कभी लोगों के खाते में 15 लाख रुपये डालने की बात कहकर गुमराह किया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने देश और समाज में बंटवारे जैसा माहौल बना दिया है, देश में लोकतंत्र तो रहा ही नहीं सरकार तानाशाह बनी हुई है, लोग अपने सम्मान और अधिकारियों की लड़ाई लड़ रहे हैं, अब हमें किसानों, युवाओं, महिलाओं, कर्मचारियों के हितों का ध्यान रखकर कल के बारे में सोचना है आज समय आ गया है जहां लोकतंत्र को बचाना भी है और उसे मजबूत करना भी है। युवाओं को नशे की गर्त से बाहर निकालकर उन्हें समाज की मुख्यधारा में शामिल करना है और उनको रोजगार उपलब्ध करवाना है। जिस देश में बेरोजगारों की कतार लगी हुई है वहां विकास की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि किसान अपने हकों की लड़ाई लड़ रहा है पर सरकार के पास उनको मुआवजा तक देने के लिए पैसे नहीं है पर सरकार के साथ चलने वाले दो चार धलाड्यों के लाखों-करोडों के कर्ज माफ किए जाते है क्या इसी को सबका साथ सबका विकास कहा जाता है।

उन्होंने कहा कि सिरसा लोकसभा क्षेत्र उनका अपना घर परिवार है, उनके पिता चौ दलबीर सिंह का इस क्षेत्र से लगाव रहा है इसी भूमि से उन्होंने राजनीति की शुरूआत की, मेरा इस क्षेत्र से गहरा नाता रहा है, उनका सिरसा आना जाना रहा है वे लोगों के सुख दुख में शामिल होती रही है। उन्होंने कहा कि यहां के लोगों के कहने पर ही वे चुनाव लड़ रही है सच तो ये है कि यहां से सैलजा नहीं बल्कि यहां की जनता चुनाव लड़ रही है। भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर करने के लिए हम सभी को एकजुट होकर लडाई लड़नी होगी। हम सभी को मिलकर बीजेपी के मंंसूबों को पूरा नहीं होने देना है। कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों की आय दुगनी करने के बात कही थी आय दुगनी तो नहीं हुई पर दस साल में किसान पर आर्थिक बोझा कई गुना बढ़ गया। फसलों को मुआवजा दिया नहीं जा रहा है, किसान धरना प्रदर्शन कर रहा है, सरकार एमएसपी की बात से दूर भाग रहा है एसएसपी पर आश्वासन ही दिए जा रहे है पर कांग्रेस वायदा करती है कि एमएसपी कानून लागू किया जाएगा और किसानों के सारे कब्जे माफ किए जाएंगे। सरपंचों और स्थानीय निकायों के अध्यक्षों के अधिकार बहाल किए जाएंगे। युवाओं, महिलाओं को उनके हक दिए जाएगें, भाजपा किसी न किसी बहाने से महिलाओं, बहन बेटियों का अपमान करती आ रही है पर कांग्रेस महिलाओं का पूरा मान सम्मान करेगी। नशा मुक्ति को लेकर सख्त नीति बनाई जाएगी। युवाओं को नशे से बाहर निकालने के लिए प्रभावित हर जिला में नशा मुक्ति केंद्र खोले जाएंगे।

error: Content is protected !!