विधायक बोले समय को लेकर नहीं हो पा रहा था फैसला 

वीरवार को महेंद्रगढ़ में हो रही है तीसरी रैली

भारत सारथी/ कौशिक 

नारनौल। भाजपा ने 27 अप्रैल को अटेली विधानसभा हलके में आयोजित होने वाली ‘विजय संकल्प रैली’ को अचानक स्थगित कर दिया गया। रैली के आयोजक और अटेली के भाजपा विधायक सीताराम यादव ने इसकी वजह समय की कमी बताई है। बताया जा रहा है कि नांगल चौधरी और नारनौल की रैली में भीड़ न जुटने के कारण यह निर्णय लिया गया है।

अटेली के भाजपा विधायक सीताराम यादव ने बताया की रैली का समय बदलेंगे ताकि तैयारी के लिए थोड़ा समय ओर मिल सके। रैली की नई तारीख का ऐलान अभी किया जाना है। 

हरियाणा में भाजपा अपने लोकसभा उम्मीदवारों के समर्थन में विधानसभा स्तर पर विजय संकल्प रैलिया आयोजित कर रही है ।इसी के तहत भिवानी महेंद्रगढ़ लोकसभा सीट में पार्टी के उम्मीदवार चौधरी धर्मवीर सिंह के समर्थन में गत रविवार को महेंद्रगढ़ जिले की नांगल चौधरी विधानसभा सीट और मंगलवार को नारनौल सीट पर रैलियां की गई। तीसरी रैली बृहस्पतिवार को महेंद्रगढ़ विधानसभा की अनाज मंडी महेंद्रगढ़ में प्रस्तावित है। 

अटेली के विधायक सीताराम के अनुसार पार्टी नेतृत्व में उन्हें 27 अप्रैल की शाम 5 बजे अटेली में रैली करवाने के समय दिया था। जबकि मैं चाहता हूं कि यह रैली सुबह 11 बजे कराई जाए। पार्टी नेतृत्व से चर्चा में रैली के टाइम को लेकर अंतिम फैसला नहीं हो पाया। इसलिए रैली को स्थगित किया गया है। नई तारीख का ऐलान जल्दी ही कर दिया जाएगा। 

दरअसल अहीरवाल क्षेत्र में विजय संकल्प रैलियों को कम जन समर्थन मिलने के बाद भाजपा रैलियों से जुड़े प्रोग्राम पर पुनर्विचार करने को मजबूर हो गई है। मंगलवार को नारनौल में रखी गई रैली बुरी तरह फ्लॉप हो गई । अधिकांश कुर्सियां खाली रह गई थी। उसे पर भाजपा के लोगों द्वारा यह तर्क दिया गया ताकि हनुमान जयंती होने के कारण जगह-जगह आयोजन थे इस कारण लोग नहीं आ पाए। 

हरियाणा में वोटिंग 25 मई को होनी है और अभी मतदान में महीने भर का समय बाकी है ऐसे में पार्टी नेतृत्व चाहता है कि चुनाव थोड़ा नजदीक आने पर माहौल गर्माने के बाद रैलियां की जाए। 

भाजपा बहाने बनाने को मजबूर: जेजेपी

लगभग साढ़े चार साल तक हरियाणा में भाजपा के साथ मिलकर सरकार चलाने वाली जननायक जनता पार्टी ने रैली स्थगित करने पर निशाना साधा है। जेजेपी के प्रदेश उपाध्यक्ष अभिमन्यु राव ने कहा है कि भाजपा झूठ और बदले की राजनीति करती है। जिसे जनता समझ चुकी है। यही कारण है कि लोगों ने भाजपा और उसके कार्यक्रमों से दूरी बना ली है। 

राव ने कहा कि भाजपा विधायक सीताराम यादव भले ही रैली की तारीख और समय बदलने की बात कर रहे हो लेकिन हकीकत यही है कि लोगों ने विधायक और भाजपा दोनों को बदलने का मन बना लिया है। ऐसे में भाजपा नए-नए बहाने बनाने को मजबूर है। 

बसपा ने भी कहा कि जनता भाजपा को नकार रही है 

बहुजन समाज पार्टी के नेता अतरलाल ने कहा है कि प्रदेशवासी भाजपा के असली चेहरे को पहचान चुके हैं। इसलिए अब उनके जैसे में आने वाले नहीं हैं। इसका उदाहरण नांगल चौधरी और नारनौल की रैलियां है जहां जनता ने भाजपा को अस्वीकार कर दिया है। भाजपा और जजपा ने साढे चार साल के शासन में जनता का शोषण किया है। सरकार ने पोर्टल के नाम पर सुविधा देने की बजाय आम जनता को परेशानी को बढ़ाया है। प्रदेश सरकार की नीति के कारण हर घर का एक आदमी अपने दस्तावेजों को अपडेट करवाने के लिए इधर-उधर दौड़ लगाता रहता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!