कहा, कांग्रेस केवल दो फसलें गेहूं और धान एमएसपी पर खरीदती थी, भाजपा ने कई फसलें एमएसपी पर खरीदी

जिस दलदल से निकलकर आए थे बीरेंद्र उसी दलदल में चले गए

चंडीगढ़/ उकलाना ,  9 अप्रैल।  हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा है कि केंद्र और प्रदेश सरकार ने किसानों को मजबूत करने की दिशा में अनेक ठोस कदम उठाए हैं। किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना, कृषि सिंचाई योजना पर सब्सिडी, किसान के खेत तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था, ट्रैक्टर और अन्य कृषि उपकरणों पर सब्सिडी, एमएसपी पर फसलों की खरीद जैसे कदम उठाकर किसानों को केंद्र सरकार ने मजबूत करने का काम किया है। वह आज यहां हिसार लोकसभा क्षेत्र की विजय संकल्प रैली को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के साथ में हरियाणा पंजाब और राजस्थान में गेहूं और धान के अलावा कोई दूसरी फसल एमएसपी पर नहीं खरीदी जाती थी, लेकिन भाजपा की सरकार ने गेहूं और धान के अलावा सरसों, कपास जैसी दूसरी अनेक फसलें एमएसपी पर खरीदकर किसानों को राहत देने का काम किया है। इस बात को सुनिश्चित किया है कि किसान की फसल का दाम हर साल बढ़ाया जाए।

मुख्यमंत्री ने हिसार लोकसभा सीट से भाजपा के उम्मीदवार रणजीत सिंह चौटाला के पक्ष में लोगों को मतदान की अपील करते हुए कहा कि भाजपा ने हिसार में एयरपोर्ट बनाने, हिसार मेट्रोपॉलिटन अथॉरिटी की स्थापना करने के साथ-साथ हिसार के राखीगढ़ी को दुनिया के मानचित्र पर उभरने का काम किया है। नरेंद्र मोदी और मनोहर लाल की सरकार ने 10 साल में देश और प्रदेश की तस्वीर को बदलने का काम किया है। प्रधानमंत्री ने हिसार के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी। हिसार के पूर्व भाजपा सांसद बृजेंद्र सिंह और उनके पिता बीरेंद्र सिंह जिस दलदल से निकाल कर आए थे अब उसी दलदल में चले गए हैं।

आज देश सुरक्षित और मजबूत हाथों में

कांग्रेस पार्टी पर तीखे प्रहार करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 55 साल तक कांग्रेस ने देश पर राज किया और इन 55 सालों में देश को अपमान सहना पड़ा आज देश सुरक्षित और मजबूत हाथों में है। उन्होंने कांग्रेस को देश में समस्या पैदा करने वाली पार्टी बताते हुए कहा कि कांग्रेस आज भी सत्ता में आने पर धारा 370 पर विचार करने की बात कहती है लेकिन देश की जनता उन्हें यह मौका नहीं देने वाली है। इस बार देश में कांग्रेस का सुपड़ा साफ हो जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस यह कहती थी कि अगर धारा 370 खत्म की गई तो खून की नदियां बहने लगेगी, लेकिन भाजपा ने 1 घंटे में 370 खत्म कर दी गई और एक पत्ता तक नहीं था।

युवाओं के मुद्दे पर बोलते हुए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि हरियाणा का युवा 2014 से पहले विश्वास हो चुका था। उसकी पढ़ाई पर से विश्वास खत्म हो रहा था, क्योंकि एक नौकरी के लिए पूरे गांव को विधायकों और मंत्रियों के चक्कर काटने पड़ते थे लेकिन मनोहर लाल की सरकार ने बिना खर्ची और बिना पर्ची और बिना चक्कर काटे लोगों को नौकरी देने का काम किया जिससे प्रदेश के युवाओं में एक बार फिर पढ़ाई पर विश्वास कायम हुआ है। उन्होंने कहा कि विपक्ष दुष्प्रचार करते हुए गारंटी देने की बात करेगा लेकिन आज देश को किसी और की गारंटी पर कोई विश्वास नहीं है उसे केवल मोदी की गारंटी पर विश्वास है। उन्होंने उकलाना की जनता से कहा कि राज्य में चुनाव आचार संहिता खत्म होने के बाद रणजीत सिंह और वह खुद लोगों के बीच आएंगे और उनकी सभी मांगों को पूरा करने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि जो काम कांग्रेस 60 सालों में नहीं कर पाई वह काम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 10 सालों में करने का काम किया गया है जिनमें 24 घंटे बिजली, हर घर को स्वच्छ पानी, आयुष्मान कार्ड, सिलेंडर आदि शामिल हैं।

बीरेंद्र सिंह के दल बदलने पर बरसे सुभाष बराला

पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह आज कांग्रेस में शामिल हो गए। भाजपा के राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने इस पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि जब वह भाजपा में आए तो साधारण से नेता थे। भाजपा ने पहले बीरेंद्र सिंह को राज्यसभा में भेजा उन्हें केन्द्र सरकार में सबसे बड़े मंत्रालय का मंत्री बनाया। फिर उनकी पत्नी को विधानसभा में भेजा और उसके बाद उनके बेटे को लोकसभा में भेजने का काम किया। अब बीरेंद्र सिंह को यह पता था कि वह चुनाव नहीं जीत सकते और जो चुनाव नहीं जीत सकता नरेंद्र मोदी उसे टिकट नहीं देंगे। अपनी टिकट कटने के डर से वह एक बार फिर कांग्रेस में चले गए हैं।‌ उन्होंने कांग्रेस को डूबता हुआ जहाज बताते हुए कहा कि कांग्रेस बीरेंद्र सिंह का भविष्य कैसे बचाएगी।

भाजपा की तीसरी बार भी सरकार बनेगी और चौथी बार भी : रणजीत

हिसार लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार रणजीत चौटाला ने कहा कि कांग्रेस ने कभी भी किसानों के किसी भी नेता का सम्मान नहीं किया। उन्होंने बड़ा ऐलान किया कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा को भी विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस छोड़कर जाना पड़ेगा। उन्होंने भाजपा को सभी वर्गों की हितैषी बताते हुए कहा कि भाजपा की तीसरी बार भी सरकार बनेगी और उसके बाद चौथी बार भी सरकार बनेगी। रणजीत चौटाला ने कहा कि मनोहर लाल ने बिजली में सुधार के लिए उन्हें फ्री हैंड छोड़ा था और इसी का परिणाम था कि आज हरियाणा में 24 घंटे बिजली मिल रही है। उन्होंने कहा कि पूरे देश में ऐसा पहली बार हुआ है जब सर्दियों में सरकार ने दिन के समय टयूबवैल चलाने के लिए बिजली उपलब्ध करवाई, ताकि किसानों को रात के समय खेतों में ठिठुरती ठंड में न जाना पड़े।

 उकलाना में आयोजित भाजपा की विजय संकल्प रैली में मुख्य रूप से मंत्री डॉक्टर कमल गुप्ता, पूर्व सांसद डीपी वत्स, हांसी के विधायक विनोद भ्याना, पटौदी के विधायक सत्य प्रकाश जरावता, चेयरमैन अमरपाल राणा, हिसार जिला अध्यक्ष आशा खेदड़, रवि सैनी, जवाहर सैनी, सोनू ढाका, श्रीनिवास गोयल, पूर्व मेयर गौतम सरदाना, कैप्टन भूपेंद्र, सीमा गैबीपुर मौजूद थे।

error: Content is protected !!