मोदी भ्रष्टाचार को मिटा रहे हैं, जबकि इंडी गठबंधन में शामिल दल भ्रष्टाचारियों को बचा रहे हैं: मुख्यमंत्री नायब सैनी

नायब सैनी ने कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, आरजेडी, सपा, जेएमएस, डीएमके, तृणमूल और वामपंथी पार्टियों को भ्रष्टाचार पर घेरा

देश ने दिल्ली रामलीला मैदान में घोटालेबाजों की बारात देखी : नायब सैनी

चंडीगढ़, 1 अप्रैल। हरियाणा के मुख्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नायब सिंह सैनी ने चंडीगढ़ में प्रेस कांफ्रेंस करके मोदी सरकार और हरियाणा सरकार की उपलब्धियां गिनाई तथा दिल्ली के रामलीला मैदान में रैली करने वाले इंडी गठबंधन के नेताओं द्वारा किए गए भ्रष्टाचार की पोल खोली। इंडी गठबंधन को घेरते हुए कहा कि घमंडिया गठबंधन में भ्रष्टाचार का भाईचारा निभाया जा रहा है।  अपने भ्रष्टाचार को जस्टिफाई करने के लिए दिल्ली के रामलीला मैदान में इक्कट्ठे हुए घमंडिया गठबंधन को पूरे देश ने देखा है। सीएम सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते हैं कि भ्रष्टाचार हटाओ, मगर इंडी गठबंधन के नेता बोलते हैं कि भ्रष्टाचारी को बचाओ। उन्होंने कहा कि घमंडिया गठबंधन के नेता मोदी जी पर कितने ही हमले कर लें, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी रूकने वाले नहीं हैं। प्रधानमंत्री मोदी के लिए 140 करोड़ जनता उनका पररवार है और प्रधानमंत्री मोदी अपने परिवार को भ्रष्टाचारियों से बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं।

 मुख्यमंत्री नायब सैनी सोमवार को चंडीगढ़ में प्रेसवार्ता को संबोधित कर रहे थे। यहां श्री सैनी ने कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, आरजेडी, सपा, जेएमएस, डीएमके, तृणमूल और वामपंथी पार्टियों द्वारा  एक के बाद एक किए गए भ्रष्टाचार और लूटपाट के मामलों की पोल मीडिया के सामने खोली।

नायब सैनी ने कहा कि दिल्ली के मैदान में देश ने रविवार को घोटालेबाजों की बारात देखी, जो देश को लूटना चाहते हैं और यह भी चाहते हैं कि उनके भ्रष्टाचार पर कोई चर्चा ना हो। इंडी गठबंधन पर तंज कसते हुए नायब सैनी ने कहा कि ये लोग  अपना हर रोज बड़े चाव से एक घोटाला करते हैं वो और यह भी चाहते हैं कि कोई एक्शन ना लिया जाए। श्री सैनी ने कहा कि यह इंडी गठबंधन जनबंधन नहीं, बल्कि ठगबंधन है।

विपक्षी गठबंधन पर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि आम आदमी पार्टी कह रही है कि यह रैली केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में हैं, जबकि कांग्रेस इसके उलट कह रही है कि यह किसी व्यक्ति के समर्थन में नहीं पूरे गठबंधन की रैली है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी दिल्ली में तो एक दूसरे से मिल रहे हैं और पंजाब में आपस में ही लड़ रही है। जबकि पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी ने साथ चुनाव लड़ने से इंकार कर दिया, बिहार में आरजेड़ी ने और कर्नाटक में उद्धव ठाकरे ने अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए तथा यूपी में कांग्रेस को कोई भाव नहीं दे रहा।

इंडी गठबंधन पर तंज कसते हुए श्री सैनी ने कहा कि गठबंधन का काम यही रह गया है कि जितना हो सके लूटो और हर दिन नया झूठ बोलो। मोदी को गाली दो, देश को बदनाम करो। हिंदू धर्म को गाली दो, जमकर घोटाले करो, जांच एजेंसी जब नोटिस दें तब उसे इग्नोर करो। कार्रवाई हो तो कोर्ट पहुंचों, कोर्ट से फटकार लगे तो विक्टिम कार्ड खेलो। देश के लोकतंत्र पर खतरा बताओ, जनता को गुमराह करो, सारे चोर इक्ट्ठे हो जाओ, जोर-जोर से बोलो, छाती पीट-पीटकर बोलो, भ्रष्टाचारियों को बचाओ। श्री सैनी ने कहा कि ये सब ही इंडी गठबंधन के नेताओं के काम हैं।

मुख्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी ने कहा कि जो भ्रष्टाचारी हैं, जो भ्रष्टाचार के मामले में या तो जेल में हैं या बेल पर हैं, वे‘ ही भ्रष्टाचार बचाओ’ रैली निकाल रहे हैं। ये वो ही नेता हैं जो संदेशखाली में महिलाओं पर हुए अत्याचार पर चुप हैं। घमंडिया गठबंधन के नेता देश तोड़ने की बात कहने वालों को लोकसभा का टिकट देते हैं। देश की शक्ति का अपमान करते हैं, लेकिन सब चुप रहते हैं। शाहजहां सेठ जैसे अपराधी पर चुप रहते हैं, उदयनिधि, स्टालिन के सनातन विरोधी बयानों पर चुप रहते हैं। रामचरित मानस के अपमान पर चुप रहते हैं, ये अपने घोटालों पर चुप रहते हैं, लेकिन सजा पर सवाल उठाते हैं। हिंदू देवी देवताओं के अपमान पर चुप रहते हैं, झूठे आरोप लगाते हैं, लेकिन बाद में माफी मांगते हैं। पंजाब में जेल पर हमला होता है ये सभी घमंडिया गठबंधन के लोग चुप रहते हैं। श्री सैनी ने आरोप लगाते हुए कहा कि इंडी गठबंधन के नेताओं के चेहरों पर घोटाला और भ्रष्टाचार का काला धब्बा है।

आम आदमी पार्टी पर बोलते हुए नायब सैनी ने कहा कि सतेन्द्र जैन, मनीष सिसोदिया, संजय सिंह को जमानत कोर्ट नहीं दे रहा,  केजरीवाल कोर्ट के आदेश पर रिमांड पर हैं, हेमंत सोरेन को जमानत कोर्ट नहीं दे रहा, इनकम टैक्स की रिकवरी को दिल्ली हाईकोर्ट सही ठहरा रहा है, शाहजहां सेठ पर कोर्ट ने एक्शन लिया है, लालू यादव पर कोर्ट से मामला तय हो रहा है। श्री सैनी ने सवाल दागते हुए कहा कि क्या ये घमंडिया गठबंधन के नेता कोर्ट के खिलाफ रैली कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आजकल विपक्ष की पार्टियों में भ्रष्टाचार को मेडल की तरह पेश करने का फैशन चल पड़ा है। इनके लिए भ्रष्टाचार ही शिष्टाचार बन गया है। मामला कोर्ट में हो जब भी इन सभी लोगों को चिल्लाना है। कोर्ट में दलीलें काम नहीं आती तो बाहर हल्ला मचाते हैं।

नायब सैनी ने कहा कि अरविंद केजरीवाल खुलेआम कहा करते थे कि उनके उपर आरोप भी लगे तो राजनीति छोड़ दूंगा। लेकिन अब केजरीवाल कुर्सी छोड़ने को तैयार नहीं है।  जिस पार्टी के नेता अपने बच्चों की सौंगध खाकर कहते थे कि कांग्रेस से समर्थन नहीं लूंगा आज कांग्रेस के साथ मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। जिस पार्टी के नेता शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और पानी देने की बात करते हैं वे आज इनमें भी घोटाला कर रहे हैं।

कांग्रेस को घेरते हुए नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस पर तो आकाश से लेकर पाताल तक, आजादी से लेकर आज तक घोटालों के आरोप हैं। कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व 5 हजार करोड़ रुपये के घोटालों के आरोप में जेल से बेल पर हैं। जीप घोटालों से लेकर हेलीकॉप्टर घोटाला करने वाले देश के लोकतंत्र को बदनाम करने से लेकर चीन की सत्तारूढ़ पार्टी से एमओयू साइन करने तक इन पर आरोप लगे हैं। श्री सैनी ने कहा कि इन भ्रष्टाचार में लिप्त नेताओं ने बिहार को बीमारू राज्य की श्रेणी में लाकर खड़ा कर दिया है। उन्होंने कहा कि लालू यादव का एक ही लक्ष्य है कि अपने परिवार को सत्ता में लाना इसके लिए चाहे कितनी सीमाएं ध्वस्त करनी पड़े।

मुख्यमंत्री नायब सैनी समाजवादी पार्टी पर भी जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि सपा का परिवारवाद किसी से छिपा नहीं है। जो पार्टी कभी कांग्रेस को देश की सबसे बड़ी भ्रष्टाचारी पार्टी कहती थी वो आज उन्हीं की साथी बनी हुई है। इस पार्टी के नेता सनातन धर्म, रामचरित मानस पर आपत्तिजनक बयान सुनकर भी चुप्पी साधे रहे। सपा के शीर्ष  नेता को समाज और जनता की नहीं, सिर्फ अपने परिवार की चिंता है। रामलीला मैदान में बैठकर ‘तथाकथित तानाशाही हटाओ’ का नारा लगाने वाले अखिलेश यादव को अपनी गिरेबान में झांक लेना चाहिए कि किस तरह से उनके पिता मुलायम सिंह यादव ने रामभक्तों और कार सेवकों पर गोलियां चलाने का घोर पाप किया था।

नायब सैनी ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा की बुनियाद ही भ्रष्टाचार पर टिकी हुई है। भ्रष्टाचार के मामले में कोर्ट हेमंत सोरेन को जमानत नहीं दे रहा है। हेमंत सोरेने पर अवैध  खनन कर गरीब आदिवासियों के एक हजार करोड़ रुपये गबन करने का आरोप है। हेमंत सोरेने के ही करीबी पंकज मिश्रा और अमित अग्रवाल जैसे नेता घोटालों में शामिल हैं। खुद हेमंत सोरेन पर 8.5 एकड़ जमीन पर अवैध कब्जा करने का भी आरोप है। हेमंत सोरेने के घर से 36 लाख रुपये नकद और लग्जरी गाड़ियां बरामद होती है। मुख्यमंत्री रहते हुए सोरेन ने अपनी पत्नी को औद्योगिक पार्क की 11 एकड़ भूमि आवंटित कर दी।

नायब सैनी यहीं नहीं रूके। उन्होंने डीएमके, तृणमूल और वामपंथी पार्टियों पर भी जमकर निशाना साधा। श्री सैनी ने कहा कि डीएमके के 2जी घोटालों और निर्लजता को देश ने देखा। इनके नेता देश में अलगाव और भारत के टुकड़े-टुकड़े करने की बात करते हैं। तमिलनाडू के मुख्यमंत्री के बेटे उदयनिधि स्टालिन सनातन धर्म के समूल नाश की बात करते हैं। उन्होंने कहा कि ये वो लोग हैं जो देश को भाषाई और भौगोलिक आधार पर बांटना चाहते हैं। तृणमूल पर बोलते हुए नायब सैनी ने कहा कि तृणमूल तो टोलाबाजी, कटमनी और हफ्ता वसूली का अड्डा है। मुख्यमंत्री बनर्जी के भतीजे पर भ्रष्टाचार के मामले हैं। ममता सरकार के मंत्री भ्रष्टाचार में आकंठ डूबे हुए हैं। संदेशखाली में दलित महिलाओं पर हो रहे अत्याचार पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी चुप्पी साधे बैठी हुई है। ममता सरकार के नेताओं ने शिक्षक भर्ती से लेकर राशन तक घोटालों को अंजाम दिया है।

वामपंथी पार्टियों की पोल खोलते हुए नायब सैनी ने कहा कि केरल की कम्युनिसट सरकार ने सोने की तस्करी से लेकर एआई कैमरा का घोटाला किया है। वामपंथी दलों के नेता धार्मिक पवित्रता और लोकतंत्र के सिद्धांतों का कमजोर करने का लगातार प्रयास करते हैं। विजयन सरकार ने युवाओं को 20 लाख नौकरियां और छात्रों को लैपटॉप देने का झूठा वादा किया। शशि थरूर ने अपनी एक किताब में केरल की हिंदू नायर महिलाओं के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणियां की। वक्फ बोर्ड भर्ती का अधिकार पीएससी को सौंपने वाला बिल वापस लेकर मुख्यमंत्री विजयन ने एक विशेष वर्ग के आगे घूटने टेक दिए। घमंडिया गठबंधन के परिवारवाद पर हमला बोलते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता नायब सैनी ने कहा कि जिस तरह से शाहीनबाग में महिलाओं को आगे कर प्रदर्शन किया गया उसी तर्ज पर आम आदमी पार्टी और झारखंड मुक्ति मोर्चा के मुखिया अपनी अपनी पत्नियों को आगे कर रहे हैं। इन्हें अपने कार्यकर्ताओं पर भरोसा नहीं है।

किसान को सुरक्षित रखना हमारी सरकार का दायित्व है

हाल ही में हुई ओलावृष्टि से खराब हुई फसलों पर पूछे गए सवाल पर नायब सैनी ने कहा कि सरकार ने क्षतिपूर्ति पोर्टल को खोल दिया है। किसी भी किसान की फसल खराब हुई वे रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं। सीएम ने कहा कि गेहूं की परचेज व बारदाना को लेकर किसानों को कोई दिक्कत नहीं आएगी। किसानों की फसल का पैसा उनके बैंक अकाउंट में जाएगा। किसान को सुरक्षित रखना हमारी सरकार का दायित्व है।

अरविंद केजरीवाल के जेल जाने के सवाल पर नायब सैनी ने कहा कि जिसने भ्रष्टाचार किया है उस पर कानून अपना काम कर रहा है। भाजपा में दूसरे दलों से आ रहे नेताओं के बारे में पूछे गए सवाल पर श्री सैनी ने कहा कि भाजपा में वे ही अच्छे लोग आ रहे हैं जिनकी आवाज दबाया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को कांग्रेस का अहंकार ले डूबा है। कांग्रेस को देश के विकास की नहीं, बल्कि भ्रष्टाचारियों को बचाने की चिंता है।

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गरीबों, महिलाओं, किसानों, युवाओं के भविष्य के लिए काम कर रहे हैं। देश के लोगों का विश्वास प्रधानमंत्री मोदी पर बढ़ा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को यह डर सता रहा है कि 55 साल देश पर शासन किया और आज उनके पास कोई मुद्दे नहीं हैं। कांग्रेस चुनाव में वोट लेने के लिए झूठ का सहारा ले रही है, लेकिन देश प्रदेश की जनता कांग्रेस को समझ चुकी है।

नायब सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश बदला है और धरातल पर काम नजर आ रहे हैं इसकी चर्चा आम व्यक्ति तक कर रहा है। हरियाणा में पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पारदर्शी शासन व्यवस्था थी, जिस कारण युवा बिना पर्ची और बिना खर्ची के नौकरी लग रहे हैं। हरियाणा की जनता में भाजपा सरकार के प्रति उत्साह है। हरियाणा के मतदाता 25 मई को कमल का बटन दबाकर 10 की 10 सीटें मोदी के पास भेजने का काम करेंगे।

error: Content is protected !!