आम आदमी पार्टी ने नारनौल में भाजपा जिलाध्यक्ष आवास का किया घेराव, प्रदर्शन

कार्यकर्ताओं ने निकाला विरोध मार्च, केजरीवाल की गिरफ्तारी का जताया विरोध

भारत सारथी /कौशिक  

नारनौल। शहर में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में शहर भर में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने हुड्डा सेक्टर 1 स्थित भाजपा के जिलाध्यक्ष दयाराम यादव आवास का घेराव करते हुए प्रदर्शन किया।   
           
मंगलवार को आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता प्रदेश उपाध्यक्ष मनीष यादव के नेतृत्व में महेंद्रगढ़ रोड पर उपायुक्त निवास के सामने बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के पास इकट्ठा हुए। यहां से सभी कार्यकर्ता प्रदर्शन करते हुए सेक्टर-1 में पहुंचे, जहां पर उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में भारतीय जनता पार्टी के जिला प्रधान दयाराम यादव के घर का घेराव करते हुए प्रदर्शन करते हुए सरकार व भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की।

 इस मौके पर आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष मनीष यादव ने कहा कि भाजपा सरकार तानाशाही पर उतर आई है। जो भी विरोधी दल उनके खिलाफ मुंह खोलते हैं उन्हें जेल में डाल दिया जाता है। सरकार लोकतंत्र को खत्म करने में लगी हुई है। आम आदमी का हर कार्यकर्ता केजरीवाल है। हम सब मिलकर बीजेपी सरकार की के गलत निर्णय का डटकर विरोध करेंगे।
जिला प्रधान महेंद्र सिंह राता ने कहा कि केंद्र सरकार जांच एजेंसीयों का दुरुपयोग कर आम आदमी पार्टी के नेताओं को गिरफ्तार कर रही है। दिल्ली में बनाई गई आबकारी नीति बहुत ही पारदर्शी थी। इसमें कोई भी घोटाला नहीं हुआ, जबकि केंद्र सरकार सच्चाई को दबा रही है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर लगाए गए सभी आरोप निराधार हैं। उन्होंने कहा कि इसके लिए उन्होंने शांतिपूर्वक प्रदर्शन किया।

इस मौके पर आम आदमी पार्टी के गिरीश खेड़ा व जीतू  कपिल सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

You May Have Missed