तानाशाही रवैया अपनाकर भाजपा लोकतंत्र व विपक्ष को कुचलने में जुटी : लाल बहादुर खोवाल

हिसार : हरियाणा कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट ने भारतीय जनता पार्टी पर हमला करते हुए कहा कि भाजपा लोकसभा चुनाव जीतने के लिए ओच्छे हथकंडे अपना रही है। हरियाणा कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट के अध्यक्ष एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल ने कहा कि लोकतंत्र पर कुठाराघात करके विपक्ष को कुचलने का हरंसभव प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा तानाशाही रवैया अपनाते हुए सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। ईडी व सीबीआई के माध्यम से विपक्षी दलों के राजनेताओं पर न केवल दबाव बनाया जा रहा बल्कि उन्हें प्रताड़ित भी किया जा रहा है। खोवाल ने कहा कि भाजपा एक तरफ जनता को झूठे वादे करके बरगलाने की कोशिश कर रही है और दूसरी और प्रतिद्वंद्वी पार्टी व प्रत्याशियों को आतंकित किया जा रहा है।

एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल ने कहा कि भाजपा चाहे कितना ही तानाशाही रवैया अपनाकर कितने ही अत्याचार कर ले लेकिन अब सच्चाई जनता से छुपी हुई नहीं है। उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि तानाशाही व अत्याचार का बड़ा दर्दनाक अंत हुआ है। इसलिए जनता अब भाजपा को भी सबक सिखाने की तैयारी में है। उन्होंने कहा सच्चाई तो यह है कि जनविरोधी नीतियों के चलते भाजपा लोकसभा चुनाव हारने की कगार पर है। इसलिए भाजपा अलग-अलग पार्टी के नेताओं को निशाना बना रही है।

खोवाल ने कहा कि भ्रष्टाचार व अन्य आरोप लगाकर विपक्षी पार्टी के नेताओं के खाते सीज किए जा रहे हैं और उन्हें जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि छल-कपट की यह राजनीति अब अधिक दिन चलने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमेशा गरीब, मजदूर, किसान व पिछड़ा वर्ग सहित हर वर्ग का शोषण किया है। पिछले दो लोकसभा चुनाव में बड़े-बड़े वादे करके वोट हथिया लिए और एक बार फिर वही चाल चली जा रही है। विकास और सुविधाओं के नाम पर बरगलाने की कोशिश की जा रही है। वास्तविकता तो यह है कि आम आदमी तो भ्रष्टाचार, महंगाई व बेरोजगारी की मार झेल रहा है लेकिन भाजपा सरकार केवल राजनीतिक रोटियां सेक रही है। उन्होंने कहा कि सुशासन के नाम पर लोकसभा चुनाव में 400 पार का दावा करने वाली भाजपा सरकार की पोल जल्द ही खुल जाएगी।

error: Content is protected !!