भाजपा हर जगह से इंडिया शब्द को हटाने में लगी, लेकिन जीतेगा तो इंडिया ही : डॉ. सुशील गुप्ता

पांच सालों में कुरुक्षेत्र के 90% गांवों में नहीं गए सांसद नायब सैनी : डॉ. सुशील गुप्ता

जब बाढ़ आई तब विदेशों में सैर सपाटे पर थे नायब सैनी: डॉ. सुशील गुप्ता

आज भारत के संविधान और लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ हो रहा: बलबीर सैनी

“इंडिया” गठबंधन देश को बचाने की लड़ाई, देश को बचाना है तो बदलाव लाना होगा: बलबीर सैनी

पेहवा/कुरुक्षेत्र, 08 मार्च -आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष और कुरुक्षेत्र लोकसभा से “इंडिया” गठबंधन के तहत आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी डॉ . सुशील गुप्ता ने पिहोवा में चुनाव कार्यालय का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के कार्यकर्ता भी शामिल हुए। बैठक में आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष बलबीर सैनी, गेहल सिंह संधू, रघुबीर चट्ठा, भगवान सिंह अमरीक सिंह, मंदीप चट्ठा, कंवरजीत सिंह, हरमनप्रीत विर्क, हरप्रीत चिमा और जगदीश राठी मौजूद रहे। इससे पूर्व, डॉ. सुशील गुप्ता ने महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर शिव मंदिर (श्री संगमेश्वर मंदिर,अरुणाय) में भोले बाबा की पूजा अर्चना की तथा माता श्री बगुलामुखी मंदिर में भी दर्शन कर कुरुक्षेत्र लोकसभावासियों की खुशहाली एवं समृद्धि के लिए प्रार्थना की।

डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि लोकतंत्र को बचाने के लिए इंडिया गठबंधन बना है। भाजपा सरकार आम आदमी पार्टी को खत्म करना चाहती थी, लेकिन आम आदमी पार्टी का नेतृत्व ने हमेशा भाजपा के जुल्मों के खिलाफ लड़ता रहा, वहीं कांग्रेस भी लगातार संघर्ष करती रही। भाजपा निष्पक्ष चुनाव कराने के पक्ष में नहीं है। जब सारा देश ईवीएम मशीन में सेटिंग की बात करने लगा तो सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयुक्त की नियुक्ति के लिए तीन लोगों का पैनल बनाया। जिसमें प्रधानमंत्री, नेता प्रतिपक्ष और सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायधीश का नाम था। लेकिन भाजपा ने संख्या के बल पर उस फैसले को पलट दिया और कानून बनाया कि चुनाव आयुक्त की प्रधानमंत्री, एक उनका मंत्री और नेता प्रतिपक्ष करेगा। यानी कि दो तिहाई बहुमत भाजपा का होगा और एक तिहाई विपक्ष का।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने चंडीगढ़ मेयर चुनाव में वोटों की चोरी की जिसकी वीडियो पूरे देश ने देखी। जिसके बाद अरविंद केजरीवाल सुप्रीम कोर्ट गए और इंडिया गठबंधन की पहली जीत हुई। भाजपा सरकार खेलो इंडिया, स्टार्टप इंडिया और मेक इन इंडिया जैसे नारे देती थी, लेकिन जब से इंडिया गठबंधन बना है तब से हर जगह से भाजपा इंडिया शब्द को हटाने पर लग गई। लेकिन इंडिया नाम कहां कहां से हटाएंगे। क्योंकि अंत में इंडिया ही जीतेगा। जब खबरें आती थी कि इंडिया गठबंधन नहीं बनेगा तो भाजपा वालों के चेहरे खिलते थे लेकिन जब इंडिया गठबंधन बना है तब से भाजपा घबराई हुई है, क्योंकि इस बार पीएम मोदी की विदाई तय है। जब इस विदाई तय की बात आई तो इन्होंने अरविंद केजरीवाल को ईडी के नोटिस भेजने शुरु कर दिए, ताकि गठबंधन टूट जाए। लेकिन अरविंद केजरीवाल इन गीदड़ भभकियों से नहीं डरे और कहा कि हम मजबूती के साथ गठबंधन के धर्म को निभाएंगे। क्योंकि ये देश के लोकतंत्र का सवाल है।

उन्होंने कहा कि मैं प्रधानमंत्री मोदी और सीएम खट्टर को बताना चाहता हूं कि हरियाणा में इंडिया गठबंधन सभी 10 लोकसभा सीटें जीतेगा और धर्मनगरी कुरुक्षेत्र से इसकी शुरूआत होगी और इस जीत का आगाज पूरे भारत में जाएगा। उन्होंने कहा लोग कह रहे हैं कि कुरुक्षेत्र से सांसद नायब सैनी वोट मांगने नहीं आया था उनको पुलवामा और प्रधानमंत्री मोदी के नाम पर वोट दिया था। लेकिन जीतने के बाद भी नायब सैनी मिलने नहीं आया। अब लोग उनको नायब सैनी नहीं गायब सैनी कह रहे हैं। मैंने इनको कहा था कि जब बाढ़ आई तो नायब सैनी विदेशों में रंगरलियां मना रहे थे तो उन्होंने टीवी चैनल पर आकर कहा था कि वो कभी विदेश ही नहीं गए। लेकिन जब नायब सैनी कनाडा गए थे तो उसकी वीडियो हमारे पास है। इसका मतलब नायब सैनी जनता के सामने झूठ बोल रहे हैं। नायब सैनी कहते हैं कि वो महीने में 5,6 दिन कुरुक्षेत्र में रहते थे, लेकिन मैं बताना चाहता हूं कि वो कुरुक्षेत्र में बैठकर कहीं ढोकले खाते होंगे लेकिन गांव में नहीं गए। यदि गांव में गए होते तो तो गांव की सड़कें टूटी नहीं होती, गांव में नशे का कारोबार नहीं बढ़ता और गांव के किसानों पर गोलियां चलाने की हिम्मत नहीं होती।

उन्होंने कहा कि भाजपा की तानाशाह सरकार किसानों पर आंसू गैस के गोले छोड़े रही है और किसानों पर गोलियां चला रही है। पीएम मोदी ने किसानों से एमएसपी का वादा किया था और बाद में पलट गए। किसान सवा साल बॉर्डर पर बैठे थे, जहां 750 से ज्यादा किसानों ने शहादत दी थी। तब पीएम मोदी ने माफी मांग कर वो कृषि कानून वापस लिए थे। अब वो वादा याद दिलाने के लिए किसान जाना चाहते हैं तो खट्टर सरकार किसानों को रोक रही है। जबकि किसानों को रोकने का हरियाणा सरकार का कोई हक नहीं है। सीएम खट्टर ने हरियाणा के लोगों को पंजाब और दिल्ली दोनों तरफ से बंधक बना लिया है। जबकि संविधान में सबको शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने का अधिकार है। खट्टर सरकार किसानों से वो अधिकार छीनना चाहती है।

डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि हरियाणा में निरंतर अपराध बढ़ता जा रहा है। मुख्यमंत्री खट्टर से हरियाणा को अपराध की भट्टी में झोंक दिया है। मुख्यमंत्री खट्टर कहते हैं कि मैं आंकड़ों के साथ जवाब दूंगा। अगर मुख्यमंत्री खट्टर में दम है तो वे कुरुक्षेत्र से आकर चुनाव लड़ें यहां की जनता जवाब देने का काम करेगी। उन्होंने कहा की यहां के सांसद नायब सैनी नहीं गायब सैनी हैं। उन्होंने कभी कुरुक्षेत्र लोकसभा के 9 हलकों की आवाज संसद में नहीं उठाई। न वे कभी गांव में जाते और न ही यहां की जनता की आवाज उठाते।

उन्होंने कहा कि वक्त आ गया है कि हमें कुरुक्षेत्र लोकसभा का विकास करना है। पेहवा में, शाहाबाद में, थानेसर में, लाडवा, रादौर में, कलायत, गुहला, पूंडरी और कैथल में विकास कार्य करवाने हैं। मूलभूत सुविधाओं की कमी है, अच्छे अच्छे स्कूल नहीं, अस्पताल नहीं है। सरकारी स्कूलों की हालत खस्ता है। यहां की जनता की आवाज लोकसभा तक उठाने का काम करूंगा। उन्होंने कहा कि मेरी हमेशा से ही सामाजिक कार्यों में रुचि रही है। मैं कुरुक्षेत्र में बन रहे ज्ञान मंदिर, अन्न क्षेत्र ट्रस्ट द्वारा बनाई का रही धर्मशाला का चेयरमैन भी हूं। वहीं कुरुक्षेत्र में 2 एकड़ जमीन लेकर अग्रसेन धर्मार्थ ट्रस्ट द्वारा गरीबों की सेवा के लिए बनाए जाने वाले अस्पताल का भी मैं चेयरमैन हूं।

उन्होंने कहा कि मैं शिक्षा और चिकित्सा के क्षेत्र में धर्मार्थ कार्यों ने जुड़ा रहा हूं। मेरा गांव कुरुक्षेत्र से आधे घंटे की दूरी पर जींद जिले में शामलो कलां है। कुरुक्षेत्र में भी मेरा घर है। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि नायब सैनी की तरह गायब नहीं रहूंगा, हर दुख सुख की घड़ी में आपके बीच रहकर जनसेवा करूंगा।

उन्होंने कहा कि मैं बहुत ही सादा जीवन जीता हूं। पेहवा से लेकर कैथल तक और रादौर से लेकर कुरुक्षेत्र तक बहुत से व्यापारी दिल्ली और मुंबई तक और विदेशों तक व्यापार करते हैं। मैं भारत सरकार से तो कुरुक्षेत्र लोकसभा के लिए पैसे लाऊंगा ही, इसके साथ व्यापारियों से भी झोली फैलाकर क्षेत्र में अस्पताल खोलने समेत जनसेवा के सभी कार्यों के लिए पैसे लाने का काम करूंगा।

उन्होंने कहा कि आज लोकतंत्र बचाने की लड़ाई है। देश को बचाने की लड़ाई है। इंडिया गठबंधन जनता के साथ मिलकर लोकतंत्र और संविधान को बचाने की लड़ाई लड़ेगा। आप और हम मिलकर जीतोड़ मेहनत करेंगे और जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का काम करेंगे। जनता भी बदलाव चाहती है। उन्होंने कहा की मैं आपको बता देना चाहता हूं अरविंद केजरीवाल ने मुझे सिखाया है या तो जनता से डरना है और या भगवान से डरना है। संसद में कुरुक्षेत्र की आवाज गूंजेगी।

आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व मंत्री बलबीर सैनी ने कहा कि “इंडिया” गठबंधन के तहत कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता कोने कोने से से पहुंचे हैं। आज पेहवा में चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया गया। उन्होंने कहा कि प्रजातंत्र में चुनाव तो होते रहते हैं, लेकिन इस बार का लोकसभा चुनाव बहुत ही महत्वपूर्ण चुनाव है।

उन्होंने कहा कि आज इस भारतवर्ष के संविधान और लोकतंत्र को तोड़ा मरोड़ा जा रहा है। देश के संविधान और लोकतंत्र से खिलवाड़ किया जा रहा है। एक निरंकुश राजा की तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के लोकतंत्र को बंधक बना लिया है। संविधान को मनमाफिक तोड़ा मरोड़ा जा रहा है। क्या हमारे देशभक्तों ने भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु ने हंसते हंसते फांसी का फंदा चूम लिया था। क्या ये दिन देखने के लिए उन्होंने अपनी कुर्बानी दी थी ?

उन्होंने कहा कि देश के शहीदों का सपना था कि देश के युवाओं को रोजगार मिलेगा। लोकतांत्रिक प्रणाली से चुनाव होंगे। मीडिया स्वतंत्र होगा। देश में हर बच्चे को शिक्षा मिलेगी। इंडिया गठबंधन कुर्सी के लिए नहीं बना, देश और लोकतंत्र को बचाने के लिए इंडिया गठबंधन बना है। इंडिया गठबंधन देश को बचाने की लड़ाई है। देश को बचाना है तो बदलाव लाना पड़ेगा।

error: Content is protected !!