गुडग़ांव, 17 फरवरी (अशोक): प्रदेश के सेवानिवृत प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षाविदों व बुद्धिजीवियों ने हरियाणा बनाओ अभियान शुरु किया हुआ है। इस अभियान में कई पूर्व प्रशासनिक अधिकारी भी शामिल हैं। उनकी मांग है कि हरियाणा का अलग उच्च न्यायालय व राजधानी हो। ये लोग प्रदेश के विभिन्न शहरों में जाकर अपनी मांग से अन्य लोगों को भी अवगत करा रहे हैं।

इसी क्रम में गुरुग्राम जिला बार एसोसिएशन के सहयोग से बार के सर शादीलाल हॉल परिसर में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बार के पदाधिकारी व सदस्य भी शामिल हुए। एसोसिएशन ने भी उनकी मांगों का समर्थन किया। इस अभियान में शामिल महेंद्र सिंह चोपड़ा, एसएन वशिष्ठ सेवानिवृत्त,  रणधीर सिंह बधरान,, आरआर जोवेल, आरएन मलिक, प्रसिद्ध कवि सुरेंद्र शर्मा कवि, सुरेंद्र बैरागी आदि शामिल हुए और उन्होंने अभियान का समर्थन किया। सुरेंद्र शर्मा, आरआर जोवेल और आरएन मलिक ने कहा कि यदि उनकी मांगों को मान लिया जाता है तो हरियाणा के लोगों को प्रशासनिक और न्यायिक सेवाओं का लाभ उठाने में बड़ी सुविधा मिलेगी। उनका कहना है कि उच्च न्यायालय तक पहुंचने के लिए प्रदेशवासियों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती है।

पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय में लाखों मामले लंबित होने के कारण हरियाणा के लोगों को न्याय के लिए लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अमरजीत यादव, अधिवक्ता रविकांत, यादवेंद्र श्योराण, गोपाल गोयत, भारत भूषण आदि का सहयोग रहा। 

error: Content is protected !!