बिप्लब बोले-कार्यकर्ता के लिए सब संभव, जीत तय

नायब सैनी ने भी दिया कार्यकर्ताओं को घर-घर पहुंचने का टास्क

चंडीगढ़, 3 फरवरी। फरीदाबाद के सूरज कुंड में ‘‘गांव चलो अभियान’’ के लिए बुलाई गई भाजपा प्रदेश पदाधिकारियों की कार्यशाला में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कार्यकर्ताओं को हर बूथ जीतने का लक्ष्य दिया, तो प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब ने भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए सब कुछ संभव बताया। मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने कहा कि सभी सीटें जीतना तो तय है, लेकिन सभी बूथ जीतेंगे तो ही सभी कार्यकर्ताओं के मन में जीत की खुशी होगी। जबकि बिप्लब देब ने भी दसों सीटें जीतने का दावा करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए कुछ भी असम्भव नहीं है। तीन घंटे से अधिक समय तक चली इस बैठक में प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी ने भी गांव चलो अभियान के तहत आगामी दिनों में 24 घंटे बूथों पर रहने वाले 350 पदाधिकारियों को हर घर मोदी-मनोहर की योजनाओं को पहुंचाने का टास्क दिया।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि भाजपा सबसे बड़ी लोकतांत्रित पार्टी है और भाजपा का लगातार विस्तार हो रहा है। पार्टी कैसे सुदृद्ध बनें, कैसे सर्वस्पर्शी बनें इस पर हमें फोकस रखना है। उन्होंने कहा कि चुनाव तो आते-जाते रहते हैं और परिस्थितियों के अनुसार समाज की अपेक्षाएं बदल जाती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने में तकनीक की मदद लेनी होगी।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि देश में करोड़ों की संख्या में लाभार्थी हैं। हरियाणा की 2.80 करोड़ जनता में से 1.40 करोड़ लोग ऐसे हैं जिन्होंने योजनाओं का लाभ मिला है, इसलिए तकनीकी के माध्यम से इन लोगों को लाभ दिलाना और डाटा भेजना आसान हो गया है। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नमो और सरल एप पर जो काम करें उसे तुरंत अपडेट करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 चुनाव में हमें 34 प्रतिशत वोट मिले और 47 सीटें आईं। 2019 में 37 प्रतिशत वोट मिले और 40 सीटें जीती। हमारा वोट प्रतिशत बढ़ा, लेकिन सात सीटें कम हो गई। इसलिए एक-एक व्यक्ति से संपर्क कर एक-एक वोट लेना जरूरी है। उन्होंने कहा कि बूथ की माइक्रोमैनेजमेंट करनी है। गांव चलो अभियान के माध्यम से लोगों से संपर्क कर उपलब्ध्यिां बतानी है और पार्टी के पक्ष में वातावरण बनाना है।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि जनता भी कहती है कि भाजपा ही आएगी और नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे। यहां उन्होंने कार्यकर्ताओं को जरूरी सलाह देते हुए कहा कि हमें अति विश्वास से बचना है। बूथ जीतने पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सभी सीटें तो जीत लेंगे, लेकिन हर बूथ को जीतने सही सभी कार्यकर्ताओं को जीत की खुशी मिल पाएगी। 2014 और 2019 के लोकसभा और विधानसभा चुनाव में जो वोट मिले उसके हिसाब से बूथों का वर्गीकरण करके विश्लेषण करें और हर बूथ पर एक कदम आगे बढ़कर काम करें, ताकि पहले से ज्यादा वोट भाजपा को मिल सके।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि गांव चलो अभियान के तहत लाभार्थियों से संपर्क करें और उनकी मन की बात जानें। उन्होंने कहा कि हम बार-बार लोगों से मिलेंगे तो जो हमारे नहीं हैं वे भी हमारे हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि हर बूथ पर 51 प्रतिशत से ज्यादा मत सुनिश्चित करना है। विकसित भारत यात्रा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि हर वार्ड, हर गांव तक यह यात्रा पहुंची है और लोगों को सरकार की योजनाओं से जोड़ा है। उन्होंने कहा कि जो कभी सपने में भी नहीं सोच सकते थे वह काम प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी वाली गाड़ी ने करके दिखाया है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि आज उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने अतुलनीय 9 वर्ष पुस्तक का विमोचन किया है। इस पुस्तक को पढ़कर हमें भी संतुष्टि होती है कि हमने भी प्रदेश के लिए बहुत कुछ किया है।

अहंकार से बचें कार्यकर्ता, जीत तय: बिप्लब देब ……….बोले मोदी में दिखती है चक्रवर्ती सम्राट अशोक की छवि

फरीदाबाद : कार्यशाला में बोलते हुए प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब ने कहा कि लोकसभा चुनाव सिर पर आ गए हैं। हमें जनसंपर्क अभियान को और तेज करना है। कार्यकर्ता लोगों के बीच जाकर सार्थक संवाद करें और अहंकार की बातों से बचें। उन्होंने कहा कि आज लोग बीजेपी को पसंद कर रहे हैं। आने वाले समय में सभी बीजेपी में ही आने वाले हैं, क्योंकि भाजपा की राजनीतिक छवि बहुत अच्छी है।

यहां बिप्लब देब ने कांग्रेस को निशाना पर लेते हुए कहा कि कांग्रेस की राजनीतिक समीकरण किसी के समझ में नहीं आता, इसलिए दूसरी पार्टियों से बड़े नेता भाजपा में आ रहे हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकाअर्जुन खड़गे खुद बोल रहे हैं कि मोदी जी आ रहे हैं और 400 सीटें जीत रहे हैं, इसलिए हमें बोलने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि 65 साल में कांग्रेस ने जो किया उससे कहीं ज्यादा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 10 साल में करके दिखा दिया है।

बिप्लब देब ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की स्पीड की तुलना कांग्रेस से नहीं हो सकती। एक तरफ 60 साल बदहाली के और दूसरी तरह 10 साल तरक्की के हैं। सभी को पता है 10 साल में मोदी जी ने कितना काम किया है, क्योंकि मोदी की स्पीड़ बहुत तेज है। 2014 में सत्ता में जब मोदी जी आए हमारी इकोनॉमी कहीं नजर नहीं आती थी। उन्होंने कहा कि इन दस सालों में पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की सबसे बड़ी पांचवी अर्थव्यवस्था वाला देश बना और जल्द ही भारत तीसरी अर्थव्यवस्था वाला देश होगा। बिप्लब देब ने कहा कि जो जल्दी तरक्की करता है लोग उसे ही चाहते हैं।

प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल की प्रशंसा करते हुए बिप्लब देब ने कहा कि मोदी और मनोहर दोनों ही संगठन मंत्री थे। संगठन मंत्री से प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री बनने वाले दोनों ही नेता सफल रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पूरी तरह से अपने आपको पार्टी के प्रति समर्पित किया है।

बिप्लब देब ने कहा कि कांग्रेस कहती है कि दूसरी पार्टी छोड़कर जो भाजपा में चला जाता है वह शुद्ध हो जाता है। उन्होंने कहा कि हमारे नेता मोदी जी गंगा की तरह पवित्र हैं, इसलिए लोग मोदी के नेतृत्व में काम करने के इच्छुक हैं और भाजपा में आ रहे हैं। जैसे कोई कितने भी पाप करके गंगा में डुबकी लगा ले और वह शुद्ध हो जाता है उसी तरह भाजपा भी गंगा की तरह है यहां जो आएगा वह शुद्ध हो जाएगा क्योंकि भाजपा चरित्र निर्माण करने वाली पार्टी है। बिप्लब कुमार देब ने कहा कि हमें 10 की 10 लोकसभा सीटें जीतनी है और तीसरी बार केंद्र व हरियाणा में भाजपा की सरकार बनानी है।

बिप्लब कुमार देब ने कहा कि मुझे मोदी जी में सम्राट अशोक दिखते हैं। सम्राट अशोक भी प्रखर राष्ट्रवादी थे और प्रधानमंत्री मोदी भी राष्ट्रवादी हैं। सम्राट अशोक की तरह ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी अपने राष्ट्र को सशक्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा कर यह सिद्ध कर दिया कि प्रधानमंत्री मोदी जी सम्राट अशोक की तरह हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के 10 साल के शासनकाल में 25 करोड़ लोग गरीबी की रेखा से उपर उठे हैं। जबकि कांग्रेस के समय में गरीबी बढ़ी थी। लोगों को भाजपा पर पूरा विश्वास है और भाजपा सभी वर्गों को साथ लेकर चलने वाली पाटी है। उन्होंने कहा कि चुनाव में मोदी का मंत्र और मोदी की गारंटी ही काम आएगी। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर काम करेंगे तो लोकसभा चुनाव में भाजपा की सीटें 400 पार हो जाएगी। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पीओके की 24 सीटें भी जल्द ही हमारे पास आएंगी और उन्हें मोदी ही लेकर आएंगे। राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के बाद पूरा देश प्रधानमंत्री मोदी के साथ है।

नायब सैनी ने दिया घर-घर पहुंचने का टास्क

प्रदेश अध्यक्ष नायब सिंह सैनी ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि गांव चलो अभियान के तहत पहले 7 और 8 फरवरी को प्रदेश के 311 मंडलों में मंडल कार्यशालाएं होगी तथा 350 पदाधिकारी मंडलों में जाएंगे और कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करेंगे। उन्होंने कहा कि 9 और 10 फरवरी को कार्यकर्ता 24 घंटों के प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान प्रवासी कार्यकर्ता हर बूथ पर कार्यकर्ताओ से मिलेंगे।

नायब सैनी ने कहा कि गांव चलो अभियान के तहत प्रवास चार चरणों में होगा। इस दौरान कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे और बूथ की जानकारी लेंगे। उन्होंने कहा कि प्रवास के दौरान ही वहां के प्रमुख लोगों के साथ-साथ धार्मिक और सामाजिक लोगों से भी मुलाकात करनी है। उन्होंने कहा कि मंदिर, गुरूद्वारा, शहीद स्मारकों पर सफाई अभियान के तहत साफ सफाई करनी है।

कार्यशाला में प्रदेश महामंत्री मोहन लाल बड़ौली, डा. अर्चना गुप्ता ने मंच संचालन किया। पूर्व मंत्री विपुल गोयल ने कार्यशाला में नारी शक्ति वंदन पर अपने विचार रखें, वहीं डा. पवन सैनी ने गांव चलो अभियान की रूपरेखा समझाई और जवाहर सैनी ने विश्वकर्मा योजना के बारे में विस्तार से बताया। यहां पहुंचने पर फरीदाबाद के जिला अध्यक्ष राजकुमार वोहरा ने सभी नेताओं का स्वागत किया।

इस मौके पर संगठनमंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, गृहमंत्री अनिल विज, कृषि मंत्री जेपी दलाल, मंत्री डा. बनवारी लाल, मंत्री कमलेश ढांडा, विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, मंत्री संदीप सिंह, मंत्री मूलचंद शर्मा, सांसद रमेश कौशिक, सांसद संजय भाटिया, सांसद धर्मबीर सिंह, राज्यसभा सांसद कृष्ण पंवार, डीपी वत्स, प्रदेश महामंत्री मोहन लाल बडौली, डा. अर्चना गुप्ता, सुरेंद्र पुनिया, रणबीर गंगवा, पूर्व मंत्री रामबिलास शर्मा, पूर्व मनीष ग्रोवर, अशोक तंवर, फरीदाबाद विधायक राजेश नागर, सीमा त्रिखा, नरेंद्र गुप्ता, दीपक मंगला, प्रवीण डागर, जगदीश नायर सहित अनेक विधायक व पदाधिकारी उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!